Ratlam News: खेत मालिक ने जेसीबी चालक पर किया दरांता से हमला, गले में आए 10 टांके

रतलाम – पब्लिक वार्ता, 

न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सड़क पर गड्ढे भरने का काम कर रहे जेसीबी चालक पर खेत मालिक ने धारदार दरांता से गले पर हमला कर दिया। हमले में जेसीबी चालक का गला बुरी तरह कट गया और उसे 10 टांके आए हैं। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे कांडरवासा और बड़ौदा गांव के बीच की है। जेसीबी चालक शैलेंद्र पिता राधेश्याम मईड़ा (30), निवासी बड़ौदा, क्षेत्र में सड़क किनारे गड्ढों में मुर्रम डालने का कार्य कर रहा था। वह पल्टूना निवासी मनोज धाकड़ की जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा था। स्थानीय किसान मिलकर रास्ते को ठीक करवा रहे थे।

इसी दौरान पास के खेत का मालिक लोकेंद्रसिंह पिता रामसिंह (निवासी कांडरवासा) वहां पहुंचा और जेसीबी चालक से खेत के पास रास्ता बनाने को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज करते हुए उसने अचानक दरांता निकाला और चालक के गले पर जानलेवा वार कर दिया। दरांता गर्दन के केंद्र से थोड़ा हटकर लगा, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन गले में करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों ने घायल को 10 टांके लगाए हैं।

घायल को घटनास्थल से कांडरवासा निवासी जीवन जायसवाल बाइक पर बैठाकर नामली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

नामली थाना पुलिस ने आरोपी लोकेंद्रसिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर केके सिंह पटेल के अनुसार, यह रोड सार्वजनिक थी और गड्ढों की मरम्मत का कार्य हो रहा था। आरोपी ने बेवजह हमला किया, मामले की जांच जारी है।