Ratlam News: रतलाम नगर निगम में मारपीट का वीडियो वायरल: रिटायर्ड महिला और पुरुष कर्मचारी आपस में भिड़े, थाने में हुआ समझौता

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर निगम परिसर गुरुवार को उस समय अखाड़ा बन गया जब दो रिटायर्ड कर्मचारी—एक पुरुष और एक महिला—के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस पूरी घटना का वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों को लात-घूंसे चलाते हुए देखा जा सकता है।

विवाद में शामिल पुरुष कर्मचारी दिनेश सोलंकी मीसाबंदी रह चुके हैं, जबकि महिला कर्मचारी का नाम फूलकुंवर बताया गया है। घटना नगर निगम मुख्य द्वार के अंदर परिसर में दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई।

आपसी अनबन ने लिया हिंसक रूप

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से आपसी कहासुनी चल रही थी। बताया जा रहा है कि सोलंकी ने महिला को कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे नाराज महिला दो दिन से उनकी प्रतीक्षा कर रही थी। जैसे ही गुरुवार को सोलंकी नगर निगम पहुंचे, महिला ने उनका रास्ता रोक लिया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला ने पहले थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में सोलंकी ने भी वार किया। गाली-गलौज के साथ महिला ने हाथ में लट्ठ तक उठा लिया। बाद में अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस मारपीट का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों को आपस में धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। वीडियो में सोलंकी यह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने “हंसी-मजाक में बात की थी”, लेकिन क्या कहा गया था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

थाने में पहुंचा मामला, बिना FIR हुआ समझौता

घटना के बाद दोनों कर्मचारी स्टेशन रोड थाने पहुंचे, जहां नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी पहुंच गए। थाने में दोनों पक्षों को समझाया गया, और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

नगर निगम के उपायुक्त और प्रभारी कमिश्नर करुणेश दंडोतिया ने पुष्टि की कि मारपीट की सूचना उन्हें मिली थी, लेकिन किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी।