Ratlam News: कंटेनर ट्रक में छिपाकर लाई जा रही थी लाखों की बियर! रतलाम पुलिस ने 25 लाख की अवैध शराब पकड़ी

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 5172 बल्क लीटर अवैध बियर जब्त करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 25 लाख 68 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।

घटना का वीडियो देखे

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। मामले में अब शराब सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वहीं उप पुलिस अधीक्षक महिला सेल अजय सारवान की निगरानी में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही थी।

पुलिस को 18 मई 2026 की देर रात सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में टीम ने रतलाम बायपास फोरलेन रोड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के पास सेजावता क्षेत्र में घेराबंदी कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने कंटेनर ट्रक क्रमांक RJ-14-GL-7177 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में ट्रक के भीतर 431 पेटियों में भरी 5172 बल्क लीटर अवैध बियर बरामद हुई।

राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने मौके से आरोपी भोमाराम पिता जेठाराम जाट (32 वर्ष) निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

25 लाख से ज्यादा का मशरूका जब्त

पुलिस के अनुसार जब्त की गई अवैध बियर की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 68 हजार रुपए बताई गई है। वहीं कंटेनर ट्रक की कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है। कुल मिलाकर कार्रवाई में लगभग 25 लाख 68 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया।

जब्त सामग्री

  • 431 पेटियां अवैध बियर
  • कुल 5172 बल्क लीटर शराब
  • कंटेनर ट्रक RJ-14-GL-7177

लगातार चल रहा है अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान

रतलाम पुलिस पिछले कई महीनों से जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। हाल के दिनों में कई बड़ी कार्रवाइयों के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक दीक्षित, दिलीप खाती, हंसराज पटीगर सहित पुलिस टीम के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।