रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक 11वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल छात्र जान बचाने के लिए स्कूल की ओर दौड़ा और वहां वॉचमैन को पूरी घटना बताई। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो टांके आए हैं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

जानकारी के अनुसार, घायल छात्र अमान पिता समीर खान (16 वर्ष) निवासी नाहरपुरा, शास्त्री नगर में स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता है। करीब एक माह पहले अमान का उसी स्कूल के एक अन्य छात्र से सीढ़ियों से उतरते समय धक्कामुक्की और विवाद हुआ था। तब स्कूल प्रबंधन ने दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया था।
मंगलवार दोपहर 12:45 बजे छुट्टी के बाद अमान अपनी टू-व्हीलर के पास पहुंचा ही था कि पुराना विवाद रखने वाला छात्र अपने दो बाहरी दोस्तों के साथ वहां खड़ा मिला। उन्होंने अमान से बातचीत के बहाने उसे कुछ दूर ले जाकर चाकू से हमला कर दिया।

घायल छात्र अमान का बयान:
“मैंने कहा कि झगड़ा नहीं करना चाहता, बस बात कर लो। तभी उन्होंने गाली दी और मुझ पर चाकू से वार कर दिया। मैं दौड़कर स्कूल की तरफ भागा, उन्होंने पीछा किया लेकिन मैं स्कूल में घुस गया और वॉचमैन को बताया। स्कूल के टीचर ने तुरंत गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।”
अमान के पिता समीर खान ने बताया कि, “पहले भी स्कूल में झगड़ा हुआ था लेकिन हमें नहीं बुलाया गया। आज उन्हीं बच्चों ने बाहर से दो गुंडा तत्व बुलाकर बेटे पर हमला किया।”
पुलिस ने दर्ज किया केस
थाना स्टेशन रोड प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी है। एक माह पहले दोनों छात्रों में झगड़ा हुआ था। मंगलवार को उसी विवाद को लेकर हमला किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों (एक छात्र और दो बाहरी युवकों) के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: जावरा में टैंकर के पहिए के आगे लेटा युवक, CCTV में कैद हुई घटना, मौत के बाद सड़क पर हंगामा
- Ratlam News: रतलाम में घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवारों ने पीछे से मारी गोली; CCTV में कैद हुए संदिग्ध
- रतलाम में सेवा भारती का भव्य कन्या पूजन समारोह, 1600 से अधिक कन्याओं का पूजन, 500 से ज्यादा समाजजन हुए शामिल