Ratlam News: रतलाम में पानी के छींटों पर बवाल: ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या, 7 आरोपी हिरासत में

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पानी के छींटों को लेकर हुए झगड़े में ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना मध्यप्रदेश के बिलपांक थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई।

घटना का वीडियो देखे

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के छोटी सादड़ी निवासी दो सगे भाई उदयसिंह तंवर (42) और भगवानसिंह तंवर (39) अलग-अलग ट्रकों में महाराष्ट्र से माल लेकर अपने गृह राज्य लौट रहे थे। उदयसिंह पपीते से भरा ट्रक लेकर पुष्कर जा रहे थे, जबकि भगवानसिंह कपास लेकर भीलवाड़ा जा रहे थे।

पानी के छींटों को समझा थूक

रतलाम के पास फोरलेन पर चलते समय आगे चल रहे ट्रक से उड़े पानी के छींटे पीछे आ रहे बाइक सवारों पर गिर गए। बाइक सवारों ने इसे थूक समझ लिया और ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक चालक नहीं रुका।

होटल पर रोककर बेरहमी से पीटा

कुछ दूरी पर चिकलिया टोल नाके के पास एक होटल पर ट्रक रुका, जहां बाइक सवार भी पहुंच गए। यहां विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों और टॉमी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान भगवानसिंह की मौत हो गई, जबकि उदयसिंह का इलाज जारी है।

8 आरोपियों पर हत्या का केस

पुलिस ने मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इनमें से 7 को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि एक आरोपी को इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक भगवानसिंह अपने पीछे पत्नी बीना कुंवर और तीन मासूम बेटियां (7, 4 और 2 वर्ष) छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रतलाम पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव को राजस्थान ले जाया गया।

पुलिस जांच जारी

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।