Ratlam News: संस्कार सप्ताह के तहत बजरंग दल ने आयोजित की ‘रन फॉर हेल्थ’

सैलाना – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: संस्कार सप्ताह के अंतर्गत बजरंग दल सैलाना प्रखंड द्वारा “रन फॉर हेल्थ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौड़ का शुभारंभ स्थानीय हायर सेकंडरी स्कूल से हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य  नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।  दौड़ के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सभी ने नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।  कार्यक्रम में विभाग संयोजक विनोद शर्मा ने मार्गदर्शन दिया। साथ ही, विभाग विशेष संपर्क प्रमुख मोहित चौबे, जिला गो रक्षा प्रमुख मुन्नू कुशवाह, जिला धर्म प्रसार प्रमुख और सैलाना प्रखंड पालक कुलदीप गुर्जर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।  यह आयोजन संस्कार सप्ताह के तहत जागरूकता फैलाने के लिए एक प्रेरणादायक कदम साबित हुआ।

Ratlam News: जनजाति गौरव दिवस पर जनजाति विकास मंच ने पटेल सम्मेलन आयोजित किया

सैलाना- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जनजाति विकास मंच, सैलाना विकास खंड द्वारा गांव के पटेलों का एक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को भव्यता से मनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता मांगीलाल खराड़ी ने भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए उनकी महानता का विस्तार से वर्णन किया। इस अवसर पर सैलाना के अनुविभागीय अधिकारी मनीष जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने भारत माता, भगवान बिरसा मुंडा और टंट्या मामा के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने पटेलों के अधिकारों पर चर्चा करते हुए गांवों में शांति और एकता बनाए रखने की अपील की। L जिला सह कार्यवाहक मोहन राणा ने समाज में व्याप्त दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर दिया। इसके अलावा, जिला संयोजक मांगीलाल खराड़ी ने जनजाति गौरव दिवस के महत्व को रेखांकित किया। तहसील संयोजक कैलाश भगत ने अपने वक्तव्य में ग्रामीणों को नशामुक्ति और हिंदू धर्म की रक्षा के लिए जागरूक किया। पेसा जिला समन्वयक दिनेश वसुनिया ने पेसा कानून की विशेषताओं, रुढ़िवादी परंपराओं और पारंपरिक ग्राम सभाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने गांवों में कानून की जागरूकता बढ़ाने के लिए पटेलों से आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के सैलाना ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने किया, जबकि ग्राम पंचायत कागसी के सरपंच समरथ भाभर ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए पटेलों ने हिस्सा लिया।

Ratlam News: बालम ककड़ी खाने से परिवार हुआ फूड प्वाइजनिंग का शिकार, 5 वर्षीय बालक की मौत, रखे ये सावधानियां

रात में सभी की तबीयत अचानक खराब हो गई और उल्टियां होने लगीं, रतलाम के सैलाना में सबसे ज्यादा होता है उत्पादन, खाने से पहले सावधानियां रखनी जरूरी रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: रतलाम के जड़वासा कलां गांव में कथित तौर पर बालम ककड़ी खाने से एक ही परिवार के पांच लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए, जिसमें 5 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। माता-पिता और दो बेटियां मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला फूड प्वाइजनिंग का दिखाई दे रहा है, जिसकी वजह से पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ी। जानकारी के अनुसार परिवार ने बालम ककड़ी खाई थी, जो सीजन में मिलने वाला एक स्थानीय फल है। परिवार के सदस्य  मांगीलाल पाटीदार ने अपनी पत्नी कविता, बेटियां दक्षिता, साक्षी और बेटे क्रियांश के साथ बालम ककड़ी खाई थी। रात में सभी की तबीयत अचानक खराब हो गई और उल्टियां होने लगीं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए रतलाम के मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां 5 वर्षीय क्रियांश की मौत हो गई, जबकि अन्य सदस्यों का इलाज जारी है। मृतक बालक के चाचा रवि पाटीदार ने बताया कि मांगीलाल तीन दिन पहले सैलाना-धामनोद रोड से बालम ककड़ी खरीदकर लाए थे। परिवार के सभी सदस्यों ने इसे एक साथ खाया, जिसके बाद यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। परिवार के इंकार के बाद मृतक बालक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, इसलिए मृत्यु की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई, लेकिन डॉक्टरों का मानना है कि यह फूड प्वाइजनिंग का मामला हो सकता है। फिलहाल, पिता की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि मां और दोनों बेटियों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। कीटनाशक भी हो सकती है वजहरतलाम मेडिकल कॉलेज के ऐपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव बोरीवाल ने बताया कि पांचों मरीज फूड पॉइजनंग के कारण बीमार होकर आए थे। सही इलाज मिलने में लंबा गैप होने से भी स्थिति बिगड़ी। क्रियांश का ब्लड सैम्पल लिया है, जांच करवाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. विनय शर्मा ने कहा कि प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई है। मां और दो बेटियों को इलाज किया जा रहा है। पुलिस चौकी को इन्वेस्टिगेशन के लिए लिखकर दिया था। वहीं, पुलिस चौकी प्रभारी सुनील राघव ने बताया कि फिलहाल इस तरह का मामला नहीं आया है। जानकारी आएगी तो पड़ताल की जाएगी। विशेषज्ञों की माने तो बच्चे की मौत को सीधे तौर पर बालम ककड़ी का इफेक्ट नहीं मान सकते। इसकी पैदावार में पेस्टीसाइट्स का उपयोग किया जाता है। हो सकता है कि परिवार ने खाने से पहले ककड़ी को अच्छी तरह धोया नहीं होगा। उल्टी-दस्त के कारण बच्चों के शरीर में पानी की कमी आ जाती है, इससे भी मौत हो सकती है। रखे ये सावधानीबालम ककड़ी या साधारण ककड़ी/खीरा खाने से पहले सावधानियां रखनी जरूरी है। ककड़ी का कच्चा फल जहरीला होता है, खाने से बीमार हो सकते हैं। ककड़ी को बेल से तोड़कर सीधे नहीं खाना चाहिए। ककड़ी पर कीट से बचाने के लिए जिन कीटनाशक का प्रयोग होता है, उनका असर 5 से 6 दिनों तक नहीं जाता है, ऐसे में किसान कीटनाशक का छिडकाव करने के 1 से 2 दिन में अगर फसल बेचते है तो यह खतरनाक साबित हो सकता है। जब भी आप ककड़ी ले उसे पानी से अच्छे से साफ कर ले और उसके छिलके उतार कर ही खाएं। गर्म पानी में नमक डालकर उसमें भी कुछ देर रख सकते है।रात में ककड़ी नहीं खानी चाहिए। इससे पाचन संबंधी समस्या हो सकती है। ककड़ी के सेवन के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। ककड़ी को पकाने की सलाह नही ं दी जाती क्योंकि इसमें पानी ज्यादा मात्रा में होता है। भोजन के साथ ककड़ी खा रहे हैं तो ज्यादा मात्रा में न खाएं। बालम ककड़ी क्या है?बालम ककड़ी एक फल है। यह लौकी जैसी दिखती है। पकने पर अंदर से केसरिया रंग की हो जाती है। इसलिए इसे केसरिया बालम ककड़ी भी कहते हैं। यह स्वाद में हल्की मीठी होती है। इसमें पानी की भरपूर मात्रा होती है। रतलाम के सैलाना में सबसे ज्यादा उत्पादन होता है। इसके अलावा बालम ककड़ी की पैदावार सबसे ज्यादा झाबुआ और धार जिलों में होती है। सैलाना क्षेत्र में उगने वाली बालम ककड़ी का स्वाद और आकार सबसे अच्छा होता है। इसकी मांग देश में दूर – दूर तक है।

मौसम की मार : तपती गर्मी में अचानक शुरू हुई तेज बारिश, सैलाना में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

रतलाम समेत कई जिलों में अलर्ट जारी, सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा मौसम पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिन से आंधी, बारिश और ओले गिरने का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिन तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश में 10 से 13 अप्रैल तक मौसम खराब रहने पूर्वानुमान है। रतलाम के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। जिले में शाम 5 बजे से शुरू हुई तेज बारिश ने सभी को हैरत में डाल दिया। रुक रुक कर तेज बारिश होती रही। जिले के ग्रामीण में ओला वृष्टि भी देखी गई। आपको बता दे बुधवार से प्रदेश में बेमौसम बारिश का मौसम जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में 21 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। जिले के सैलाना में एक युवक पर आकाशीय बिजली गिर जाने से उसकी मृत्यु हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सैलाना की गीताभवन गली निवासी अंकित पिता प्रकाश रजक उम्र23 वर्ष बायपास रोड पर बन्टी ढाबे के पास था कि उस पर बिजली गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक के शव को मेडीकल कालेज ले जाया गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं के आने से मध्य प्रदेश में तीन दिन मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।  यही नहीं राजस्थान और महाराष्ट्र के ऊपर दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय हैं। ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। 10-11 अप्रैल को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे मौजूदा सिस्टम और भी मजबूत हो जाएगा। इस कारण एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश का अनुमानवर्षा या गरज चमक के साथ बौछारों का कई जिलों में अनुमान है। इनमें शहडोल और उज्जैन संभाग, भोपाल, विदिशा, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, झाबुआ, धार, इंदौर, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, पन्ना, दमोह और सागर शामिल हैं। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में, रायसेन, सिहोर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा शामिल हैं। यहां के लिए चेतावनी बिजली गिरने के साथ आंधी शहडोल संभाग के जिलों में, भोपाल, विदिशा, राजगढ़, खरगौन, बड़वानी झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, अगरमालवा, मंदसौर, नीमच, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, पन्ना, दमोह और सागर जिलों में । ओलावृष्टि व वज्रपात के साथ आंधी रायसेन सिहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, नारसिंहपुर, उज्जैन, देवास, शाजापुर और बालाघाट जिलों में।  यहां पर ओलावृष्टि का रेड अलर्टबैतूल छिंदवाड़ा सिकनी और पांढुर्णा जिलों में। 

फिर आया तेंदुआ : गांव में घुसा तेंदुआ जा गिरा कुएं में, 7 घंटे में वन विभाग ने किया रेस्क्यू

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के सैलाना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने कुएं में गुर्राते हुए तेंदुए को देखा। घटना सैलाना के आदिवासी बाहुल्य गांव आंबाकुड़ी की है। मवेशी चराने रविवार सुबह जंगल में ग्रामीण पहुंचे तो तेंदुए की आवाज सुनकर कुएं में देखा और सरवन पुलिस थाने पर सूचना दी। सुबह करीब 11.30 बजे सूचना मिलने के बाद मौके पर सरवन पुलिस थाना प्रभारी नीलम चौंगड़ बल के साथ पहुंची और वन विभाग को सूचित किया। 7 घंटे की मशक्कत के बाद शाम को 5:30 बजे तेंदुए का रेस्क्यू किया गया। अब विभाग की टीम उसे मानव आबादी से दूर जंगल मे छोड़ने की कार्रवाई करेगी। सैलाना-बांसवाड़ा रोड पर बसे गांव आंबाकुड़ी में किसान औंकार मुनिया के कुएं में तेंदुए की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तेंदुआ कुएं के अंदर बनी बाउंड्री में उगी झाडिय़ों में लोगों को घूमता दिखाई दिया। लोगों ने उसकी वीडियो भी बनाई। पुलिस की सूचना पर रतलाम और सैलाना के वन विभाग की टीम भी पहुंची। शाम 5 बजे तक भी उन्हें सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी चौंगड़ ने बताया कि रेस्क्यू के लिए उज्जैन की टीम भी रवाना हो चुकी थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम ने पिंजरा रख उसमे मुर्गी रखी। जिसके बाद भी काफी मशक्कत के बाद तेंदुआ पकड़ में आया। एहतियात बतौर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। बता दें कि कुछ माह पहले सैलाना के ग्राम बोदिना और रतलाम के रेलवे कॉलोनी में भी तेंदुआ देखा जा चुका है। सैलाना के बोदिना में भी रातभर चले रेस्क्यू के बाद तेंदुए को जाल से पकड़ा था। इसके अलावा रतलाम के रेलवे कॉलोनी में तेंदुए की करीब तीन से चार दिन तक अलग – अलग क्षेत्रों में मूवमेंट देखा गया।

FAKE MESSAGE : विधायक काश्यप पर सैलाना की प्रत्याशी संगीता चारेल का आरोप!, अब हुई पुलिस को शिकायत, आखिर क्या है पूरा मामला ?

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चुनाव के बाद अब सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले धुरंधर एक्टिव हो चुके है। एक ऐसा ही मामला रतलाम में सामने आया है। जहां सैलाना से पूर्व विधायक व 2023 में विधानसभा प्रत्याशी रही संगीता चारेल के नाम से एक फर्जी मैसेज फॉरवर्ड किया जा रहा है। यह मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते हुए चारेल तक पहुंचा। जिसे देखने के बाद वे खुद आश्चर्य में पड़ गई। दरअसल इस वायरल मैसेज में रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप पर निर्दलीय विधायक कमलेश्वर डोडियार को मदद करने का आरोप लगाया गया है। आगे उसमें लिखा गया की संगीता चारेल ने संगठन को शिकायत की और कहा की मुझे मंत्री बनने से रोकने के लिए कमलेश्वर डोडियार को करोड़ो रूपये की मदद की, जिससे बीजेपी सैलाना में हार गई। मैसेज में दावा किया गया की मामला हाईकमान तक जा पहुंचा है। मैसेज के मिलते ही संगीता चारेल हरकत में आई और उन्होंने अपने पार्टी नेताओं को इससे अवगत करवाया। जिसके बाद पुलिस कप्तान राहुल कुमार लोढा के पास पहुंचकर उन्होंने लिखित शिकायत की। श्रीमती चारेल ने बताया कि व्हाट्सएप्प पर उन्हे जानकारी मिली कि उनके नाम से रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप पर निर्दलीय विधायक कमलेश्वर डोडियार पर मदद करने का आरोप लगाया गया है। सोशल मीडिया पर उनके द्वारा संगठन को शिकायत करने की भ्रामक सूचना भी प्रसारित हुई है। श्रीमती चारेल के अनुसार जनता का निर्णय सर्वमान्य है। मेरे नाम से भ्रम फैलाया जा रहा है। मैंने केन्द्र, प्रदेश या संगठन मे ऐसी कोई शिकायत नही की गई। इस संबंध मे पुलिस को शिकायत का यह भ्रम फैलाने वालों की कार्रवाई की मांग की।

शादी में टोकना पड़ा महंगा : चाकू लहराकर नाचने से मना किया तो कर दी हत्या, घर के जमाई को ढाबे पर मारे चाकू

ऐसे विवादों से सतर्क व सावधान रहने की जरुरत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अगर आप शादी में जा रहे है और नाचने गाने के बीच किसी को टोकने का मन बनाया हो तो आपको सावधान होने की जरूरत है। ऐसा ही मामला जिले के सैलाना थाने के गांव दिवेल से सामने आया है। यह गांव धामनोद चौकी के अंतर्गत आता है। जहां कुछ युवकों ने मिलकर नाचने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू घौंपकर हत्या कर दी। पूरी वारदात देर रात की है, जिसे आरोपियों ने धामनोद के कालिका रेस्टोरेंट नाम के ढाबे पर अंजाम दिया। गांव दिवेल के एक परिवार में शादी समारोह आयोजित हो रहा था। रात में बारात आई जिसका प्रोसेशन (सेल) निकल रहा था। इसी दौरान उसी बारात में शामिल एक युवक चाकू लेकर नाच रहा था। जिस घर बारात आई उसके ही जमाई ने चाकू लेकर नाचने से युवक को मना करते हुए भगा दिया। नाचने के दौरान बरातियों से विवाद हुआ और यह विवाद इतना बड़ा कि बाराती ने जिस घर बारात आई थी उसके जमाई की ही चाकू घौंपकर हत्या कर दी। एक अन्य मनोज भी इसमें सिर पर पत्थर लगने से घायल हुआ जिसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। धामनोद के ढाबे पर हुई हत्यासैलाना थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया दिवेल में हुए हत्याकांड के आरोपी थाना बिलपांक अंतर्गत शिवपुर निवासी सूरज पिता गेंदालाल दायमा, जितेंद्र पिता रामचंद्र व भोला पिता रामजी है। यह युवक शादी में चाकू लेकर नाच रहा था तो जिस घर बारात वहां के जमाई मृतक नरेंद्र पिता जगदीश राठौड़़ (23) निवासी राजपुरा थाना भाटपचलाना जिला उज्जैन ने यह देखा तो उसे मना किया। नहीं माना तो वहां से भगा दिया। बरात वापस लौट रही थी तो आरोपी और उसके साथियों ने लोगों पर पत्थर फैंके और भाग गए। इसके बाद उनसे पूछा कि कहां चले गए तो वे ढाबे पर पहुंच चुके थे। नरेंद्र और अन्य ढाबे पर पहुंचे तो यहां फिर विवाद हुआ और आरोपी सूरज ने नरेंद्र को चाकू घोंप दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

24 घंटे में कोटा पूरा : जिलेभर में तेज बारिश का दौर जारी, नदी – नाले आए उफान पर

  मौसम विभाग का अलर्ट, ढोलावाड़ जलाशय के 6 में से 3 गेट खोले, केदारेश्वर झरना भी आया अपने रंग में, देखे वीडियो पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। शुक्रवार को दोपहर से शुरू हुई भादो की बारिश पूरी रात जारी रही। तेज बारिश का सिलसिला अब तक जारी है। भारी बारिश के कारण जहां रतलाम का मुख्य पेयजल स्त्रोत ढोलावड जलाशय लबालब हो गया है वहीं दोपहर तक उसके 6 में से 3 गेट खोल दिए गए है। भारी बारिश के कारण आसपास अंचल में कई नाले – नदियां उफान पर आ चुकी है। कई पेड़ व कच्चे मकान धराशाई होने की भी सूचना है। जिस कारण गांवों के रास्ते बन्द हो गए है। तेज बारिश के चलते रतलाम कलेक्टर नरेंद्र सूर्यनवंशी ने स्कूलों व आंगनवाड़ी में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग ने रतलाम में 3 दिन अतिभारी वर्षा की चेतावनी जारी कर दी है। वहीं प्रशासन ने नागरिकों के सभी पिकनिक स्पॉट व जल क्षेत्र में जाने पर रोक लगा दी है। देखिए वीडियो – जारी आंकड़ों के अनुसार 24 घंटों के दौरान जिले में औसतन 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसको मिलाकर जिले में इस बार अब तक कुल 40 इंच बारिश हो चुकी है। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में यह अब भी 5 इंच कम है। जिले में सर्वाधिक वर्षा बाजना तहसील में हुई जहां 24 घण्टों में 10 इंच बारिश हुई। बाजना में अब तक कुल 55 इंच बारिश हो चुकी है और यह पिछले वर्ष की तुलना में 14 इंच अधिक है। इसी तरह रतलाम में 24 घण्टों के दौरान 3.5 इंच वर्षा दर्ज की गई। रतलाम में अब तक कुल 27 इंच बारिश हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6 इंच कम है। जिले के जावरा में 3 इंच, आलोट में 7 इंच, ताल में 4 इंच, रावटी में 6 इंच और सैलाना में 5 इंच बारिश दर्ज की गई। ढोलावाड लबालब, सभी गेट खोले : बाजना इलाके में हुई बेहद तेज बारिश के कारण ढोलावाड जलाशय लबालब भर गया है। ढोलावाड जलाशय का एक गेट सुबह 10 बजे खोल दिया गया था जिसके कुछ मिनटों बाद दूसरा गेट भी खोला गया। दोपहर डेढ़ बजे केरीब ढोलावाड़ के 3 गेट खोल दिए गए। लगातार बारिश को देखते हुए वाटर लैवल पर लगातार निगाह रखी जा रही है। उफान पर नदी नाले, संपर्क टूटा : तेज बारिश के चलते नदी नालों पर बनी छोटी रपटों और पुलियाओं पर पानी होने से कई गांव का संपर्क टूट चुका है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के कारण पेड़ गिरने से भी यातायात बाधित हुआ है। समीप के हतनारा में मलेनी नदी उफान पर है। बाजना में माही नदी में जबरदस्त उफान आया हुआ है। सैलाना के प्रसिद्ध स्थल केदारेश्वर महादेव में भी लबालब पानी भर गया है। जिस कारण शिवलिंग तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया है। केदारेश्वर का झरना पूरे रंग में आ चुका है।

माही बुझाएगी सैलाना की प्यास : हैदराबाद की कंपनी को जारी हुआ टेंडर, नगरवासियों को पानी की किल्लत से मिलेगी निजात

पब्लिक वार्ता – रतलाम/सैलाना, जयदीप गुर्जर/प्रियेश उपाध्याय। सैलाना विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या से अब राहत मिलने की उम्मीद है। नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के दौरान पानी का बड़ा संकट खड़ा हो जाता है। इसके लिए सैलाना नगर परिषद लगातार माही के पानी को सैलाना लाने की मांग कर रही थी। जिसके बाद अब परिषद को बड़ी उपलब्धि मिली है। माही का पानी सैलाना लाने की मांग पर प्रशासन स्तर पर टेंडर फाइनल होने के बाद वर्क ऑर्डर जारी हो चुके है। यह काम 2 साल में पूरा हो जाने की संभावना है। जिसके बाद परिषद प्रतिदिन जनता तक पानी पहुंचा सकेगी। सैलाना से 45 किलोमीटर दूर स्थित गांव मांझोडिया डैम से पाइपलाइन द्वारा पानी लिफ्ट कर सैलाना तक पहुंचाया जाएगा। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में परिषद अध्यक्ष चेतन्य (लक्की) शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा में बताया मार्च माह में जिला कलेक्टर द्वारा आयोजित पेयजल समीक्षा बैठक में सैलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में माही नदी से जल स्त्रोत आधारित समूह जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की जाना सुनिश्चित किए जाने की कार्य योजना पर वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली गई थी। इसी बैठक में परिषद की ओर से अध्यक्ष शुक्ला ने इस महत्वपूर्ण योजना में सैलाना नगर को शामिल करने की मांग करते हुए नगर की पेयजल समस्या को बताया था। अध्यक्ष शुक्ला ने बताया कि यह जनहित का कार्य सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत गुडडू, जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी व सम्बंधित अधिकारियों के सहयोग से संभव हो पाया। इस योजना के टेंडर फाइनल होने के बाद वर्क आर्डर भी जारी हो गया है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार हैदराबाद की कंपनी इस प्रोजेक्ट को पूरा करेगी। गाइडलाइन के मुताबिक 24 माह यानी 2 साल में कंपनी को कार्य पूरा करना होगा। इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, पार्षद मीरा पाटीदार, मंगलेश कसेरा आदि उपस्थित थे। नया संपवेल बनेगा, पाइपलाइन से आएगी “माही” : कंपनी पाइपलाइन के माध्यम से माही नदी का पानी संपवेल तक पहुंचाएगी। परिषद द्वारा इसके लिए नया संपवेल बनवाया जाएगा। इसके लिए स्थल चयन के साथ सम्पवेल का डीपीआर भी तैयार किया जा रहा है। संपवेल से पानी नगर में वितरण का जिम्मा परिषद के पास होगा। परिषद सीएमओ अनिलकुमार जोशी ने बताया कि प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने के बाद सैलाना नगर में पेयजल समस्या का हमेशा के लिए समाधान हो जाएगा। इसके बाद परिषद प्रतिदिन नगर में पेयजल प्रदाय कर सकेगी। वर्तमान में नगर की पेयजल योजना गोवर्धन सागर तालाब से की जा रही है। लेकिन गर्मी के मौसम के दौरान किसानों द्वारा सिंचाई के लिए पानी ले लिया जाता है। जिससे पानी की कमी के साथ ही विवाद भी होता है। इस योजना के बाद नगर की पेयजल समस्या दूर होगी।

वेतन का इंतजार : सफाई मित्रों को नहीं मिला समय पर वेतन, त्यौहार मनाने के लिए नहीं है रुपये! कैसे मनाएंगे गोगा नवमीं?

वेतन का इंतजार : सफाई मित्रों को नहीं मिला समय पर वेतन, त्यौहार मनाने के लिए नहीं है रुपये! कैसे मनाएंगे गोगा नवमीं? सैलाना/रतलाम – पब्लिक वार्ता, (रिपोर्ट – जयदीप गुर्जर) वाल्मिकी समाज के आराध्य देव गोगा देवजी का जन्मोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा है। इस दिन को समाज गोगा नवमीं के रूप में मनाता है। तरह – तरह की मिठाईयां, नये कपड़े आदि की आवश्यकता त्यौहार मनाने के लिए होती है। मगर रतलाम की सैलाना नगर परिषद के सफाई मित्र इस बार अपने आराध्य का त्यौहार हर्षोल्लास से नही मना पाएंगे। मामला सैलाना नगर परिषद के सफाई कार्य में लगे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के वेतन से जुड़ा है। करीब 8 से 10 कर्मियों का पिछले माह के वेतन का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। जबकी हर माह की पहली तारीख को वेतन का भुगतान कर दिया जाता है। लेकिन इस बार परिषद के अधिकारियों की अनदेखी व लेटलतीफी के चलते सफाई मित्रों के आराध्य गोगा देवजी के जन्मोत्सव का हर्षोल्लास कई परिवार नहीं मना पाएंगे। पूरे मामले में सैलाना नगर परिषद के सीएमओ अनिल जोशी से पब्लिक वार्ता न्यूज ने संपर्क करना चाहा मगर संपर्क नहीं हो पाया। प्रभारी अकाउंटेंट नगर परिषद भीमसेन लहरी से जब संपर्क किया तो उनका कहना था की मेरे पास अतिरिक्त प्रभार है, ज्यादा जानकारी मैं नहीं दे पाऊंगा। जानकारी सीएमओ साहब ही दे पाएंगे। ना कपड़े ना मिठाई, कैसे मनाएं त्यौहार : सफाई कर्मियों ने पब्लिक वार्ता से बातचीत में बताया कि “सालभर में एक बार गोगादेवजी का त्यौहार आता है। लेकिन, इस बार अब तक वेतन ना मिलने से घर में त्योहार की कोई तैयारी नही कर पाए हैं। ना कोई नए कपड़े, ना घर में कोई सामान ला पाए हैं। ऐसे में कैसे त्योहार मना पाएंगे।” संज्ञान में नहीं था, तुरंत दिखवाता हूं : पिछले माह के वेतन का भुगतान सफाई मित्रों को अब तक नहीं होने का मामला संज्ञान में नहीं था। भुगतान संबंधित कार्य सीएमओ देखते है। तुरंत इसे दिखवाता हूं। – चेतन्य लक्की शुक्ला (नगर परिषद अध्यक्ष, सैलाना)