इंदौर- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। MP News: छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में इंदौर के नेहरू स्टेडियम में बजरंग दल द्वारा भव्य शौर्य कुंभ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 61,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नशामुक्त भारत, हिंदुओं की सुरक्षा तथा जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए तीन संतान के जन्म का संकल्प लिया।


शौर्य यात्रा के साथ हजारों कार्यकर्ताओं की भव्य रैली
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार्यकर्ता इंदौर के पांच अलग-अलग स्थानों से शौर्य यात्रा के रूप में नेहरू स्टेडियम पहुंचे। ये स्थान थे:

– चिमनबाग मैदान – इंदौर विभाग
– एमजीएम मेडिकल कॉलेज – शाजापुर विभाग
– होलकर कॉलेज ग्राउंड – खरगोन, धार, रतलाम विभाग
– इंदौर समाचार मैदान – उज्जैन, मंदसौर विभाग
– मोदी का भट्टा संवाद नगर – खंडवा विभाग
इन सभी स्थानों से हजारों कार्यकर्ताओं ने भगवा ध्वज के साथ नगर में शौर्य यात्रा निकाली। समाज, राजनीतिक और विभिन्न संगठनों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया और मार्गों को भगवा ध्वजों से सजाया गया।
मिलिंद परांडे का संबोधन: हिंदू एकता और नशामुक्त समाज पर जोर
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत भूमि पर गुलामी का कोई चिन्ह नहीं रहेगा। उन्होंने नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई और कहा कि युवा पीढ़ी को बल, शौर्य और जागरूकता के माध्यम से इस संकट से बाहर निकाला जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे कई व्यापार हिंदू समाज के हाथ से निकलते जा रहे हैं। हर हिंदू को अपने धर्म और संस्कृति का रक्षक बनना चाहिए। जाति, भाषा और प्रांत से ऊपर उठकर हमें हिंदू एकता की भावना को मजबूत करना होगा।
शौर्य कुंभ में मलखंभ प्रतियोगिता और वीरता का सम्मान
शौर्य कुंभ के दौरान मलखंभ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
भव्य आयोजन में 500 बसें, 2500 चारपहिया और 5000 दोपहिया वाहन शामिल
इस आयोजन में इंदौर विभाग से 16,000 कार्यकर्ताओं समेत मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, शाजापुर, धार के कार्यकर्ता 500 बसों, 2500 चारपहिया और 5000 दोपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम में अनेक संतों और प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जगतगुरु स्वामी प्रज्ञानंद सरस्वती, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दनेरिया, विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह, प्रांत संगठन मंत्री खगेन्द्र भार्गव, प्रांत मंत्री विनोद शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। मंच संचालन बजरंग दल के प्रांत संयोजक नितिन पाटीदार ने किया।
शौर्य कुंभ हिंदू एकता, नशामुक्त भारत और राष्ट्रवाद के संदेश को प्रबल करने का मंच बना, जहां हजारों युवाओं ने सामाजिक और राष्ट्रीय उत्थान का संकल्प लिया।
Latest News
- BREAKING मूक-बधिर स्कूल में संगिनी उमंग परिवार ने बांटी पाठ्य सामग्री, 85 से अधिक बच्चों को कराया भोजन
- Ratlam News: रतलाम में स्पीड ब्रेकर पर कार बेकाबू, डिवाइडर से टकराकर पलटी; VIDEO में कैद हुआ हादसा
- Ratlam News: किस्तें जमा करने के बाद भी मोबाइल लॉक, विरोध पर युवक से मारपीट; 300 से ज्यादा लोग धरने पर बैठे