सैलाना के शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई 9 लाख की सोने-चांदी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन सुरक्षा कवच के CCTV कैमरों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद किया गया।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सैलाना में हुई लाखों रुपए की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं।
वीडियो देखे
शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई थी बड़ी चोरी
जानकारी के अनुसार, सैलाना निवासी प्रेम जैन ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई 2026 की रात वे अपनी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स” बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जैन मंदिर के पुजारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचने पर दुकान के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले। दुकान से करीब 4.5 किलो चांदी के आभूषण और लगभग 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी पाए गए। चोरी गए माल की कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई।
CCTV कैमरों से मिला बड़ा सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने विशेष टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सैलाना, बिलपांक, रावटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगाए गए कैमरों में एक आरोपी दुकान के अंदर पीले प्लास्टिक कट्टे में ज्वेलरी भरते दिखाई दिया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता नजर आया।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के झकनावदा पहुंची। ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आनंद गुर्जर और विकास उर्फ फरीद हुसैन निवासी झकनावदा जिला झाबुआ बताए। दोनों ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा मशरूका, घटना में इस्तेमाल औजार, बिना नंबर की पल्सर बाइक, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खाली राउंड बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपी माल को करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे हुए थे।
कई और वारदातों का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने सैलाना के कीर्तिविहार, बिलपांक के हिंगलाज माता मंदिर, पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होना भी स्वीकार किया है।
इसके अलावा मंदसौर जिले के दलौदा से पल्सर बाइक और राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई है। संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश सहित थाना सैलाना, साइबर सेल और सीसीटीवी टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है और अवैध हथियारों के संबंध में अलग से जांच जारी है।