रतलाम के काल्मोड़ा गांव में इकलौती बैलों की जोड़ी चोरी, नाराज़ ग्रामीण एसपी ऑफिस पहुंचे। जानिए पूरा मामला और पुलिस की कार्रवाई।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में एक अनोखी लेकिन चिंताजनक चोरी का मामला सामने आया है, जहां गांव की इकलौती बैलों की जोड़ी ही चोर ले उड़े। इस घटना से नाराज़ ग्रामीण अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गए हैं।
वीडियो देखे
क्या है पूरा मामला?
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के काल्मोड़ा गांव में 6 अप्रैल की रात अज्ञात बदमाशों ने किसान प्रदीप जाट के दो बैल चोरी कर लिए। खास बात यह है कि पूरे गांव में यही एकमात्र बैलों की जोड़ी बची थी, जो अब चोरी हो चुकी है।
पीड़ित किसान ने तुरंत मुंदड़ी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से एसपी ऑफिस पहुंचकर न्याय की मांग की।
खेती का आधार थे ये बैल
प्रदीप जाट ने बताया कि उनके बैल ही उनकी आय का एकमात्र साधन थे। आधुनिक मशीनों के दौर में भले ही ट्रैक्टर का उपयोग बढ़ गया हो, लेकिन सोयाबीन की फसल में ‘डोरे’ (करपे) चलाने के लिए आज भी बैलों की जरूरत पड़ती है।
उन्होंने बताया कि इन बैलों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये थी और गांव में अब किसी के पास बैलों की जोड़ी नहीं बची है, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों और किसान नेता का आरोप
किसान नेता डीपी धाकड़ ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि,
“पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है, जबकि यह सिर्फ चोरी नहीं बल्कि किसान की आजीविका पर सीधा हमला है। आज के समय में बैलों की जोड़ी मिलना भी आसान नहीं है।”
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद बैलों को ढूंढा जा सकता था।
पुलिस का क्या कहना है?
मामले में एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि पुलिस बैलों की तलाश में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।