रतलाम में गंदे नाले से सब्जियां धोने का वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा खुलासा हुआ। सब्जी बेचने वाला व्यक्ति जीएसटी विभाग का यूडीसी कर्मचारी निकला। विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में गंदे नाले से सब्जियां धोकर बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जिस व्यक्ति को लोग सामान्य सब्जी विक्रेता समझ रहे थे, वह दरअसल वाणिज्यिक कर (GST) विभाग में अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) के पद पर कार्यरत सरकारी कर्मचारी निकला। मामला सामने आने के बाद विभाग ने कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो वायरल होने के बाद खुली पहचान

जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी सरदार झोडिया मूल रूप से नीमच जिले के नयागांव का निवासी है और लंबे समय से रतलाम के वाणिज्यिक कर विभाग (सर्कल-1) में पदस्थ है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति डाट की पुल क्षेत्र में गंदे नाले के पानी से सब्जियां धोकर बेचता हुआ दिखाई दिया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान सरदार झोडिया के रूप में की। पहचान उजागर होने के बाद वह पिछले दो दिनों से अपनी सब्जी की दुकान पर भी नहीं दिखाई दिया।
ड्यूटी छोड़कर सब्जी बेचने के भी आरोप
मामले में यह भी आरोप सामने आए हैं कि सरदार झोडिया कार्यालयीन समय में ड्यूटी से अनुपस्थित रहकर सब्जी बेचने का काम करता था।हालांकि विभागीय कार्यालय में उसके नाम से उपस्थिति दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। इस पूरे मामले की जांच अब विभागीय स्तर पर की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित कर्मचारी का विवादों से पुराना नाता रहा है। कार्य में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप में उसे पहले भी विभागीय चार्जशीट मिल चुकी है।
विभाग ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
मामले के तूल पकड़ने के बाद वाणिज्यिक कर (GST) विभाग ने कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस के जवाब के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी पिछले दो दिनों से आकस्मिक अवकाश पर है। हालांकि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल मामले पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला
जिस स्थान पर आरोपी सब्जियां बेचता था, वह रेलवे कॉलोनी और डाट की पुल क्षेत्र के पास स्थित है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सब्जियां खरीदते हैं। ऐसे में गंदे नाले के पानी से सब्जियां धोकर बेचना जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
Latest News
- BREAKING MP Weather Update: 19 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज, मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश की संभावना
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में मॉडल का AI वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, 15 लाख की फिरौती और लड़की भेजने की मांग; इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को भेजे अश्लील वीडियो
- BREAKING Ratlam News: रतलाम स्टेशन रोड थाने में देर रात हंगामा: रात्रि गश्त की मांग पर भाजपा पार्षद ने TI पर लगाए अभद्रता के आरोप