रतलाम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। हमले में कार का कांच टूट गया और एक कार्यकर्ता घायल हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर अज्ञात बदमाशों ने पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में कार का शीशा टूट गया और एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया। हालांकि कार में सवार भाजपा जिलाध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष बाल-बाल बच गए।
रावटी जाते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन और कार्यकर्ता चिराग नाहर सोमवार रात रावटी में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तीनों उपाध्यक्ष जुबिन जैन की कार में सवार थे।
रात करीब 8 बजे जब उनकी कार मोरवानी क्षेत्र के पास आमलीपाड़ा गांव के आसपास पहुंची, तभी अचानक एक बड़ा पत्थर कार पर आकर लगा। पत्थर ड्राइवर के पीछे वाली खिड़की पर लगा, जिससे कांच चकनाचूर हो गया।
कार्यकर्ता चिराग नाहर के सिर में लगी चोट
हमले के दौरान पीछे की सीट पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता चिराग नाहर को पत्थर सिर पर लग गया, जिससे वह घायल हो गए। कार में आगे की सीट पर जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय बैठे थे, जबकि पीछे जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन मौजूद थे। दोनों नेता इस हमले में सुरक्षित रहे।
घटना के बाद कार सवारों ने कुछ दूरी पर जाकर वाहन रोका और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
गोफन से हमला करने का आरोप
भाजपा जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन ने दावा किया कि कार पर गोफन (गुलेल) के माध्यम से पत्थर फेंका गया है। उन्होंने बताया कि पत्थर काफी तेज गति से कार पर आकर लगा, जिससे कांच टूट गया और कार्यकर्ता घायल हो गया।
घायल चिराग नाहर को रात में ही रतलाम लाकर उपचार कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि देर रात तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पत्थर फेंकने वाले बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम ई-स्कूटर हादसे में 16 वर्षीय अंतिमकुंवर की मौत, 13 दिन तक चली जिंदगी की जंग
- BREAKING रतलाम में धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, नन्हे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
- BREAKING Ratlam News: सांवरिया जी के दर्शन को निकले चार दोस्त, रतलाम में भीषण हादसे ने दो की जान ली