रतलाम के गुलाब चक्कर गार्डन में एक साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के पास कपड़ों से भरा बैग भी मिला। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और बच्ची को शिशु गृह भेज दिया गया है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के पुराने कलेक्ट्रेट स्थित गुलाब चक्कर गार्डन में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। तपती धूप में अकेली बैठी बच्ची लगातार रो रही थी और उसके पास कपड़ों से भरा एक बैग रखा हुआ था। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटना का वीडियो देखे
मामले की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के हवाले किया गया। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से बच्ची को छोड़ने वालों की तलाश में जुटी है।
आशा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान मिली बच्ची
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गुलाब चक्कर गार्डन परिसर में आशा और ऊषा कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं की नजर एक छोटी बच्ची पर पड़ी, जो अकेली बैठकर रो रही थी।
रत्तागढ़खेड़ा की आशा कार्यकर्ता शोभा पाटीदार ने बताया कि बच्ची के आसपास चींटियां लगी हुई थीं और वह काफी परेशान नजर आ रही थी। कार्यकर्ताओं ने तुरंत बच्ची को पानी पिलाया और बिस्किट खिलाकर शांत कराने की कोशिश की। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब कोई परिजन नहीं आया, तो पुलिस को सूचना दी गई।
बच्ची के पास मिला कपड़ों से भरा बैग
मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के आसपास जांच की तो उसके पास छोटे बच्चों के कपड़ों से भरा एक बैग मिला। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को जानबूझकर वहां छोड़कर जाया गया है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक प्रेम चौधरी ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। मेडिकल परीक्षण के बाद बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उसे शिशु गृह भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस स्थिति में बच्ची मिली, उससे यह मामला सामान्य नहीं लग रहा। फिलहाल बच्ची की देखभाल शिशु गृह में की जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन के मुताबिक, पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बच्ची को वहां कौन छोड़कर गया और उसके पीछे क्या वजह थी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही बच्ची के परिजनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल बच्ची सुरक्षित
फिलहाल बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और शिशु गृह में उसकी देखभाल की जा रही है। पुलिस जांच जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि CCTV फुटेज के जरिए जल्द ही बच्ची को छोड़ने वालों तक पहुंचा जा सकेगा।