Ratlam News: रतलाम लॉ कॉलेज विवाद में दर्ज FIR के विरोध में विहिप-बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और केस निरस्त करने की मांग की।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के डॉ. कैलाश नाथ काटजू लॉ कॉलेज में गणेशोत्सव के दौरान हुए विवाद को लेकर सोमवार को विहिप और बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कालिका माता मंदिर परिसर में जुटे और यहां से वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे।
प्रदर्शनकारीयो ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बजरंग दल के दो पदाधिकारियों सहित तीन लोगों पर दर्ज प्रकरण को एकतरफा बताया। उनकी मांग थी कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर FIR निरस्त की जाए।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ता सीढ़ियों और परिसर में जमीन पर बैठ गए। इस दौरान तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत और एएसपी विवेक कुमार को सौंपा गया। अधिकारियों ने मामले की पांच दिन में जांच का आश्वासन दिया।
गरबा कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ था विवाद
लॉ कॉलेज में गणेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए करीब 10 दिन तक अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी दौरान गरबा कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति बनी।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर वहां कपल गरबा आयोजित किए जाने का आरोप लगाया था और कार्यक्रम बंद कराया था। कॉलेज प्रबंधन ने कपल गरबा होने से इनकार करते हुए कार्यक्रम को सांस्कृतिक आयोजन बताया था।
इसके बाद कॉलेज परिसर में हंगामा हुआ। अगले दिन कॉलेज के विद्यार्थी और स्टाफ कलेक्ट्रेट तथा एसपी कार्यालय पहुंचे और कॉलेज में पहुंचकर हंगामा करने वालों के खिलाफ शिकायत की।
इसके अगले दिन भी कॉलेज में विवाद की स्थिति बनी, जिसमें विद्यार्थी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे।
संगठन ने FIR को बताया एकतरफा
विहिप और बजरंग दल की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कुछ कार्यकर्ता पुलिस को सूचना देने के बाद धार्मिक कार्यक्रम को लेकर अपनी बात रखने कॉलेज पहुंचे थे।
संगठन का दावा है कि उनका उद्देश्य किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी से विवाद करना नहीं था। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी, तोड़फोड़ या बदसलूकी नहीं की। संगठन के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में कॉलेज के प्राचार्य से बातचीत हुई थी।
कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन की ओर से लगाए गए आरोपों की प्रमाण सहित जांच कराने की मांग की है।
CCTV फुटेज की जांच की मांग
संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कॉलेज में लगे CCTV फुटेज की जांच किए बिना एकतरफा कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की।
ज्ञापन में कहा गया कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाए। साथ ही कॉलेज प्रशासन और मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग रखी गई।
विहिप और बजरंग दल ने दर्ज प्रकरण को निरस्त करने के साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
पांच दिन में जांच का आश्वासन
प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत और एएसपी विवेक कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
अधिकारियों की ओर से पूरे मामले की जांच पांच दिन में करने का आश्वासन दिया गया है। अब जांच के दौरान कॉलेज विवाद से जुड़े आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी।