Ratlam News: रतलाम में कांग्रेस का ‘घंटा बजाओ आंदोलन’, मंत्री चैतन्य काश्यप के घर घेराव से पहले कार्यकर्ता हिरासत में

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: इंदौर में दूषित पेयजल से 15 से अधिक लोगों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को रतलाम में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस घटना को “जल त्रासदी” बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

WATCH VIDEO

शहीद चौक से शुरू हुआ ‘घंटा बजाओ आंदोलन’

कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर में शहीद चौक पर एकत्रित हुए। हाथों में काले गुब्बारे, तख्तियां और घंटा लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान “साफ पानी दो”, “सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद दूषित पानी से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मंत्री के घर घेराव से पहले पुलिस ने रोका

श्रद्धांजलि के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मंत्री चैतन्य काश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास का घेराव करने के लिए पैदल रवाना हुए। शहीद चौक से शहर सराय होते हुए वे लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर पहुंचे, जहां पहले से पुलिस ने बेरिकेड्स लगा रखे थे।
पुलिस ने आगे बढ़ने से रोकते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कुछ कार्यकर्ता पुलिस से बचते हुए न्यू रोड तक पहुंच गए, लेकिन वहां भी पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस और कांग्रेसियों में झूमाझटकी

घेराव की कोशिश के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। कई कार्यकर्ता दौड़ लगाकर आगे बढ़े, जिन्हें पुलिस ने बलपूर्वक रोक लिया।
पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया और उन्हें बिलपांक की ओर ले जाया गया।

महिला कार्यकर्ता हुई बेहोश

हिरासत की कार्रवाई के दौरान एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बेसुध हो गई। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने उसे संभाला और पानी पिलाया, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।

कांग्रेस का आरोप – सरकार जिम्मेदारी से बच रही

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बावजूद प्रदेश सरकार जिम्मेदारी लेने से बच रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि “सरकार सो रही है, इसलिए उसे जगाने के लिए घंटा बजाओ आंदोलन किया जा रहा है।”
उन्होंने मांग की कि दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और प्रदेशवासियों को शुद्ध व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।