Ratlam News: रतलाम के नामली क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती के गर्भवती होने पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मां की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के एक गांव में मानसिक स्थिति से परेशान 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती के कई महीनों से पीरियड नहीं आने और पेट बढ़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद युवती की मां ने नामली थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवती से प्रारंभिक पूछताछ में उसने श्मशान क्षेत्र की ओर घटना होने की बात बताई है। अब पुलिस घटनास्थल और युवती द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कई बार घर से अकेली निकल जाती थी युवती
शिकायत के अनुसार, युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज भी कराया जा चुका है। परिवार में मां के अलावा चार बेटियां और एक बेटा है। युवती कभी-कभी सामान्य बातचीत करती है, लेकिन कई बार बिना बताए घर से बाहर चली जाती थी।
परिजनों ने बताया कि वह कभी श्मशान की ओर तो कभी जंगल की तरफ चली जाती थी। परिवार के सदस्य उसे तलाशकर वापस घर लेकर आते थे।
करीब चार से पांच महीने पहले भी युवती घर से चली गई थी। परिजन उसे रात के समय एक गांव से तलाश कर वापस लाए थे।
पीरियड नहीं आने और पेट बढ़ने पर हुआ संदेह
मां ने पुलिस को बताया कि युवती के घर लौटने के बाद करीब तीन से चार महीने तक उसका पीरियड नहीं आया। कुछ समय बाद पेट बढ़ा हुआ दिखाई देने पर परिवार को संदेह हुआ कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
16 सितंबर को परिजन युवती को नामली के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।
अस्पताल की ओर से पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद युवती की मां उसे लेकर नामली थाने पहुंचीं और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
युवती ने श्मशान की ओर घटना होने की बात बताई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवती ने श्मशान की ओर उसके साथ घटना होने की बात बताई है। मां ने अपनी शिकायत में अज्ञात व्यक्ति पर गलत काम करने की आशंका जताई है।
पुलिस अब युवती के बयान, घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित स्थानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
नामली थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में हाईवे ट्रकों को निशाना बनाने वाला गिरोह गिरफ्तार, लहसुन-सरसों समेत 8.59 लाख का माल जब्त
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता देवीबाई हत्याकांड का खुलासा, जमीन का हिस्सा नहीं देना पड़ा भारी, पिता-बेटे ने की हत्या
- सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम ने फिक्की अराइज अवॉर्ड के तीसरे चरण में बनाई जगह