Ratlam News: रंगपंचमी से पहले पुलिस सख्त: चाकूबाजी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पैदल न्यायालय ले जाकर निकाला जुलूस

रतलाम में चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पैदल न्यायालय ले जाकर जुलूस निकाला। रंगपंचमी से पहले पुलिस की सख्ती, सभी आरोपियों को जेल भेजा गया।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: होली और धुलेंडी के दौरान शहर में हुए उत्पात के बाद पुलिस अब रंगपंचमी को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में शराब ठेकेदार पर हुए चाकू हमले के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो देखे

पुलिस ने सभी आरोपितों को पैदल न्यायालय तक ले जाकर उनका जुलूस निकाला और बाद में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं –

  • महेंद्र पिता जितेंद्र परिहार (22) निवासी वीर सावरकर मार्ग रतलाम
  • ओमसिंग पिता जितेंद्र परिहार (18 वर्ष 3 माह) निवासी मित्र निवास कॉलोनी रतलाम
  • निरंजन पिता उदयसिंह परिहार (18 वर्ष 11 माह) निवासी गीता मंदिर रतलाम
  • रेहान पिता नासिर कुरैशी (20) निवासी अर्जुन नगर रतलाम

होलिका दहन के दिन हुआ था विवाद

यह घटना 3 मार्च को होलिका दहन के दिन स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के गीता मंदिर रोड स्थित तखतमल पोहे वाली गली में हुई थी। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था।

बताया गया कि सड़क पर खड़ी बाइक हटाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में चाकूबाजी और मारपीट में बदल गई।

शराब ठेकेदार और बेटे पर हमला

गुलमोहर कॉलोनी निवासी शराब ठेकेदार महेंद्र जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह 3 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे अपने बेटे प्रथम जायसवाल के साथ कार से स्टेशन रोड स्थित उजाला पैलेस जा रहे थे।

तखतमल पोहे वाली गली में एक बुलेट बाइक रास्ते में खड़ी थी, जिससे वाहन निकालने में परेशानी हो रही थी। हार्न बजाने पर घर से महेंद्रसिंह परिहार और उसका भाई ओमसिंग बाहर आए और वाहन हटाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान ओमसिंग ने चाकू से महेंद्र जायसवाल के बाएं हाथ की भुजा पर वार किया, जबकि महेंद्रसिंह ने दाहिने हाथ की हथेली पर हमला कर दिया।

बेसबाल और बैट से भी किया हमला

विवाद बढ़ने पर घर से तीन अन्य लोग भी बाहर आ गए। उनके हाथों में बेसबाल और बैट थे। एक आरोपी ने महेंद्र जायसवाल के दाहिने पैर पर वार किया।

इस दौरान आरोपियों ने प्रथम जायसवाल के साथ भी मारपीट की, हालांकि उसने बैट पकड़कर खुद को बचा लिया।

मारपीट में गिरी सोने की चेन और अंगूठी का हीरा

मारपीट के दौरान प्रथम जायसवाल की सोने की चेन और महेंद्र जायसवाल की अंगूठी का हीरा गिर जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महेंद्र जायसवाल के साथी मौके पर पहुंच गए थे, जिससे क्षेत्र में करीब एक घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही।

गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश

घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर पैदल न्यायालय ले जाया गया और उनका जुलूस निकाला गया। बाद में उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई

जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आदतन अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

1 जनवरी 2025 से अब तक पुलिस की प्रमुख कार्रवाई:

  • 2579 आदतन अपराधियों को चिन्हित किया गया
  • 2064 अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
  • 144 आरोपियों को जिलाबदर किया गया
  • 76 बदमाशों को हर सोमवार थाने में हाजिरी के लिए पाबंद किया गया
  • 9 आरोपियों पर धारा 141 BNSS के तहत कार्रवाई
  • 3 आरोपियों की जमानत निरस्त
  • 3 आरोपियों पर NSA के तहत कार्रवाई
  • 49 आरोपियों को गुंडा सूची और 13 को निगरानी बदमाश सूची में शामिल किया गया

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।