Ratlam News: रतलाम मंडल में ट्रांसफर को लेकर रेलवे रनिंग स्टाफ में आक्रोश, पालनपुर (गुजरात) भेजे गए 20 सेट क्रू

📖 1 min read

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में लोको रनिंग स्टाफ में आक्रोश फैल गया है। प्रशासनिक स्तर पर 20 सेट क्रू (20 लोको पायलट, 20 सहायक लोको पायलट और 20 ट्रेन मैनेजर) का ट्रांसफर पालनपुर (गुजरात) किए जाने के आदेश के बाद कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया है।

रेलवे रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने जताया विरोध
आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के मंडल सचिव प्रेमराज मीणा ने बताया कि रतलाम मंडल में पहले से ही लोको रनिंग स्टाफ की भारी कमी है। इस कारण कर्मचारियों को समय पर छुट्टी नहीं मिल पाती, रेस्ट में बाधा आती है, और नियम विरुद्ध 11 घंटे तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि “रेल प्रशासन की इस मनमानी से कर्मचारियों में गहरा रोष है। जिन कर्मचारियों ने वर्षों पहले ट्रांसफर के लिए आवेदन दिया था, उन्हें क्रू की कमी का हवाला देकर नहीं छोड़ा जा रहा, जबकि अब रतलाम से 20 सेट क्रू का ट्रांसफर कर दिया गया है।”

क्रू की कमी से ठप पड़ रहा मालगाड़ियों का संचालन
रतलाम मंडल में पहले से ही क्रू की कमी के कारण मालगाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार संचालन में भी देरी होती है। इसके बावजूद अचानक किए गए ट्रांसफर आदेश से स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

कर्मचारियों ने किया मंडल कार्यालय का घेराव
इस आदेश के खिलाफ शुक्रवार को 100 से अधिक रनिंग कर्मचारियों ने मंडल कार्यालय का घेराव किया और आदेश वापस लिए जाने तक आमरण अनशन का निर्णय लिया। कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि ट्रांसफर आदेश को तुरंत रद्द किया जाए और रतलाम मंडल में क्रू की कमी को दूर किया जाए।

0%