Ratlam News: DIG निमिष अग्रवाल ने पुलिस लाइन रतलाम में लिया परेड का वार्षिक निरीक्षण, बलवा ड्रिल और डॉग स्क्वाड का किया अवलोकन

📖 1 min read

रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल द्वारा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 22 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन ग्राउंड, रतलाम में परेड का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रतलाम  अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

WATCH VIDEO

निरीक्षण के दौरान परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत के नेतृत्व में परेड द्वारा DIG महोदय को सलामी दी गई। सलामी के उपरांत परेड में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, ड्रिल, मार्चिंग और आपसी समन्वय का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

यातायात अभ्यास और बलवा ड्रिल का प्रभावी प्रदर्शन

परेड के बाद टोलीवार कार्यवाही संपन्न कराई गई। इसके पश्चात पुलिस प्लाटून द्वारा यातायात नियंत्रण, सड़क दुर्घटना रोकथाम और भीड़ प्रबंधन से संबंधित अभ्यास कराया गया।

इसके बाद पुलिस डॉग स्क्वाड, वाहन शाखा और पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया गया। शासकीय वाहनों में पुलिस जीप, चार पहिया वाहन, वज्र वाहन एवं विशेष उपयोगी वाहनों की कार्यशीलता, रख-रखाव और उपकरणों की जांच की गई।

बलवा ड्रिल अभ्यास के दौरान आंसू गैस, वाटर कैनन, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा निर्माण एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

200 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित

परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल सहित 3 डीएसपी, 1 रक्षित निरीक्षक, 20 निरीक्षक, 2 सूबेदार, 11 उप निरीक्षक, 14 सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक और 110 आरक्षक, कुल 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस सम्मेलन में रखी गईं समस्याएं

परेड के उपरांत पुलिस लाइन में पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिन्हें DIG निमिष अग्रवाल ने गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

0%