रतलाम के सुखेड़ा में शादी के नाम पर 2.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शादी के तीन दिन बाद दुल्हन भाई के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर फरार हो गई। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सुखेड़ा क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक को शादी का झांसा देकर 2 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की गई। हैरानी की बात यह है कि शादी के महज तीन दिन बाद ही दुल्हन अपने भाई के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर फरार हो गई। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3 लाख की मांग, 2.80 लाख रुपये में हुआ सौदा
जानकारी के अनुसार सुखेड़ा निवासी गंगाबाई पत्नी राकेश पंडित ने मार्च माह में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी बहन चंदाबाई निवासी नगरी (मंदसौर) के पुत्र भरत नागदा की शादी नहीं हो रही थी।
इसी दौरान सुखेड़ा निवासी मोहनलाल मोगिया ने अपने उत्तर प्रदेश स्थित रिश्तेदारों के माध्यम से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। शुरुआत में करीब 3 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई, बाद में 2 लाख 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। यह राशि गंगाबाई के खाते के माध्यम से मोहनलाल मोगिया को दे दी गई।
उत्तर प्रदेश में स्टाम्प पेपर पर कराई गई शादी
परिवार के अनुसार 25 फरवरी को भरत नागदा और उनके परिजन उत्तर प्रदेश पहुंचे। वहां सोनभद्र जिले के घिवही क्षेत्र में माला नामक युवती से मुलाकात करवाई गई। भरत और माला के बीच वरमाला की रस्म हुई, मांग में सिंदूर भरा गया और स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कर विवाह की औपचारिकता पूरी की गई।
इसके बाद दुल्हन माला को लेकर सभी लोग वापस मध्यप्रदेश लौट आए और सुखेड़ा में रहने लगे।
टिकट लाने का बहाना बनाकर हुई फरार
शादी के मात्र तीन दिन बाद माला ने अपने भाई के दुर्घटनाग्रस्त होने की बात कही और उत्तर प्रदेश जाने की इच्छा जताई। भरत नागदा उसे भोपाल रेलवे स्टेशन तक छोड़ने पहुंचे।
परिजनों के अनुसार स्टेशन पर माला टिकट लेने का बहाना बनाकर गई और फिर वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दूसरी शादी के लिए मांगे गए 80 हजार रुपये
जब पीड़ित परिवार ने मोहनलाल मोगिया से संपर्क किया तो दीपक नामक व्यक्ति ने 80 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च करने पर दूसरी शादी कराने का प्रस्ताव दिया। इसी के बाद परिवार को ठगी का शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
मामले की जांच के बाद 11 जून को सुखेड़ा पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।
क्या बोले अधिकारी?
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत और जांच के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शादी के नाम पर किसी भी प्रकार के लालच या संदिग्ध प्रस्तावों से सतर्क रहें और पूरी जानकारी की पुष्टि के बाद ही कोई आर्थिक लेन-देन करें।