रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चाबी बनाने का काम करने वाले एक सिकलीगर को चोरी करते हुए पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी अब तक रतलाम के विभिन्न इलाकों में 7 सूने मकानों और दोपहिया वाहनों को निशाना बना चुका था। गुरुवार को एसपी अमित कुमार ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस वाहन चेकिंग में जुटी थी, तभी बंजली बायपास पर एक सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार युवक को रोका गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरदीप उर्फ लक्की पिता आनंद सिंह निवासी राजस्व कॉलोनी, रतलाम बताया। जब उससे एक्टिवा के दस्तावेज मांगे गए तो वह नहीं दिखा सका। चेसिस नंबर जांचने पर पता चला कि एक्टिवा चोरी की है। डिग्गी की तलाशी में चोरी के औजार, सोने-चांदी के आभूषण, सोने की चेन, मंगलसूत्र, टॉप्स और मोती बरामद हुए।

पुलिस ने जब थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने थाना औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातें कबूल कीं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड लिया जाएगा। खुलासे के दौरान एएसपी राकेश खाखा भी मौजूद थे।
पहले भी दर्ज हैं केस:
गुरदीप पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रह चुका है। उसके खिलाफ थाना स्टेशन रोड और जीआरपी थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं। वह चाबी बनाने के बहाने लोगों के घरों की रेकी करता और फिर सूने मकानों को निशाना बनाता था।

यहां की थीं चोरी की वारदातें:
- 7 मई की रात सखवाल नगर से एक्टिवा (एमपी 43 डीवी 0869) और सृष्टि कॉलोनी के सूने मकान से सोने-चांदी के गहने चुराए।
- 29 अप्रैल की रात एमबी नगर से टीवीएस एक्सेस (एमपी 43 जेडए 1237) और पुखराज कॉलोनी से चांदी के आभूषण चुराए।
- 26 अक्टूबर 2024 की रात सिद्धार्थ नगर के सूने मकान से चांदी के जेवर और नगदी की चोरी।
- वर्ष 2023 में बाइक चोरी का मामला भी दर्ज है।
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, एसआई ध्यानसिंह सोलंकी, कांस्टेबल रवि चंदेल, अभिषेक पाठक और पवन मेहता की अहम भूमिका रही।
Latest News
- BREAKING Cancel Train: भारी बारिश से 12 ट्रेनें रद्द, कई ट्रेनों का रूट बदला और शॉर्ट टर्मिनेट किया गया
- BREAKING दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित: रतलाम मंडल ने स्टेशनों पर यात्रियों को बांटा भोजन और पेयजल
- BREAKING Ratlam News: अवैध खनन रोकने पहुंचे पटवारी पर जानलेवा हमला, बुलडोजर से कुचलने की कोशिश, पंचनामा भी फाड़ा