रतलाम मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की मनमानी के कई वीडियो सामने आए हैं। टोकन वितरण में पक्षपात, महिलाओं से बदसलूकी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जानिए पूरा मामला।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल परिसर से कर्मचारियों की कथित मनमानी और अव्यवस्था के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें मरीजों और उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार, टोकन वितरण में पक्षपात और सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते दिखाई दे रहे हैं।
घटना का वीडियो देखे

टोकन वितरण में पक्षपात का आरोप
सामने आए एक वीडियो में अस्पताल के कर्मचारी पर अपने परिचित लोगों को लाइन से अलग बुलाकर पहले टोकन देने का आरोप लग रहा है। वीडियो में मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो कर्मचारी पंकज नामक व्यक्ति कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “मेरी मर्जी, मैं किसी को भी पहले टोकन दूं।”
इस दौरान मरीजों और कर्मचारी के बीच बहस भी होती दिखाई और सुनाई दे रही है। लोगों का आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर कुछ लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार का VIDEO
दूसरे वीडियो में मेडिकल कॉलेज परिसर में बैठे कुछ लोगों को एक कर्मचारी द्वारा वहां से हटाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों से सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए, लेकिन कई बार कर्मचारियों का रवैया इसके विपरीत देखने को मिलता है।
महिलाओं की लाइन में पुरुष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
तीसरी शिकायत मेडिकल कॉलेज की लैबोरेट्री और दवा वितरण केंद्र के बाहर की व्यवस्था को लेकर सामने आई है। वीडियो में महिलाओं की लाइन में पुरुष खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिससे महिला मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि दवा वितरण केंद्र के पास तैनात एक सुरक्षा गार्ड उनसे अभद्र तरीके से बात करता है। वीडियो में गार्ड कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “मैं वकील हूं और जो दवाई दे रहे हैं वह जज हैं, मैं कुछ भी कर सकता हूं।” यह बयान अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
मरीजों और परिजनों में नाराजगी
लगातार सामने आ रहे वीडियो के बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पहले ही लंबी कतारों और सीमित संसाधनों की समस्या रहती है, ऐसे में कर्मचारियों की मनमानी और अभद्र व्यवहार से परेशानियां और बढ़ जाती हैं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इन वीडियो के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि मामला चर्चा में आने के बाद लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि इन वीडियो के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई करता है या फिर मरीजों को भविष्य में भी इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम जेल में बंद बाबर का वीडियो वायरल, मुलाकात कक्ष से रिकॉर्डिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
- BREAKING MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- ‘एक शादी करेगा वही मध्य प्रदेश में रहेगा’, मानसून सत्र में आएगा UCC विधेयक
- रतलाम में जेएसजी संगिनी उमंग का हरित अभियान: 151 पौधों का वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश