Ratlam News: रतलाम नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 7 तबेले ढहाए, 60 गायें जप्त कर गौशाला भेजी गईं

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: नगर पालिक निगम रतलाम ने सोमवार 15 सितंबर 2025 को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के कई इलाकों में अवैध तबेलों को ढहा दिया। महापौर, आयुक्त एवं स्वास्थ्य समिति प्रभारी के आदेशानुसार तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से निगम पशु टीम ने 7 पशु मालिकों पर कार्रवाई की। नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान कुल 60 गायों को जप्त कर गौशाला भिजवाया और तबेलों को तोड़ने के लिए 1 जेसीबी मशीन व 2 पशु वाहन लगाए गए। वीडियो देखे- जिनके तबेले तोड़े गए – कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी राजेन्द्रसिंह पंवार, झोन प्रभारी पवर्त हाडें, किरण चौहान, विनयसिंह चौहान, तरुण राठौड़, आशीष चौहान, पशु वाहन प्रभारी रामचरण सिंह एवं वार्ड दरोगा मौजूद रहे। नगर निगम का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध तबेलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में दर्दनाक हादसा: कचरा कलेक्शन वाहन की टक्कर से शिक्षिका की मौत, बेटा घायल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सरकारी स्कूल की शिक्षिका की जान चली गई। नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे शिक्षिका की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान रात करीब 9:30 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतका के बेटे ने वाहन चालक के खिलाफ औद्योगिक थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्कूल से लौट रही थीं, बेटा बाइक से लेने आया था जानकारी के अनुसार, टाटा नगर निवासी सुनीता शाह (उम्र 55 वर्ष) कल्मोड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका थीं। सोमवार दोपहर वे स्कूल से लौटकर रतलाम आईं। डोंगरे नगर स्थित बोधि स्कूल के पास उनका बेटा गौतम शाह (उम्र 25 वर्ष) उन्हें बाइक से लेने पहुंचा। दोनों लालबाग की ओर बेटी सोनाली बेरा के घर जा रहे थे। टर्न लेते समय पीछे से टकराया कचरा वाहन करीब 3:45 बजे जब गौतम बाइक से जवाहर स्कूल, बिरियाखेड़ी के पास मोड़ ले रहा था, तभी तेज रफ्तार से सखी मार्केट की दिशा से आ रहे नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहन (MP43 L 1015) ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सिर के बल गिरने से शिक्षिका गंभीर रूप से घायल टक्कर के बाद मां-बेटा दोनों सड़क पर गिर गए। शिक्षिका सुनीता शाह सिर के बल गिरीं, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल 80 फीट रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात 9:30 बजे उनकी मौत हो गई। बेटा भी हुआ घायल, सदमे में परिवार हादसे में गौतम शाह को भी पैर और कमर में हल्की चोट आई है। मां की मौत के बाद वह पूरी तरह टूट गया। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और परिजनों को उसे दोबारा अस्पताल ले जाना पड़ा। साथी शिक्षक ने छोड़ा था डोंगरे नगर परिवार ने बताया कि शिक्षिका को स्कूल से लौटते समय उनके साथी शिक्षक ने डोंगरे नगर तक छोड़ा था, जहां से बेटा गौतम उन्हें लेने आया था। रोज की तरह सोमवार को भी वह मां को लेने पहुंचा था, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया। परिवार में शोक की लहर, रेस्टोरेंट चलाते हैं पति शिक्षिका के पति सुशील शाह और दामाद अयान बेरा बिरमावल में एक रेस्टोरेंट चलाते हैं। वर्तमान में सुनीता बेटी के घर पर ही रह रही थीं। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस ने दर्ज किया केस, जल्द होगी गिरफ्तारी थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि बेटे गौतम शाह की रिपोर्ट पर सोमवार रात 12 बजे वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धारा में केस दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Ratlam News: रतलाम नगर निगम में मारपीट का वीडियो वायरल: रिटायर्ड महिला और पुरुष कर्मचारी आपस में भिड़े, थाने में हुआ समझौता

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर निगम परिसर गुरुवार को उस समय अखाड़ा बन गया जब दो रिटायर्ड कर्मचारी—एक पुरुष और एक महिला—के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस पूरी घटना का वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों को लात-घूंसे चलाते हुए देखा जा सकता है। विवाद में शामिल पुरुष कर्मचारी दिनेश सोलंकी मीसाबंदी रह चुके हैं, जबकि महिला कर्मचारी का नाम फूलकुंवर बताया गया है। घटना नगर निगम मुख्य द्वार के अंदर परिसर में दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। आपसी अनबन ने लिया हिंसक रूप स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से आपसी कहासुनी चल रही थी। बताया जा रहा है कि सोलंकी ने महिला को कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे नाराज महिला दो दिन से उनकी प्रतीक्षा कर रही थी। जैसे ही गुरुवार को सोलंकी नगर निगम पहुंचे, महिला ने उनका रास्ता रोक लिया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला ने पहले थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में सोलंकी ने भी वार किया। गाली-गलौज के साथ महिला ने हाथ में लट्ठ तक उठा लिया। बाद में अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो इस मारपीट का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों को आपस में धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। वीडियो में सोलंकी यह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने “हंसी-मजाक में बात की थी”, लेकिन क्या कहा गया था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। थाने में पहुंचा मामला, बिना FIR हुआ समझौता घटना के बाद दोनों कर्मचारी स्टेशन रोड थाने पहुंचे, जहां नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी पहुंच गए। थाने में दोनों पक्षों को समझाया गया, और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। नगर निगम के उपायुक्त और प्रभारी कमिश्नर करुणेश दंडोतिया ने पुष्टि की कि मारपीट की सूचना उन्हें मिली थी, लेकिन किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी।

Ratlam News: सिवरेज सिस्टम बना मौत का कारण: पारस सकलेचा ने नगर निगम और ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में सिवरेज सिस्टम की बदहाली ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जहरीली सिवरेज गंदगी नालियों से बहकर अब घरों तक पहुँच रही है, जिससे स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने इस गंभीर स्थिति के लिए नगर निगम और ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सिवरेज सिस्टम पूरी तरह फ्लॉप हो चुका है और नगर निगम ठेकेदार के एजेंट की तरह काम कर रहा है। भ्रष्टाचार ने किया शहर को तबाह सकलेचा ने आरोप लगाया कि सिवरेज परियोजना में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का भ्रष्टाचार हुआ है। योजना के अंतर्गत 6 सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने थे, लेकिन सिर्फ 2 प्लांट ही बने। इसके अलावा 53273 मकानों को जोड़ने का लक्ष्य था, पर सिर्फ 26939 मकानों को जोड़कर ही 138 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर दी गई। बरसात ने खोली पोल जैसे ही शहर में हल्की बारिश हुई, नालियों में जमा सिवरेज का काला और जहरीला पानी सड़कों पर फैल गया। सकलेचा ने बताया कि पाइप बिछाने में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई, और मेनहोल तथा हाउस सर्विस चैंबर भी सही स्थानों पर नहीं बनाए गए। कई घरों का सिवरेज सीधे नालियों में छोड़ा गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। बीमारियों का खतरा बढ़ा शहर की सड़कों पर फैली सिवरेज की गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। सकलेचा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थिति जनस्वास्थ्य आपदा में बदल सकती है। नगर निगम पर सवाल पूर्व विधायक ने कहा कि योजना के पूर्ण होने के बाद 5 साल का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड रखा गया था, इसके बावजूद ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए ठेकेदार के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं।

Ratlam News: नागरिकों और बच्चों को कम शुल्क में मिलेगा तैराकी का आनंद: महापौर प्रहलाद पटेल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के सिविक सेंटर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे तरणताल को एक बार फिर नागरिकों के लिए खोल दिया गया है। आज विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटने के साथ महापौर प्रहलाद पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इसका पुनः शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महापौर श्री पटेल ने कहा कि अब आम नागरिक और बच्चे बेहद कम राशि में तैराकी का लाभ ले सकेंगे। कई माह से बंद चल रहे इस तरणताल को पुनः प्रारंभ करने के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। अंततः रामा कृष्णा इंटरप्राइजेस दिल्ली को इसका संचालन सौंपा गया है, जो देशभर में 38 से अधिक तरणतालों का सफल संचालन कर रही है। महापौर ने सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर दिए विशेष निर्देश महापौर प्रहलाद पटेल ने तरणताल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। तरणताल का जल नियमित रूप से साफ और बदला जाए। शॉवर लेने के बाद ही किसी को तरणताल में प्रवेश की अनुमति मिले। नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में शहरवासी लंबे समय से तरणताल के पुनः प्रारंभ होने की प्रतीक्षा कर रहे थे, जो आज पूरी हुई। मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा ने बताया कि तैराकी न जानने वाले नागरिकों और बच्चों के लिए प्रशिक्षक और लाइफ गार्ड की व्यवस्था भी की गई है। शहर के बीच स्थित इस तरणताल के फिर से खुलने से न सिर्फ खेलकूद को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य और फिटनेस की दिशा में भी नागरिकों को लाभ पहुंचेगा। कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित इस अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, भाजपा जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, महापौर परिषद सदस्य पप्पू पुरोहित, धर्मेन्द्र व्यास, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, सपना त्रिपाठी सहित कई पार्षद, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र चौहान ने किया और आभार क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती मनीषा चौहान ने व्यक्त किया।

Ratlam News: रतलाम में खुले में कचरा फेंकने और डिस्पोजल के उपयोग पर छह दुकानदारों पर जुर्माना

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में खुले में कचरा फेंकने और चाय-कॉफी के डिस्पोजल कप का उपयोग करने वाले दुकानदारों पर महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देश पर जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य अमले ने शहर के छह रेस्टोरेंट और चाय दुकानों पर दो सौ पचास रुपये का जुर्माना किया और दुकानदारों को भविष्य में ऐसा न करने की समझाइश भी दी गई। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, वे हैं महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि रतलाम शहर को पूरी तरह कचरा मुक्त बनाने के लिए नगरीय सीमा में डिस्पोजल कप और अमानक पॉलीथीन का निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यदि कोई प्रतिबंध का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। जुर्माने की यह कार्रवाई स्वास्थ्य अधिकारी ए पी सिंह के निर्देशन में झोन प्रभारी पर्वत हाड़े, किरण चौहान और आशीष चौहान द्वारा की गई।

Ratlam News: गर्मी में निर्बाध जल आपूर्ति के लिए निगम आयुक्त ने किया फिल्टर प्लांट का निरीक्षण

लीकेज सुधारने के दिए निर्देश, पानी की बर्बादी रोकने पर जोर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गर्मी के मौसम में नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और जल आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने बुधवार, 2 अप्रैल को धोलावाड़ और मोरवानी फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों को पेयजल वितरण से जुड़े सभी तकनीकी संसाधनों को सुचारू रूप से चालू रखने के निर्देश दिए ताकि पानी की सप्लाई प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने लीकेज की समस्या को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए, जिससे पानी का अपव्यय रोका जा सके। साथ ही, उन्होंने नागरिकों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़, सहायक यंत्री सुहास पंडित, उपयंत्री भैयालाल चौधरी, ब्रजेश कुशवाहा, अनुपम मिश्रा, जितेंद्र सिसोदिया, नीरज यादव, मोहन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ratlam News: रतलाम में हरमाला रोड का नाम बदलेगा: नगर निगम का साधारण सम्मेलन आज, बजट और विकास कार्यों पर होगी चर्चा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर निगम का साधारण सम्मेलन आज, 25 मार्च (मंगलवार) को निगम सभागार में आयोजित होगा। इस सम्मेलन में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय पत्रक (बजट) को पेश किया जाएगा। इसके अलावा, शहर के विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।   हरमाला रोड का नाम बदलेगा   सम्मेलन में शहर के वार्ड क्रमांक 26 स्थित हरमाला रोड का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, फूल मंडी चौराहे से हाकीमवाडा तक की सड़क को विरांगना गुजरी माता पन्ना धाय रोड नाम दिया जाएगा।   संपत्ति कर में 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव   नगर निगम संपत्ति कर में 10 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रस्ताव भी रखेगा। यदि प्रस्ताव पारित होता है, तो शहरवासियों को अगले वित्तीय वर्ष से बढ़े हुए कर का भुगतान करना होगा।   लीज नवीनीकरण पर चर्चा   नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं के तहत 30 वर्ष की लीज पर आवंटित भूखंडों और भवनों की लीज अवधि समाप्त होने पर आगामी 30 वर्षों तक बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा।   शहर में पेड पार्किंग होगी शुरू   नगर निगम प्रमुख स्थानों पर टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों के लिए पेड पार्किंग शुरू करने की योजना बना रहा है। प्रस्तावित पार्किंग स्थलों में शामिल हैं:   – साइंस कॉलेज गेट (कालेज रोड)   – आजाद चौक (चांदनी चौक)   – डॉ. देवीसिंग की गली   – धन जी बाई का नोहरा   – काशी नाथ का नोहरा   – लाडली लक्ष्मी लोकेंद्र भवन के सामने   – सर्वानंद मार्केट के पीछे   – आबकारी कंपाउंड   पार्किंग शुल्क   – टू-व्हीलर: 2 घंटे के लिए 10 रुपए, रात्रि शुल्क 25 रुपए   – फोर-व्हीलर: 2 घंटे के लिए 25 रुपए, रात्रि शुल्क 100 रुपए   मेला शुल्क में होगी बढ़ोतरी   अंबेडकर मांगलिक भवन (पोलोग्राउंड) के पास स्थित खुली भूमि के लिए निजी संस्थाओं से मेले और अन्य कार्यक्रमों के लिए वर्तमान में 1.30 रुपए प्रति वर्ग फीट शुल्क लिया जाता है। प्रस्ताव के तहत इसे बढ़ाकर 2 रुपए प्रति वर्ग फीट किया जाएगा।   भाजपा-कांग्रेस पार्षदों के बीच गरमागरम बहस की संभावना   सम्मेलन में भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच विभिन्न मुद्दों पर गरमागरम बहस होने की संभावना है। नगर निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा होगी।   इस बैठक में रतलाम नगर के भविष्य की कई योजनाओं को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

Ratlam News: बढ़े हुए संपत्ति कर के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, महापौर और विधायक के खिलाफ नारेबाजी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में बढ़ोतरी और अधिभार वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस और कांग्रेस पार्षद दल के नेतृत्व में महापौर और विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संपत्ति कर में पांच साल की बढ़ोतरी और उस पर अधिभार वसूली गैरकानूनी है और नगर निगम अधिनियम के विपरीत की जा रही है।   जनता बढ़ा हुआ संपत्ति कर न भरे – कांग्रेस का आह्वान   कांग्रेस नेताओं ने जनता से अपील की कि वे बढ़ा हुआ संपत्ति कर जमा न करें। यदि नगर निगम पुरानी दरों पर कर स्वीकार करने से इनकार करता है, तो कांग्रेस नेताओं से संपर्क करें। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि अवैध कर वसूली निरस्त नहीं की गई, तो उग्र जन आंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महापौर, विधायक और नगर निगम प्रशासन की होगी।  नगर निगम अधिनियम का उल्लंघन – कांग्रेस का आरोप   ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि अधिनियम की धारा 143 और 146 के तहत संपत्ति कर में बढ़ोतरी से पहले भवन मालिकों को सूचना पत्र देना जरूरी था, जो नहीं दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अधिकारी बिना किसी आधिकारिक सूचना के मौखिक रूप से बढ़ी हुई राशि बताकर वसूली कर रहे हैं और जनता को धमका रहे हैं।   नगर निगम कमिश्नर से तीखी बहस   नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि अब तक 10,000 सूचना पत्र जारी किए गए हैं, लेकिन पूर्व विधायक पारस सकलेचा और नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने इसे गलत बताते हुए कहा कि एक भी भवन मालिक को सूचना पत्र नहीं दिया गया है।    नियमों की अनदेखी और न्यायिक प्रक्रिया का उल्लंघन   ज्ञापन में कहा गया कि संपत्ति कर के पुनर्निर्धारण और मूल्यांकन से पहले जनता को सूचित करना और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर देना आवश्यक था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके अलावा, भवन मालिकों को बढ़े हुए कर के खिलाफ अपील करने का मौका भी नहीं मिला, जिससे वे जिला न्यायालय में भी वाद दायर नहीं कर सकते।   नगर निगम को चेतावनी – अवैध वसूली बंद करो वरना आंदोलन होगा   कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन को अवैध वसूली तुरंत रोकने की चेतावनी दी। यदि वसूली जारी रही, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा जन आंदोलन करेंगे।   प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे शामिल   इस विरोध प्रदर्शन में नगर निगम पार्षद दल उपनेता कमरुद्दीन कछवाय, कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, राजीव रावत, सैयद वुसत, बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, जोएब आरिफ, वहीद शैरानी, नासिर कुरेशी, सलीम भगवान, केसर बाई, किशन भगिनामा, कविता महावर, हितेश पेमाल, भावना पेमाल, सोनू व्यास, इक्का बेलूत, इकरार चौधरी, रशीद अंसारी, रमेश शर्मा, डॉक्टर मुस्तफा, राजेश प्रजापत, अन्नू धभाई, रुखसाना खान, राजकुमार जैन लाला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ratlam News: नगर निगम की कार्रवाई: बकाया नहीं चुकाने पर 3 दुकानें सील, 3.08 लाख की वसूली  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम रतलाम द्वारा बकाया किराया वसूली की कार्रवाई तेज कर दी गई है। निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट के निर्देशानुसार राजस्व विभाग ने बकाया किराया जमा नहीं करने पर 3 दुकानों को सील कर दिया, साथ ही 3.08 लाख रुपये की वसूली की गई।   राजस्व अमले ने तिलक मार्केट में मोहम्मद सलीम और माणक चौक में मेसर्स अली हुसैन व सुधा-रामचंद्र की दुकान को सील किया। निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बकाया किराया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।   पिछले दो दिनों में 6 दुकानों और 2 गुमटियों को सील किया गया है। इस दौरान कुल 6.96 लाख रुपये की वसूली की गई। नगर निगम द्वारा दुकानदारों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपने बकाया का भुगतान करें अन्यथा उनकी दुकानों को सील किया जा सकता है।   8 मार्च को नेशनल लोक अदालत: संपत्तिकर और जलकर बकायादारों को राहत   रतलाम, 6 मार्च। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 8 मार्च शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान संपत्तिकर और जलकर बकायादारों को अधिभार सरचार्ज में छूट दी जाएगी।   बकायादार नगर निगम कार्यालय फायर स्टेशन भवन के पास और जिला न्यायालय परिसर में आयोजित शिविर में बकाया राशि जमा कर सकते हैं।   छूट की प्रमुख शर्तें:   ₹50000 तक के संपत्तिकर बकाया पर 100 प्रतिशत अधिभार छूट   ₹10000 तक के जलकर बकाया पर 100 प्रतिशत अधिभार छूट   ₹50000 से 100000 के संपत्तिकर बकाया पर 50 प्रतिशत अधिभार छूट   ₹10000 से 50000 के जलकर बकाया पर 75 प्रतिशत अधिभार छूट   ₹100000 से अधिक के संपत्तिकर बकाया पर 25 प्रतिशत अधिभार छूट   ₹50000 से अधिक के जलकर बकाया पर 50 प्रतिशत अधिभार छूट   यह छूट सिर्फ 8 मार्च 2025 की नेशनल लोक अदालत के लिए मान्य होगी और केवल वर्ष 2023-24 तक की बकाया राशि पर लागू होगी।   नगर निगम ने बकायादारों से अपील की है कि वे इस एकदिवसीय विशेष अवसर का लाभ उठाकर अपनी बकाया राशि जमा करें और अधिभार में दी जा रही छूट का फायदा उठाएं।