विहिप स्थापना दिवस : जन्माष्टमी पर 60 वर्ष पूरे करेगा विश्व हिंदू परिषद, रतलाम के 9 प्रखण्डों पर होंगे कार्यक्रम

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

पब्लिक वार्ता – रतलाम,
जयदीप गुर्जर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की स्थापना के 60 साल पूरे होने पर संगठन स्थापना दिवस मना रहा है। इसके अंतर्गत 26 अगस्त से लेकर 1 सितंबर तक जिले के कुल 9 प्रखण्डों में विभिन्न आयोजन होंगे। शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने बताया स्थापना को लेकर पूरे भारत में आयोजन किए जा रहे हैं। जिले में भी प्रखंड स्तर पर गतिविधियों का आयोजन करते हुए स्थापना दिवस मनाया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप ) की स्थापना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन ही मुंबई में 1964 ईस्वी में हुई थी। इसके प्रेरणा श्रोत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर उर्फ श्री गुरुजी थे। आज विहिप का काम भारत के सभी प्रांतों के साथ साथ विश्व के 50 से अधिक देशों में है।आपको बता दे विहिप की स्थापना का उद्देश्य “हिंदू समाज को संगठित करना, मजबूत करना और हिंदू धर्म की सेवा और सुरक्षा करना” है। इसकी स्थापना हिंदू मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार तथा गोहत्या और धर्मांतरण के मामलों से निपटने के लिए की गई थी। अयोध्या बाबरी विध्वंस और राम मंदिर निर्माण में विहिप मुख्य भूमिका में रहा है।

जिलाध्यक्ष दीपक व्यास व जिला मंत्री गौरव शर्मा के अनुसार विहिप की स्थापना 29 अगस्त 1964 को मुंबई में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुई थी। संगठन द्वारा समय समय पर समाज के लिए विभिन्न आयामों के द्वारा सेवा और जागरूकता के कार्य किए है। विहिप के गौ रक्षा विभाग द्वारा 60 स्थानों पर देशी गाय की नस्लों के संवर्धन के कार्य किए जा रहे है। भारत में 1200 गौशाला संचालित की जा रही है। 40 स्थान पर घरेलू उपचार व औषधि वितरण कार्य किया जा रहा है। धर्म प्रचार विभाग ने 62 लाख भाई-बहनों का धर्म परिवर्तन रोकने, 8 लाख 50 हजार लोगों की घर वापसी, 400 विद्यालय में 32000 विद्यार्थी पढ़ाई की व्यवस्था, 4 हजार से अधिक सेवा प्रकल्प, शिक्षा के 1417, चिकित्सा में 1653 प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला कोषाध्यक्ष शंकर सिंह सोलंकी, जिला सहसंयोजक राजाराम ओहरी, सहसंयोजक आशु टांक, सह प्रसार प्रमुख विक्की सेन, धर्माचार्य प्रमुख हीरालाल सीरवी आदि मौजूद रहे।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Telegram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *