रतलाम के तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। छापे के दौरान थाईलैंड की 3 युवतियां, कई युवक और स्टाफ हिरासत में लिए गए। अवैध गतिविधियों की जांच जारी है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में संचालित एक स्पा सेंटर पर शुक्रवार शाम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को मौके से थाईलैंड की तीन युवतियां, कई युवक और स्पा सेंटर का स्टाफ संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कार्रवाई के बाद सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
वीडियो देखे
शिकायतों के बाद बनी विशेष टीम
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वाटर पार्क की आड़ में स्पा सेंटर में अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों में स्थानीय थाना पुलिस की मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार दोपहर एक विशेष टीम का गठन किया गया। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए संबंधित थाना पुलिस को भी पहले से सूचना नहीं दी गई। टीम में शामिल अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी एक स्थान पर रखवा दिए गए थे।
ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी, फिर मारा छापा
पुलिस टीम दोपहर करीब तीन बजे तुलसी वाटर पार्क पहुंची। कुछ पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया, जबकि अन्य अधिकारी बाहर से गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी।
कार्रवाई में एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी नीलम बघेल और डीएसपी अनिशा जैन सहित कई अधिकारी शामिल रहे।
छह कमरों में चल रहा था स्पा सेंटर
पुलिस जांच में सामने आया कि वाटर पार्क के पीछे बने छह कमरों में स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। छापे के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां अलग-अलग युवकों के साथ मिलीं। तलाशी के दौरान एक कमरे की डस्टबिन से बड़ी संख्या में उपयोग किए हुए कंडोम भी बरामद हुए, जिससे संदेह और गहरा गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। वाटर पार्क का संचालन रतलाम के बड़बड़ निवासी योगेशसिंह पुत्र भंवरसिंह द्वारा किया जाता है। कार्रवाई के दौरान मैनेजर दिलीप ठाकुर समेत स्टाफ को भी पूछताछ के लिए नामली थाने ले जाया गया।
क्या बोले एएसपी विवेक कुमार?
एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि सभी संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि विदेशी युवतियों की स्थानीय थाने में नियमानुसार सूचना दी गई थी या नहीं। साथ ही वाटर पार्क और स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जाएगी।