Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की मनमानी का VIDEO वायरल

रतलाम मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की मनमानी के कई वीडियो सामने आए हैं। टोकन वितरण में पक्षपात, महिलाओं से बदसलूकी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल परिसर से कर्मचारियों की कथित मनमानी और अव्यवस्था के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें मरीजों और उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार, टोकन वितरण में पक्षपात और सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो देखे टोकन वितरण में पक्षपात का आरोप सामने आए एक वीडियो में अस्पताल के कर्मचारी पर अपने परिचित लोगों को लाइन से अलग बुलाकर पहले टोकन देने का आरोप लग रहा है। वीडियो में मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो कर्मचारी पंकज नामक व्यक्ति कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “मेरी मर्जी, मैं किसी को भी पहले टोकन दूं।” इस दौरान मरीजों और कर्मचारी के बीच बहस भी होती दिखाई और सुनाई दे रही है। लोगों का आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर कुछ लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार का VIDEO दूसरे वीडियो में मेडिकल कॉलेज परिसर में बैठे कुछ लोगों को एक कर्मचारी द्वारा वहां से हटाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों से सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए, लेकिन कई बार कर्मचारियों का रवैया इसके विपरीत देखने को मिलता है। महिलाओं की लाइन में पुरुष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल तीसरी शिकायत मेडिकल कॉलेज की लैबोरेट्री और दवा वितरण केंद्र के बाहर की व्यवस्था को लेकर सामने आई है। वीडियो में महिलाओं की लाइन में पुरुष खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिससे महिला मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि दवा वितरण केंद्र के पास तैनात एक सुरक्षा गार्ड उनसे अभद्र तरीके से बात करता है। वीडियो में गार्ड कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “मैं वकील हूं और जो दवाई दे रहे हैं वह जज हैं, मैं कुछ भी कर सकता हूं।” यह बयान अब चर्चा का विषय बना हुआ है। मरीजों और परिजनों में नाराजगी लगातार सामने आ रहे वीडियो के बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पहले ही लंबी कतारों और सीमित संसाधनों की समस्या रहती है, ऐसे में कर्मचारियों की मनमानी और अभद्र व्यवहार से परेशानियां और बढ़ जाती हैं। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार फिलहाल इन वीडियो के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि मामला चर्चा में आने के बाद लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब बड़ा सवाल यह है कि इन वीडियो के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई करता है या फिर मरीजों को भविष्य में भी इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, 3 महीने से स्टाइपेंड लंबित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, रतलाम के रेजिडेंट चिकित्सकों ने पिछले तीन महीनों से लंबित स्टाइपेंड के विरोध में आज से सामूहिक हड़ताल शुरू कर दी है। डॉक्टरों का कहना है कि कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वीडियो देखे रेजिडेंट चिकित्सकों के अनुसार, स्टाइपेंड उनके जीवन-यापन का मुख्य साधन है और लगातार देरी के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर कई बार कॉलेज प्रशासन से चर्चा की गई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। हड़ताल के चलते मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाएं, वार्ड ड्यूटी और अन्य नियमित कार्य प्रभावित रहेंगे, जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी, ताकि गंभीर मरीजों की देखभाल में कोई बाधा न आए। रेजिडेंट चिकित्सकों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक लंबित स्टाइपेंड का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। यह हड़ताल स्वास्थ्य सेवाओं पर असर डाल सकती है, ऐसे में प्रशासन के लिए जल्द समाधान निकालना जरूरी हो गया है।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में होली विवाद: 4 पीजी स्टूडेंट पर FIR, कार से कुचलने की कोशिश के आरोप

रतलाम मेडिकल कॉलेज में होली खेलने के दौरान पीजी स्टूडेंट्स के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने 4 छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जबकि दूसरे पक्ष ने कार से कुचलने की कोशिश का आरोप लगाया है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में होली खेलने के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने चार पीजी स्टूडेंट्स के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई पीजी स्टूडेंट डॉ. रजत अली की शिकायत पर की गई है। वहीं आरोपी पक्ष ने भी डॉ. रजत अली पर कार से छात्रों को कुचलने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो देखे होली खेलने के दौरान हुआ विवाद जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 4 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर में थर्ड ईयर फिजियोलॉजी के छात्र होली खेल रहे थे। इसी दौरान राजस्थान के झुंझुनूं निवासी पीजी स्टूडेंट डॉ. रजत अली अपने साथियों के साथ कार में वहां पहुंचे। होली खेल रहे छात्रों ने उन्हें दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा, जिसके बाद कार रोकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। चार छात्रों के खिलाफ केस दर्ज डॉ. रजत अली की शिकायत पर पुलिस ने पीजी स्टूडेंट डॉ. पंकज चौहान, डॉ. प्रशांत, डॉ. आशीष और डॉ. गौतम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कार चालक के सिर में चोट आई है और उसे टांके भी लगे हैं। वहीं कुछ अन्य स्टूडेंट्स भी घायल हुए हैं। कार से कुचलने की कोशिश का आरोप आरोपी पक्ष का आरोप है कि बहस के बाद डॉ. रजत अली अपनी कार में बैठकर तेज रफ्तार में आगे बढ़ गए। होली खेल रहे छात्रों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके और छात्रों को कुचलने की कोशिश की। CCTV में दिखी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज में डॉ. रजत अली कार को घुमाकर वापस लाते हुए दिखाई दे रहे हैं। छात्रों ने फिर कार रोकने की कोशिश की, लेकिन जब कार नहीं रुकी तो कुछ छात्रों ने पत्थर मारकर उसे रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कार वहां से निकल गई। पीछा करने के बाद हुई हाथापाई कार के जाने के बाद कुछ पीजी स्टूडेंट्स ने उनका पीछा किया। इस दौरान डॉ. रजत अली और उनके साथ आए अन्य छात्रों के बीच हाथापाई हो गई और मामला मारपीट में बदल गया। आरोपी पक्ष ने लगाए ये आरोप आरोपी पक्ष का कहना है कि डॉ. रजत अली ने जानबूझकर होली के कार्यक्रम में बाधा डाली और हमला करने की कोशिश की। उनका यह भी कहना है कि कार से कुचलने की कोशिश के कारण उनके तीन साथी घायल हुए हैं, जिनमें एक का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। डॉ. रजत अली ने क्या कहा डॉ. रजत अली का कहना है कि वह कॉलेज में होली खेलने के बाद इमरजेंसी रूम के बाहर अपनी कार में बैठे हुए थे और एक साथी डॉक्टर का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र आए और उनकी कार से टूल्स निकालकर उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि उनके सिर में चार से पांच टांके लगे हैं। हालांकि कार से कुचलने की कोशिश के आरोप पर उन्होंने स्पष्ट कुछ नहीं कहा। पुलिस कर रही जांच फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार पीजी स्टूडेंट्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Ratlam News: मेडिकल कॉलेज रतलाम में अटेंडरों का हंगामा, डॉक्टरों से अभद्रता और हाथापाई; कार्रवाई नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शासकीय डॉ. लक्ष्मीनारायण मेडिकल कॉलेज, रतलाम में शुक्रवार देर रात मरीज के साथ आए अटेंडरों द्वारा जमकर हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अटेंडरों ने डॉक्टरों से गाली-गलौच की, धमकियां दीं और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। घटना के बाद डॉक्टरों में भारी आक्रोश है और उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर काम बंद कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:21 बजे मरीज नीलम (35) पति कृष्णा को लेकर परिजन और करीब 9 से 10 अटेंडर मेडिकल कॉलेज के आकस्मिक चिकित्सा विभाग पहुंचे थे। उस समय सीएमओ डॉ. भावना मसीह सहित अन्य जूनियर डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद थे। इलाज के दौरान शुरू हुआ विवाद बताया गया कि किसी बात को लेकर अटेंडरों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। डॉक्टरों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन अटेंडर शांत नहीं हुए और अभद्र व्यवहार करने लगे। गाली-गलौच, धमकी और हाथापाई की नौबत डॉक्टरों का आरोप है कि अटेंडरों ने इलाज के दौरान गाली-गलौच की, “देख लेने” की धमकी दी और हालात हाथापाई तक पहुंच गए। इस दौरान अटेंडर डॉक्टरों के वीडियो भी बनाते रहे।स्थिति बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित पुलिस चौकी को सूचना दी गई, साथ ही प्राइवेट सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंचे, लेकिन हंगामा नहीं थमा। बाद में थाना औद्योगिक पुलिस को बुलाया गया। सीएमओ और वरिष्ठ डॉक्टरों के पहुंचने पर शांत हुआ माहौल घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. विनय शर्मा और अन्य वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे। इसके बाद हंगामा कर रहे अटेंडर वहां से चले गए। डॉक्टरों ने दी हड़ताल की चेतावनी शनिवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया। डॉक्टरों ने साफ चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सभी डॉक्टर और स्टाफ कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाएंगे।डीन डॉ. अनिता मूथा ने डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस में आवेदन, एफआईआर की मांग मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि अटेंडरों ने— प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हंगामे का वीडियो भी आया सामने आकस्मिक चिकित्सा विभाग में हुए हंगामे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में डॉक्टर अटेंडरों को समझाते नजर आ रहे हैं, जबकि अटेंडर उल्टा डॉक्टरों के वीडियो बनाते और अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं। एक महिला डॉक्टर को यह कहते भी सुना जा सकता है—“आप पढ़े-लिखे लगते हैं, फिर भी ऐसा व्यवहार कर रहे हैं।” थाना प्रभारी पहुंचे मेडिकल कॉलेज शनिवार दोपहर थाना औद्योगिक प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और डीन डॉ. अनिता मूथा से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रबंधन और पुलिस का बयान डीन डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि मरीज को वॉशरूम ले जाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अटेंडरों ने डॉक्टरों से अभद्रता की। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।वहीं थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने कहा कि अटेंडरों द्वारा डॉक्टरों से अभद्रता की गई है। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में छात्राओं से छेड़छाड़: आरोपी बाइक सवार CCTV में कैद, स्टूडेंट्स ने थाने का घेराव किया

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम में छात्राओं से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार रात करीब 7:50 बजे एक बाइक सवार नकाबपोश युवक कॉलेज कैंपस में घुस आया और इवनिंग वॉक कर रही दो छात्राओं को पीछे से छूकर व धक्का देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। WATCH VIDEO आरोपी CCTV कैमरे में कैद, लेकिन चेहरा ढका हुआ डीन डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि युवक की तस्वीर कैंपस के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उसने काली जैकेट पहन रखी थी और चेहरा कपड़े से ढका हुआ था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। डीन के अनुसार, आरोपी संभवतः बाहरी युवक था। लगातार छेड़छाड़ की तीन घटनाएं, छात्रों में बढ़ा गुस्सा पहली घटना के बाद गुरुवार दोपहर एक और छात्रा के साथ छेड़छाड़ की शिकायत सामने आई है। हालांकि पीड़ित छात्रा ने फिलहाल इस पर बोलने से इनकार किया है।इन घटनाओं के बाद स्टूडेंट्स का गुस्सा बढ़ गया और गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में छात्र औद्योगिक थाना पहुंचकर घेराव किया। 24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग स्टूडेंट्स ने थाना प्रभारी सत्येंद्र घनघोरिया को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे में आरोपी को पकड़ने, पुलिस सुरक्षा बढ़ाने और कैंपस में कड़ी एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग की। 2020 बैच के इंटर्न डॉ. प्रथम शर्मा ने कहा— “हम जिस कैंपस में रहते हैं, वही हमारा घर है। अगर यहां ही सुरक्षित नहीं हैं तो कहां जाएंगे? आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए।” सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी होगी डीन ने बताया कि— पुलिस जांच जारी, महिला अधिकारी लेंगी बयान थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने कहा कि छात्राओं के बयान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा लिए जाएंगे। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में “एडरेनो 25” सांस्कृतिक उत्सव, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: डॉ लक्ष्मी नारायण पांडे शासकीय मेडिकल कॉलेज, रतलाम में चल रहे वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव “एडरेनो 25” का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डीन डॉ अनीता मुथा रहीं, जिनकी उपस्थिति में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का सफल आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही “ताल से ताल” समूह नृत्य प्रतियोगिता, जिसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने लोक संस्कृति से लेकर आधुनिक नृत्य शैलियों तक की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस प्रतियोगिता में कुल 9 समूहों ने भाग लिया — आदिवासी डांस ग्रुप, बल्ले बल्ले स्क्वॉड, डांडिया बिट्स, हरियाणवी बिट्स, गरबा 24, एक्स7, लाड़ो गैंग, कालबेलिया नृत्य, नित्याग्रह ग्रुप और फ्लेमस ग्रुप। नृत्य प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ आशीष कुमार मौर्य, डॉ दर्शना जैन और डॉ प्रफुल्ल सोनगरा द्वारा किया गया। विजेता प्रतिभागियों को डीन डॉ अनीता मुथा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन और संचालन महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति द्वारा किया गया। “एडरेनो 25” के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।