Ratlam News: ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: रतलाम पुलिस ने 67 गुमशुदा बच्चों को परिजनों से मिलाया, चार राज्यों से ढूंढ निकाले मासूम

📖 1 min read

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मई माह में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुल 67 गुमशुदा या अपहृत बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। यह मानवीय अभियान कई परिवारों के लिए राहत की सांस और आंखों में खुशी के आंसू लेकर आया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 मई से जिले में ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया गया। एसपी अमित कुमार के निर्देशन और एसएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे गुमशुदा व अपहृत बच्चों की तलाश कर उन्हें उनके स्वजनों से मिलाएं।

साइबर सेल और मुखबिर तंत्र से मिली मदद

इस अभियान के अंतर्गत सभी थानों पर विशेष टीमों का गठन किया गया, जिसमें साइबर सेल और जेएबी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिजनों के कथन, मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से पुलिस ने 67 बच्चों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।

इनमें से 9 बालक और 58 बालिकाएं शामिल हैं, जिन्हें मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और अन्य राज्यों से तलाश कर लाया गया।

वर्षों से लापता बच्चों को भी ढूंढा

पुलिस की यह सफलता सिर्फ हालिया मामलों तक सीमित नहीं रही।

  • थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने 2019 से लापता एक बालिका को भी खोज निकाला।
  • इसी तरह 2023 से लापता एक बालिका, 2024 से लापता एक बालक और 7 बालिकाएं,
  • तथा 2025 में लापता हुए 8 बालक और 49 बालिकाएं बरामद की गईं।

परिवारों के लिए बड़ी राहत

इस ऑपरेशन ने जहां पुलिस की संवेदनशीलता और तकनीकी दक्षता को उजागर किया, वहीं दूसरी ओर इन बच्चों के परिजनों के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं था। बच्चों की वापसी पर उनके घरों में खुशी का माहौल बन गया और कई आंखों से आंसू छलक उठे।

0%