रतलाम के काटजू नगर में 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दो माह पहले हुई दूसरी शादी भी टूट गई थी।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के काटजू नगर में एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो युवक दूसरे कमरे में चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने करीब 24 घंटे पहले आत्महत्या की थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान सुरेश उर्फ लखन (35) पिता दर्शन चौहान, निवासी काटजू नगर के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वह अकेला रह रहा था और दो माह पहले हुई उसकी दूसरी शादी भी अधिक समय तक नहीं चल सकी थी।
बदबू आने पर पड़ोसियों को हुआ संदेह
बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे मल्टी में रहने वाले लोगों को सुरेश के घर से बदबू आने लगी। पड़ोसियों ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर के बाद से दिखाई नहीं दिया था। संदेह होने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर दूसरे कमरे में सुरेश का शव चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला।
पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी गायत्री सोनी, एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दो माह पहले हुई थी दूसरी शादी
पुलिस जांच में सामने आया कि सुरेश की शादी 30 अप्रैल 2026 को नागदा निवासी कविता उर्फ थापू से रतलाम के श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर में हुई थी। यह महिला की भी दूसरी शादी थी। उसके पहले विवाह से एक बेटी और एक बेटा हैं।
जानकारी के अनुसार शादी के करीब 10 दिन बाद ही पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। बाद में जून 2026 में दोनों का तलाक हो गया था।
अकेले रहता था युवक
सुरेश कबाड़ के सामान से जुड़े लोडिंग वाहन का चालक था। उसके पिता का करीब 10 वर्ष पहले और मां का लगभग पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह मल्टी की पहली मंजिल पर अकेला रह रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद उसकी मौसी की बेटी सपना कायस्थ जावरा से रतलाम पहुंचीं और पुलिस को परिवार व विवाह से जुड़ी जानकारी दी।
पुलिस कर रही है हर पहलू से जांच
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिवार के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।