Ratlam News: रतलाम में गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केटिंग का खुलासा, 2000 रुपये में बेच रहे थे एजेंसी के ड्राइवर और हॉकर

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच ब्लैक मार्केटिंग का मामला सामने आया है। प्रशासन की टीम ने शनिवार दोपहर शास्त्री नगर स्थित सिविक सेंटर पर दबिश देकर घरेलू गैस सिलेंडर को दो हजार रुपये में ब्लैक में बेचने का खुलासा किया।

वीडियो देखे

टीम के पहुंचते ही गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचने वाला लोडिंग वाहन का ड्राइवर आकाश राव और हॉकर कमल मौके से फरार हो गए। इसके बाद अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक को मौके पर बुलाकर पंचनामा बनाते हुए कार्रवाई की।

शिकायत के बाद प्रशासन की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार प्रशासन को शिकायत मिली थी कि सज्जनमिल रोड स्थित अल्पा गैस सर्विस का लोडिंग वाहन सिविक सेंटर क्षेत्र में खड़ा रहता है और वहीं से बिना बुकिंग के घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने शास्त्री नगर के सांई मंदिर के पास सिलेंडर लेकर जा रहे ग्राहकों से पूछताछ की। ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने दो हजार रुपये देकर सिलेंडर खरीदा है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

टोकन और ओटीपी नहीं दिखा पाए ग्राहक

कार्रवाई के दौरान दो बाइक सवार सिलेंडर लेकर जाते मिले। अधिकारियों ने उनसे टोकन मांगा, लेकिन वे टोकन या ओटीपी नहीं दिखा पाए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि लोडिंग वाहन के ड्राइवर आकाश ने उन्हें 2000 रुपये में सिलेंडर दिया है।

मामला खुलते ही ड्राइवर आकाश राव मौके से फरार हो गया, जबकि हॉकर कमल भी थोड़ी देर बाद वहां से भाग निकला।

एजेंसी संचालक को बुलाकर बनाया पंचनामा

इसके बाद अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक अंशुल पीपाड़ा को मौके पर बुलाया। उनके आने के बाद पंचनामा तैयार किया गया और पूरी कार्रवाई दर्ज की गई।

कार्रवाई में नायब तहसीलदार प्राची गायकवाड़, नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडे और सहायक कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहानशामिल रहे। सहायक आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान ने बताया कि मामले में प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को भेजा जाएगा।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

इससे पहले 11 मार्च की रात नामली में भी प्रशासन ने छापामार कार्रवाई की थी, जहां महू रोड स्थित शहजाद मंसूरी के यहां से 31 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे और मामला दर्ज किया गया था।

अधिकृत कीमत 991 रुपये, ब्लैक में 2500 तक

बताया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर की अधिकृत कीमत 991 रुपये है, लेकिन शहर में इसकी कमी का फायदा उठाकर इसे 1500 से 2500 रुपये तक ब्लैक में बेचा जा रहा है।

लगातार सामने आ रहे मामलों से साफ है कि गैस सिलेंडर की कमी के बीच ब्लैक मार्केटिंग का नेटवर्क सक्रिय हो गया है, जिस पर प्रशासन अब सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram