रतलाम में स्टेशन रोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्राफा बाजार में डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से तलवार, फालिया, गुप्ती और हाईड्रोलिक कटर सहित कई हथियार बरामद हुए।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्टेशन थाना पुलिस ने सर्राफा बाजार में बड़ी ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाकर डकैती की योजना बना रहे एक खतरनाक अंतरराज्यीय गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घातक हथियार और चोरी-डकैती में उपयोग होने वाले औजार भी बरामद किए हैं।
वीडियो देखे
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में रात्रि गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि पंचपीर दरगाह और नई ईदगाह के पास उंकाला रोड पर कुछ संदिग्ध लोग हथियारों के साथ बैठे हैं और सर्राफा बाजार में बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को दबोच लिया।
आरोपियों के पास से क्या मिला?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार, फालिया, गुप्ती, लोहे की टॉमी, गुलेल, हाईड्रोलिक कटर, पेचकस, पाना और अन्य औजार जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि ये सभी उपकरण ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी और डकैती के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले थे।
अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के रायसेन, अशोकनगर, उज्जैन और अन्य जिलों से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रभात उर्फ चेतन बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र में हुई एक बड़ी डकैती का फरार इनामी आरोपी भी है। वहीं कई अन्य आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी और स्थायी वारंट भी लंबित पाए गए हैं।
एक आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार सर्राफा बाजार की रेकी करने वाला आरोपी दिनेश हांडा, निवासी बजरंग नगर रतलाम, कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण सर्राफा बाजार में होने वाली बड़ी वारदात को टाल दिया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 458/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 310(5) और आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी सक्रिय रहा है पारदी गैंग
मध्यप्रदेश में पारदी और मोगिया गैंग के कई सदस्य पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और डकैती जैसी घटनाओं में शामिल पाए गए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।