रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के लूनी क्षेत्र के पास स्थित ग्राम खारवा कला में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाश सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खारवा कला निवासी आनंद पांचाल सोमवार रात करीब 11 बजे अपने घर पर ताला लगाकर दूसरे मकान में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह वे अपने परिवार के साथ होरी हनुमान मंदिर दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनके सूने मकान को निशाना बना लिया।
दोपहर करीब 1 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।
चोर अलमारी से करीब 250 ग्राम चांदी के पायजब, 250 ग्राम का कंदोरा, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, कान के झुमके और लगभग 40 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर सुराग जुटाने में लगी हुई है।
