जावरा में मामूली विवाद के बाद युवक पर गुप्ती से हमला, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जावरा शहर थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर गुप्ती से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो देखे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक कमालसिंह को सीएच जावरा से सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे। यहां फरहान उर्फ गोलू (19) पिता कामील अब्बासी, निवासी अकब बिजली घर के पीछे जावरा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अप्रैल को फरियादी के बड़े भाई दानिश ने समीर हुसैन को गली में वाहन धीरे चलाने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर समीर हुसैन ने फरहान को ईदगाह मैदान पर बुलाया।
फरियादी अपने दोस्त सारेफ शेख के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखी गुप्ती से फरियादी के बाएं गाल, दाहिने कंधे और दाहिने हाथ के अंगूठे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल युवक को उसके दोस्त द्वारा तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर देहाती नालसी दर्ज कर थाना जावरा शहर में आरोपी समीर हुसैन के खिलाफ धारा 118(1), 296(बी), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।