रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा “जनसंवाद अभियान” चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत अलकापुरी अंबे माता चौक परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वीडियो देखे
क्षेत्रवासियों ने उठाए सुरक्षा और यातायात से जुड़े मुद्दे
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, यातायात व्यवस्था, रात्रिकालीन गश्त और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित समस्याएं पुलिस प्रशासन के सामने रखीं। एसपी अमित कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
धमकी की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई, FIR दर्ज करने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान एक आवेदक ने खुद को धमकाए जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक के सामने रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार ने तत्काल आवेदक को पुलिस वाहन से थाना औद्योगिक क्षेत्र भेजकर प्रकरण में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अन्य शिकायतों के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
कॉलोनी का निरीक्षण कर दिए जरूरी दिशा-निर्देश
जनसंवाद कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र का भ्रमण कर कॉलोनी की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान, उप पुलिस अधीक्षक यातायात आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र सत्येंद्र रघुवंशी सहित थाना स्टाफ और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पार्षद श्रीमती पुरोहित, मयूर पुरोहित और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
आमजन से पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याएं और शिकायतें बिना किसी संकोच के पुलिस के सामने रखें, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जा सके।