Ratlam News: सैलाना में विधायक कमलेश्वर डोडियार का औचक निरीक्षण: पेयजल संकट और बंद पड़े कामों पर फूटा गुस्सा, धरने की चेतावनी

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने वार्ड शिविर का औचक निरीक्षण कर पेयजल संकट, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे और अधूरे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई। सीएमओ को जल्द समाधान के निर्देश, नहीं तो धरने की चेतावनी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सैलाना में बुधवार को विधायक कमलेश्वर डोडियार ने वार्ड क्रमांक 3 में आयोजित वार्ड शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने पेयजल संकट, अधूरे निर्माण कार्य और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों जैसी कई समस्याएं विधायक के सामने रखीं। लोगों की शिकायतें सुनते ही विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई और जल्द समाधान नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी भी दी। वीडियो देखे पेयजल संकट से परेशान वार्डवासी वार्ड क्रमांक 3 के रहवासियों ने विधायक को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। नियमित जल सप्लाई नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ पर लगे गंभीर आरोप निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 2 में गली और नाली निर्माण कार्य को लेकर भी विवाद सामने आया। पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत ने सीएमओ मनोज शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार मांग और शिकायत करने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे पर विधायक ने भी नाराजगी जताई और अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर भी सख्त रुख वार्ड क्रमांक 3 में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े होने की शिकायत भी क्षेत्रवासियों ने विधायक के सामने रखी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए विधायक डोडियार ने तत्काल थाना प्रभारी को कैमरे चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा धरना निरीक्षण के दौरान विधायक कमलेश्वर डोडियार ने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे जनता के साथ धरना देने को मजबूर होंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल, पार्षद विशाल धभाई, कुलदीप कुमावत सहित परिषद के कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Ratlam News: सैलाना में 9 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा: CCTV ने खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

सैलाना के शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई 9 लाख की सोने-चांदी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन सुरक्षा कवच के CCTV कैमरों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद किया गया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सैलाना में हुई लाखों रुपए की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं। वीडियो देखे शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई थी बड़ी चोरी जानकारी के अनुसार, सैलाना निवासी प्रेम जैन ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई 2026 की रात वे अपनी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स” बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जैन मंदिर के पुजारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले। दुकान से करीब 4.5 किलो चांदी के आभूषण और लगभग 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी पाए गए। चोरी गए माल की कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई। CCTV कैमरों से मिला बड़ा सुराग घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने विशेष टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सैलाना, बिलपांक, रावटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगाए गए कैमरों में एक आरोपी दुकान के अंदर पीले प्लास्टिक कट्टे में ज्वेलरी भरते दिखाई दिया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता नजर आया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के झकनावदा पहुंची। ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया। आरोपियों ने कबूला जुर्म पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आनंद गुर्जर और विकास उर्फ फरीद हुसैन निवासी झकनावदा जिला झाबुआ बताए। दोनों ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा मशरूका, घटना में इस्तेमाल औजार, बिना नंबर की पल्सर बाइक, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खाली राउंड बरामद किए। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपी माल को करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे हुए थे। कई और वारदातों का खुलासा पूछताछ में आरोपियों ने सैलाना के कीर्तिविहार, बिलपांक के हिंगलाज माता मंदिर, पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होना भी स्वीकार किया है। इसके अलावा मंदसौर जिले के दलौदा से पल्सर बाइक और राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई है। संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश सहित थाना सैलाना, साइबर सेल और सीसीटीवी टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है और अवैध हथियारों के संबंध में अलग से जांच जारी है।

Ratlam News: 17 दिन बाद हिस्ट्रीशीटर गजनी गिरफ्तार, जुलूस में मुंह छुपाता रहा

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बोहरा समाज के किराना व्यापारी से रंगदारी वसूलने के आरोपित कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गजनी उर्फ दिनेश गुर्जर को 17 दिन बाद पुलिस ने रतलाम के अमृत सागर तालाब क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल दिलीप मार्ग ले जाकर गजनी का जुलूस निकाला। पैदल थाने ले जाते समय वह लगातार मुंह छुपाकर चलता रहा। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। उसका साथी कमलेश जाट अभी फरार है। दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर दबिश एसडीओपी नीलम बघेल के मुताबिक, गजनी को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई दिनों तक लगातार प्रयास किए। बुधवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि वह अमृत सागर क्षेत्र में घूम रहा है। थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में टीम रतलाम पहुँची और घेराबंदी की। भागने की कोशिश में जुटे गजनी को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया गया।सैलाना लाते समय पुलिस वाहन में खराबी आने पर उसे पैदल ही थाने तक ले जाया गया।कार्रवाई में एसआई देवड़ा, प्रधान आरक्षक पप्पू वाघेला, आरक्षक फकीरचंद्र सोलंकी, तूफान भूरिया और अजित चौहान शामिल रहे। व्यापारी से मांगी थी 20 हजार की रंगदारी 17 नवंबर की शाम गजनी और उसका साथी कमलेश जाट दिलीप मार्ग स्थित किराना दुकान में घुसे थे। व्यापारी काईद बोहरा के मुताबिक आरोपितों ने 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। मना करने पर दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।इस दौरान हाथिम बोहरा और तैयब अली बोहरा के साथ भी गेंती के हत्थे और हाथ-मुक्कों से हमला किया गया, जिसमें उन्हें हाथ और गर्दन पर चोट आई। घटना के बाद बोहरा समाज थाने पर बड़ी संख्या में जुटा था और सैलाना बंद की चेतावनी दी गई थी। मामले में एसपी अमित कुमार ने दोनों बदमाशों पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज गजनी थाने की गुंडा लिस्ट में शामिल है और उस पर कई संगीन मामले लंबित हैं— पुलिस का वर्जन “किसी अपराधी की दादागिरी नहीं चलने दी जाएगी। गजनी को मुखबिर सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। उसका साथी भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”— नीलम बघेल, एसडीओपी सैलाना

Ratlam News: भोपाल के ईरानी गैंग ने रतलाम में की ठगी: नकली पुलिस बनकर वृद्ध से सोने की चेन और अंगूठी लूटी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News:  सैलाना में पुलिस बनकर वृद्ध से सोने के आभूषण ठगने वाले गिरोह का खुलासा हो गया है। पुलिस जांच में यह मामला भोपाल के कुख्यात ईरानी गैंग का निकला है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचान होने के बाद पुलिस टीम भोपाल पहुंची, लेकिन नाकेबंदी के दौरान आरोपित आभूषण छोड़कर भाग निकले। एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 22 अक्टूबर को सैलाना निवासी सुशील शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे सुबह लगभग 9 बजे शंकर मंदिर, गोविंद कुंड से दर्शन कर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में रुद्र पेट्रोल पंप के पास दो अज्ञात व्यक्ति मिले, जिन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने वृद्ध से कहा कि इलाके में चोरी हुई है, इसलिए सोने की चेन और अंगूठी उतारकर रख लें। आरोपितों ने जेवर पुड़िया में बांधकर देने का नाटक किया और नकली पुड़िया थमा कर असली जेवर ले उड़े। शर्मा को घर पहुंचने पर ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। टीम बनी, सीसीटीवी से मिली बड़ी सुरागएएसपी राकेश खाखा और एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना प्रभारी पिंकी अजनार और निरीक्षक सुरेंद्र गडरिया की टीम ने मौके और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने ट्रैकिंग करते हुए आरोपितों को जावरा से हुसैन टेकरी रोड तक ट्रेस किया। जांच में यह सामने आया कि ये दोनों ईरानी गैंग के सदस्य हैं, जो भोपाल, दिल्ली और मुंबई में सक्रिय हैं। सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो…!पुलिस जब भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र में उनके ठिकाने पर पहुंची, तो आरोपितों को भनक लग गई। उन्होंने कुछ दूरी पर खड़े पुलिस जवान की ओर कागज की पुड़िया फेंकते हुए कहा — “हम तुम्हारा सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो।” इतना कहकर वे बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि बाइक क्रमांक MP-04-YD-2092 को ट्रेस करने पर उसका मालिक सईद पुत्र रईस खान निवासी कोहेफिजा, नशेमन गार्डन, भोपाल निकला। पुलिस का कहना है कि यह वही गैंग है जो देशभर में नकली पुलिस बनकर ठगी की वारदातें करता है। कार्रवाई में शामिल अधिकारी:एसआई आनंद बागवान, वीरसिंह देवड़ा, प्रधान आरक्षक नरेंद्रसिंह झाला, आरक्षक फकीरचंद, दिनेश पाटीदार और रंजीत सोलंकी की विशेष भूमिका रही।

Ratlam News: एक माह में नहीं मानी प्रशासन ने बात तो कलेक्टर के चैंबर में घुसकर ला देंगे पसीना : सैलाना विधायक डोडियार का चेतावनी भरा ऐलान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा से कांग्रेस विधायक कमलेश्वर डोडियार एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। सोमवार को रतलाम कलेक्ट्रेट पर ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए डोडियार ने खुले मंच से चेतावनी दी कि अगर एक माह में समाधान नहीं हुआ तो वे कलेक्टर के चैंबर में घुसेंगे और “पसीना ला देंगे”। डोडियार ने प्रशासन को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, “हमने निवेदन कर लिया, अब चेतावनी दे रहे हैं। अगली बार चैंबर में घुसेंगे। गोबर, कीचड़, जो भी लाना पड़े लाएंगे। शिकायतों की माला पहनाकर समाधान करवाएंगे।” ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन सैकड़ों ग्रामीणों के साथ विधायक डोडियार ने रतलाम कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन से पहले ग्रामीण कोर्ट चौराहा पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला। “जय जोहार”, “जल-जमीन की रक्षा कौन करेगा – हम करेंगे” जैसे नारों के साथ ग्रामीणों ने तख्तियां हाथों में लीं और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। डोडियार ने 29 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन रतलाम की डिप्टी कलेक्टर प्राची हरित को सौंपा, जो मुख्यमंत्री के नाम संबोधित था। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में सैलाना विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों को पेयजल, सड़क, और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझना पड़ता है। कलेक्टर पर तीखा हमला, पुराना विवाद फिर चर्चा में विधायक डोडियार का यह कोई पहला विवादित बयान नहीं है। दिसंबर 2024 में भी उन्होंने कलेक्टर राजेश बाथम पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उस वक्त डोडियार ने कहा था – “तेरे बाप का राज है क्या? कोई भी जिला तेरे हिसाब से नहीं, कानून से चलेगा।” साथ ही उन्होंने कलेक्टर के जाति प्रमाण पत्र पर भी सवाल उठाए थे। इस तरह के बयानों को लेकर डोडियार प्रशासनिक महकमे और राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा में बने हुए हैं। अब उन्होंने कलेक्टर के कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सीधा हमला बोला है और साफ कहा है कि अगर समाधान नहीं हुआ तो अगली बार आंदोलन और तीव्र होगा।

Ratlam News: रतलाम-सैलाना रोड पर नकली पिस्टल से लूट: चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने लाइटर पिस्टल समेत मोबाइल, नकदी की जब्ती की

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क| Ratlam news: रतलाम-सैलाना मार्ग पर बीती रात दो युवकों के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात हुई। धामनोद स्थित साईं मंदिर के पास चार बदमाशों ने मोटरसाइकिल और स्कूटी से रास्ता रोककर कनपटी पर पिस्टल अड़ाई और दोनों युवकों से नकदी, मोबाइल और पर्स लूट लिए। हालांकि जांच में पता चला कि बदमाशों द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्टल असली नहीं बल्कि लाइटर थी। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कैसे दिया वारदात को अंजामफरियादी रोहित सोनी ने थाना सैलाना पर रिपोर्ट दी कि वह अपने दोस्त राजेश पाटीदार के साथ होटल प्रेमवाटिका से खाना खाकर सैलाना लौट रहा था। रास्ते में धामनोद साईं मंदिर के पास चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को रोक लिया। एक आरोपी ने रोहित की कनपटी पर पिस्टल अड़ा दी और दोनों से रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। बदमाश वारदात के बाद रतलाम की ओर फरार हो गए। पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तारएसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा और एसडीओपी नीलम बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह गडरिया और चौकी प्रभारी उनि आनंद बागवान ने विशेष टीम बनाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पतारसी करते हुए आरोपियों का पता लगाया। आरोपी मुखर्जी नगर के एक किराए के मकान में रुके हुए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार किया। जप्ती में नकदी, मोबाइल और ‘पिस्टल लाइटर’पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई नकदी ₹5200, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और लूट में प्रयुक्त नकली पिस्टल (लाइटर) बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी: इनकी रही सराहनीय भूमिका:निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह गडरिया, उनि आनंद बागवान, सउनि शिवजी यादव, प्रआर अनिरुद्ध सिंह, प्रआर हेमंत जाट, प्रआर संदीप भदौरिया, आर. अर्जुन मकवाना, आर. तुफान भूरिया, यशपाल धनगर, विजय मोहनिया, मुकेश मेघवाल, फकीरचंद, दिनेश पाटीदार और राजू निनामा।

Ratlam News: सैलाना पुलिस ने 25 किलो डोडाचूरा के साथ युवक को किया गिरफ्तार, 1 लाख का मशरूका जब्त

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, मादक पदार्थों के खिलाफ रतलाम पुलिस की सख्ती जारी रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रही सख्त कार्रवाई के तहत सैलाना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सैलाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 25 किलो डोडाचूरा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। यह कार्रवाई 4 मई 2025 को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह गडरिया व उनकी विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी का विवरण: जब्त माल (मश्रूका): आरोपी के खिलाफ थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 193/2025 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में विशेष भूमिका निभाने वाले अधिकारी:निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह गडरिया (थाना प्रभारी सैलाना), उप निरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक अनिरुद्ध सिंह, महेन्द्र सिंह, हेमन्त जाट, संदीप शेगोकर, संदीप सिंह भदोरिया, मुकेश मेघवाल, दिनेश पाटीदार, यशपाल धनगर, विजय, तुफान भुरिया और अर्जुन मकवाना।

Ratlam News: रतलाम एक्सप्रेस-वे बना तस्करी का ट्रैक : शराब से भरी कार लेकर भागा तस्कर, आबकारी टीम ने शिवगढ़ के पास दबोचा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन रतलाम एक्सप्रेस-वे अब शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल होने लगा है। शनिवार रात आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेलनपुर निवासी गौरव पोरवाल को शराब से भरी कार के साथ शिवगढ़ के पास गिरफ्तार किया। उसकी कार से 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बीयर जब्त की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरव पोरवाल नामक युवक अवैध रूप से शराब लेकर एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के निर्देशन में दो टीमें गठित की गईं। पहली टीम को धामनोद के पास और दूसरी को शिवगढ़ के पास तैनात किया गया। जब गौरव पोरवाल ने धामनोद पर तैनात टीम को देखा, तो वह घबरा गया और अपनी कार को तेजी से मोड़कर शिवगढ़ की ओर भाग निकला। लेकिन आबकारी विभाग की मुस्तैदी के चलते दूसरी टीम ने उसे शिवगढ़ के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिक्की से 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बीयर बरामद की गई। आरोपी गौरव पोरवाल के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। विभाग द्वारा आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में आबकारी उप निरीक्षक चेतन वेद के नेतृत्व में वंदना अग्रवाल, अर्पित पांडे, संतोष नेका, रामचरण पंवार, नगर सैनिक शंकर भूरिया और नरेंद्र भाटी शामिल रहे। टीम की तत्परता से शराब तस्करी की यह कोशिश नाकाम हो गई।

Ratlam News: केदारेश्वर महादेव मंदिर में चोरी का प्रयास, जलाधारी उखाड़ने वाला CCTV में कैद  

सैलाना- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सैलाना तहसील के ग्राम अडवानिया स्थित प्राचीन केदारेश्वर महादेव मंदिर का है, जहां अज्ञात व्यक्ति ने शिवलिंग की पीतल जलाधारी को उखाड़ने का प्रयास किया। जलाधारी भारी होने के कारण चोर उसे ले जाने में नाकाम रहा। CCTV फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति कैद हुआ है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।   CCTV में संदिग्ध कैद, पुलिस तलाश में जुटी   सोमवार सुबह सैलाना निवासी शिक्षक रामचंद्र चारेल मंदिर पहुंचे तो उन्होंने जलाधारी को उखड़ा हुआ पाया। उन्होंने तुरंत मंदिर के पुजारी जयप्रकाश त्रिवेदी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गड़रिया और तहसीलदार कैलाश कन्नौज पहुंचे और जांच शुरू की।   CCTV फुटेज में एक अर्धविक्षिप्त व्यक्ति नजर आ रहा है, जो पहले मंदिर की सीढ़ियों पर सोता दिखा और फिर लोटे से जलाधारी को खोदने की कोशिश करता नजर आया। पुलिस उसकी पहचान कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी संभव है।   दान पात्र सुरक्षित, चोरी की मंशा पर सवाल   मंदिर के पुजारी जयप्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि वर्ष 2016 में मंदिर में 35 किलो वजनी पीतल की जलाधारी और 32 किलो वजनी रेलिंग का निर्माण किया गया था। आश्चर्य की बात यह है कि चोर ने दान पात्रों को छुआ तक नहीं, जिससे उसकी मंशा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।   पुलिस जांच में जुटी   थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गड़रिया ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी।  

MP News: डॉक्टर पर कार्रवाई को लेकर विधायक कमलेश्वर डोडियार का अल्टीमेटम, 24 मार्च से आमरण अनशन की चेतावनी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा में भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने रतलाम जिला अस्पताल के डॉक्टर चंद्र प्रताप सिंह राठौर पर जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। उन्होंने डॉक्टर के निलंबन की मांग करते हुए कहा कि अगर 24 मार्च 2025 तक सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो वे विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे आमरण अनशन पर बैठेंगे।   विधायक डोडियार का आमरण अनशन का ऐलान   मध्य प्रदेश के रतलाम जिला अस्पताल के डॉक्टर चंद्र प्रताप सिंह राठौर के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर चेतावनी दी कि अगर 24 मार्च 2025 तक इस मामले में उनकी सुनवाई नहीं होती, तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।   जातिसूचक गाली देने का आरोप   विधायक डोडियार ने आरोप लगाया कि 5 दिसंबर 2024 को जब वे अपनी तबीयत खराब होने के कारण रतलाम जिला अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टर राठौर ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं। इस मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई। लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी डॉक्टर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।   सरकार पर लापरवाही का आरोप   विधायक ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा के पिछले सत्र में भी उठाया था, लेकिन अब तक डॉक्टर के निलंबन या अभियोजन की स्वीकृति को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि जांच अभी तक पूरी नहीं हुई, न ही न्यायालय में चालान पेश किया गया।   आदिवासी समाज में आक्रोश   विधायक डोडियार ने कहा कि यह सिर्फ उनका मामला नहीं है, बल्कि संपूर्ण भीलप्रदेश मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के आदिवासियों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की और कहा कि जब तक डॉक्टर को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक वे न भोजन करेंगे और न ही पानी ग्रहण करेंगे।   सरकार पर बढ़ा दबाव   इस मामले को लेकर आदिवासी समाज में भी भारी आक्रोश है। अगर सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है। अब यह देखना होगा कि 24 मार्च से पहले सरकार इस मामले में क्या निर्णय लेती है।