रतलाम फायरिंग केस में बड़ा खुलासा। सराफा व्यापारी के घर फायरिंग करवाने के मास्टरमाइंड वीनू शर्मा और उसके साथी अजय यादव गिरफ्तार। पुलिस जांच में 1 करोड़ की वसूली और 40 लाख की सुपारी का मामला सामने आया।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के चर्चित रतलाम फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 21 दिन पहले शहर के सैफी नगर स्थित सराफा व्यापारी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता विनोद उर्फ वीनू शर्मा और उसके साथी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक करोड़ रुपये की कथित वसूली के लिए 40 लाख रुपये की सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी।
वीडियो देखे

क्या है पूरा मामला?
19 जून को रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में सराफा व्यापारी कमल जैन के घर दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और घर पर फायरिंग कर फरार हो गए। गोली खिड़की को चीरते हुए घर के अंदर जा पहुंची। घटना के समय व्यापारी की पत्नी घर के अंदर मौजूद थीं। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गईं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद व्यापारी ने बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक विनोद उर्फ वीनू शर्मा पर धमकाने और फायरिंग कराने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू की।
1 करोड़ की वसूली के लिए 40 लाख की सुपारी
पुलिस पूछताछ में वीनू शर्मा ने कथित रूप से स्वीकार किया कि सरवन निवासी सराफा व्यापारी आदित्य सोमानी ने कमल जैन के बेटे दिव्यांश जैन से एक करोड़ रुपये की वसूली कराने के लिए 40 लाख रुपये में सुपारी दी थी। योजना के तहत पहले परिवार को धमकाया गया और बाद में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर पर फायरिंग करवाई गई।
पुलिस के अनुसार पूरी रकम की वसूली होने के बाद ही सुपारी की राशि का भुगतान किया जाना तय हुआ था।
साजिश ऐसे रची गई
जांच में सामने आया कि वीनू शर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश तैयार की। फायरिंग करने वाले आरोपियों की व्यवस्था की गई और वारदात से पहले व्यापारी परिवार को दो बार धमकाया गया। बाजार में भी दिव्यांश जैन को बुलाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने वीनू शर्मा के कब्जे से एक देसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस का बयान
डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को रतलाम जिले में सागोद और मोरवनी के बीच बन रहे पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। फरारी के दौरान दोनों गुजरात, राजस्थान, होशंगाबाद, देवास और इंदौर सहित कई स्थानों पर छिपते रहे। पुलिस अब उन लोगों की भी पहचान कर रही है जिन्होंने आरोपियों को शरण या मदद दी। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी अपराधों में शामिल रहा है वीनू शर्मा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वीनू शर्मा पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और उसे तीन वर्ष की सजा हुई थी। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। वहीं फायरिंग करने वाला आरोपी वसीम उर्फ पांडू पहले भी एक चर्चित हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है।
अब तक इतने आरोपी गिरफ्तार, दो अभी भी फरार
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक फायरिंग करने वाले, साजिश रचने वाले, हथियार उपलब्ध कराने वाले, बाइक उपलब्ध कराने वाले और धमकी देने वाले सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि वसीम पठान और अदनान शेरानी अभी भी फरार हैं। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उनकी तलाश लगातार जारी है।
Latest News
- BREAKING Ratlam News: रतलाम के आदिवासी पीजी छात्रावास में आधी रात हड़कंप, 15-20 लोगों के हथियार लेकर घुसने का आरोप
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में MD ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी, 2.70 करोड़ का मशरूका जब्त; क्रेटा छोड़ जंगल में भागे आरोपी
- BREAKING Ratlam News: रतलाम में ईद-ए-मिलाद जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, प्रमुख बाजारों और मार्गों का किया निरीक्षण