रतलाम मेडिकल कॉलेज के छात्र ने व्हाट्सएप ग्रुप में ‘बाय-बाय’ लिखकर जहरीला पदार्थ सेवन किया। रैगिंग और मानसिक तनाव से जूझ रहा था छात्र, इंदौर रेफर।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मेडिकल कॉलेज के एक छात्र ने व्हाट्सएप ग्रुप में ‘बाय-बाय’ मैसेज लिखने के बाद जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। गंभीर हालत में छात्र को इंदौर रेफर किया गया है। घटना के पीछे मानसिक अवसाद और कॉलेज से जुड़े विवादों को कारण माना जा रहा है।
WhatsApp ‘Bye-Bye’ मैसेज के बाद उठाया खौफनाक कदम
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। बंजली रोड स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज के 21 वर्षीय छात्र अमोलिक वर्मा ने रविवार को अपने साथियों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक भावुक संदेश भेजा। इस मैसेज में उसने अपने ऊपर लगे आईपैड चोरी के आरोपों पर सफाई दी और अंत में ‘बाय-बाय’ लिख दिया।
मैसेज पढ़ते ही दोस्तों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। तुरंत वे गंगासागर कॉलोनी स्थित उसके किराए के मकान पहुंचे, जहां अमोलिक बेसुध अवस्था में मिला।
गंभीर हालत में इंदौर रेफर
सहपाठियों ने बिना समय गंवाए छात्र को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रैगिंग केस और आरोपों से था परेशान
जानकारी के अनुसार अमोलिक सेकंड ईयर का छात्र है और अगस्त माह में हुए एक रैगिंग मामले में उसे छह महीने के लिए शैक्षणिक गतिविधियों से निलंबित किया गया था। इसके अलावा हाल ही में उस पर आईपैड चोरी का आरोप भी लगा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी दबाव में था।
करीबियों का कहना है कि वह लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहा था और मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग में उसका इलाज भी चल रहा था।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसआई ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि,
“पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। छात्र के मानसिक हालात और अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।”
मेडिकल छात्रों में बढ़ता मानसिक दबाव
यह घटना एक बार फिर मेडिकल छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और रैगिंग जैसी समस्याओं को उजागर करती है। पिछले कुछ वर्षों में देशभर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां छात्र तनाव और अवसाद के कारण गंभीर कदम उठा रहे हैं।