रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के जेल रोड पर तीन दिन पहले पेड़ की टहनी गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए मिस्त्री मोहम्मद इसराइल (45) की सोमवार को अहमदाबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल, फिर दाहोद और अंत में अहमदाबाद रेफर किया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।


मोहम्मद इसराइल हाट रोड स्थित मदीना मस्जिद के पास रहते थे। शुक्रवार दोपहर वे दिलीप नगर से काम कर लौट रहे थे, तभी जेल के सामने अचानक पेड़ की भारी टहनी टूटकर उन पर गिर गई। इस हादसे में उन्हें सिर, कंधे, कलाई, पैर और अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आई थीं।
इलाज के दौरान अहमदाबाद में उनकी हालत बिगड़ती गई और सोमवार को उनका निधन हो गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को देर शाम रतलाम लाया गया। मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक और नाराजगी का माहौल बन गया।

परिजनों और समाजजनों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय पर पेड़ की छंटाई की जाती, तो यह हादसा नहीं होता।
सोमवार रात को शव के अंतिम संस्कार से पहले परिजन और समाजजन हाट रोड स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और चक्काजाम किया। सूचना पर तहसीलदार ऋषभ ठाकुर और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद रात 10 बजे शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मोहम्मद इसराइल के पिता का सात माह पहले निधन हो चुका है। उनके परिवार में 70 वर्षीय मां फिरोजा बी, पत्नी खेरुन्निसा, एक 15 वर्षीय बेटी, 13 वर्षीय बेटा और दो विवाहित बेटियां हैं। इसराइल परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में कई जगह पुराने पेड़ों की देखरेख नहीं की जा रही है, जिससे इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
Latest News
- BREAKING MP Board Exam: 9वीं से 12वीं तक बदला पेपर पैटर्न, लघु उत्तरीय सवालों में नहीं मिलेगा विकल्प
- BREAKING surya grahan 2026: 12 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण से लेकर उल्का वर्षा तक; भारत में दिखेगा या नहीं?
- BREAKING Ratlam News: रतलाम बाल सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फरार, होमगार्ड से मारपीट; 6 पकड़े गए