रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: जावरा-सीतामऊ सड़क मार्ग पर तीन अधूरे ब्रिज निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल गई है। आगामी एक सप्ताह में इनका कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार ने 10 करोड़ 9 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय के प्रयास हुए सफल
जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय के सतत प्रयासों के चलते यह स्वीकृति प्राप्त हुई है। 56 किमी लंबे जावरा-सीतामऊ सड़क मार्ग पर ग्राम रोला में रुपनिया खाल, ग्राम भड़का में कमला नदी और ग्राम असावती में महादेव खाल पर ब्रिज निर्माण कार्य अधूरा पड़ा था। ठेकेदार द्वारा काम छोड़ दिए जाने के कारण ग्रामीणों को कई वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक डॉ. पाण्डेय ने इस समस्या के समाधान हेतु मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क किया। उन्होंने विधानसभा सत्रों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिसका परिणाम अब सामने आया है।
आदेश जारी, अगले सप्ताह से होगा निर्माण कार्य प्रारंभ
लोक निर्माण विभाग ने तीनों ब्रिज के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए पुनः स्वीकृति जारी कर दी है। 40 फीट चौड़े इन ब्रिजों का निर्माण कार्य आगामी सप्ताह से प्रारंभ होगा और इसे 8 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्षेत्रवासियों में हर्ष, विधायक व सरकार के प्रति आभार
जावरा-सीतामऊ सड़क मार्ग, जो रतलाम और मंदसौर जिलों को जोड़ता है, पर अधूरे ब्रिज निर्माण कार्य की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विधायक डॉ. पाण्डेय ने जनता को बधाई दी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया।
बालाराम पाटीदार, डॉ. राजेन्द्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, राजेश शर्मा, मुकेश बग्गड़, विजय शर्मा, विनोद शर्मा, नाथूलाल शर्मा, बबलेश पाटीदार, प्रकाश जैन, नागुलाल धनगर, महिपाल सिंह सहित अनेक क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए सरकार और विधायक डॉ. पाण्डेय को धन्यवाद दिया।