BREAKING राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक इंदौर में शुरू, 400 प्रतिनिधि जुटे; शताब्दी वर्ष की गतिविधियों पर होगा मंथन

📖 1 min read

इंदौर में RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक शुरू हुई। 400 प्रतिनिधि शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, पंच परिवर्तन और शाखा विस्तार पर चर्चा करेंगे।

इंदौर- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक सोमवार, 2 नवंबर से शुरू हो गई है। डेली कॉलेज परिसर स्थित संत श्री रविदास जी महाराज सभागार में आयोजित इस बैठक में देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

बैठक का शुभारंभ RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। यह बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी। इसमें पंच परिवर्तन को समाज के व्यवहार में उतारने, शाखाओं के विस्तार और पहले से संचालित शाखाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।

देशभर से 400 प्रतिनिधि बैठक में शामिल

इंदौर में हो रही इस बैठक में संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारियों के साथ देश के सभी 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए हैं।

इनमें सभी सह सरकार्यवाह, क्षेत्र संघचालक, क्षेत्र कार्यवाह, क्षेत्र प्रचारक, प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह और प्रांत प्रचारक सहित उनके सहयोगी कार्यकर्ता मौजूद हैं। इसके अलावा संघ से प्रेरित कुछ विविध संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री और सह संगठन मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

RSS के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।

इसके साथ ही आगामी समय में इन गतिविधियों को आगे बढ़ाने और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और उनके नियमित अनुवर्तन को लेकर कार्ययोजना तैयार करने पर विचार किया जाएगा।

पंच परिवर्तन और शाखा विस्तार पर विशेष चर्चा

बैठक के प्रमुख विषयों में पंच परिवर्तन को समाज के व्यवहार में प्रभावी रूप से लागू करना शामिल है। संघ की ओर से इन विषयों को लेकर निरंतर जनजागरण और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने की योजना पर विचार किया जाएगा।

इसके अलावा शताब्दी वर्ष के दौरान स्वयंसेवकों की ओर से किए गए शाखा विस्तार की समीक्षा भी होगी। जिन स्थानों पर नई शाखाएं शुरू की गई हैं, उन्हें नियमित और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा। साथ ही नए क्षेत्रों में शाखाएं शुरू करने और मौजूदा शाखाओं को मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

मोहन भागवत के विजयादशमी उद्बोधन पर भी मंथन

बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के विजयादशमी उद्बोधन में उठाए गए राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

इन विषयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने और उद्बोधन में प्रस्तुत विचारों के अनुरूप आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श होगा।

तीन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर सरकार्यवाह जारी करेंगे वक्तव्य

बैठक के दौरान सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तीन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के जीवन और योगदान पर वक्तव्य जारी करेंगे।

इनमें शामिल हैं:

1. राजनारायण बोस: राष्ट्रीय चेतना के प्रमुख व्यक्तित्व राजनारायण बोस की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन और योगदान पर वक्तव्य जारी किया जाएगा।

2. स्वामी श्रद्धानंद: शुद्धिकरण आंदोलन से जुड़े स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100वें वर्ष के अवसर पर उनके कार्यों और योगदान को लेकर जानकारी दी जाएगी।

3. स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती: ओडिशा के कंधमाल जनजातीय क्षेत्र में स्वाभिमान, स्वावलंबन और स्वधर्म की जागृति के लिए जीवन समर्पित करने वाले स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के जन्म के 100वें वर्ष के अवसर पर वक्तव्य जारी होगा।

संघ की ओर से इन तीनों वक्तव्यों के संबंध में मीडिया को समय-समय पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

दिवंगत प्रमुख हस्तियों को दी श्रद्धांजलि

बैठक की शुरुआत में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पिछले कुछ महीनों में दिवंगत हुई समाज की प्रमुख हस्तियों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि देने वालों में फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर, गायिका आशा भोसले, एस. जानकी और सुमन कल्याणपुरीकर, संत पद्मश्री रमेश बाबा, विवेकानंद केंद्र के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्णन, बलवीर पुंज, एस. वेदांतम, पत्रकार विराग पाचपोर, पराग वेदिक, पूर्व कुलपति देवेंद्र प्रताप सिंह, सच्चिदानंद महंती और संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे विनोद कुमार सहित अन्य नाम शामिल हैं।

संघ के 100 वर्षों की यात्रा पर विशेष प्रदर्शनी

बैठक स्थल पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा और मालवा क्षेत्र में संघ कार्य के क्रमिक विकास को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने 31 अक्टूबर को किया था। 2 नवंबर से इसे मीडिया प्रतिनिधियों के अवलोकन के लिए भी उपलब्ध कराया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से संघ की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा और मालवा क्षेत्र में हुए कार्यों को प्रस्तुत किया गया है।

4 नवंबर की शाम तक चलेगी बैठक

RSS की इस वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा से लेकर आगामी संगठनात्मक गतिविधियों तक कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होनी है। 4 नवंबर की शाम तक चलने वाली इस बैठक में होने वाले विचार-विमर्श और फैसलों पर देशभर के संघ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की नजर रहेगी।

इस संबंध में जानकारी संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों को दी। प्रेस विज्ञप्ति प्रांत प्रचार प्रमुख मालवा जयशंकर की ओर से जारी की गई।

↑
0%