रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में राजस्थान के बाड़मेर के 5 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो देखे–
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, गजराज ट्रेवल्स की प्राइवेट स्लीपर बस जोधपुर से इंदौर जा रही थी। सुबह करीब 7 बजे रत्तागिरी फंटे के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बताया जा रहा है कि ट्रक का स्टीयरिंग फेल हो गया था, जिसके चलते ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा।
पीछे आ रही तेज रफ्तार बस का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सीधे ट्रक में जा घुसी। हादसे के वक्त हल्की बारिश भी हो रही थी, जिससे सड़क फिसलन भरी थी।
5 यात्री घायल, सभी बाड़मेर निवासी
इस हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान इस प्रकार है:
- शेरू (पिता सोलाराम)
- अंबाराम (पिता धुलाराम)
- राजू (पिता उगमा)
- विशाल (पिता हेमराज)
- कृष्णा (पिता जयराम)
सूचना मिलते ही सातरुंडा पुलिस चौकी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क निर्माण की खामी भी आई सामने
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में फोरलेन की मरम्मत की गई थी। सड़क पर डामर के साथ बारीक गिट्टी डाली गई है, जिससे वाहन फिसलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसे हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
पुलिस का बयान
सातरुंडा चौकी प्रभारी लोकेश डाबर ने बताया कि,
“ट्रक का स्टीयरिंग फेल होने के कारण ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए, इसी दौरान पीछे चल रही बस ट्रक में टकरा गई। पांच लोग घायल हुए हैं, मामले की जांच जारी है।”
जांच जारी, बस हटाई गई
हादसे के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया और यातायात सामान्य किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।