रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। शहरवासियों को सस्ती और विश्वसनीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सनातन स्वास्थ्य संजीवनी सेवा समिति ने पैथोलॉजी जांच सेवाओं की शुरुआत कर दी है। गुरुवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की उपस्थिति में इस जनहितैषी प्रकल्प का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और महापौर प्रहलाद पटेल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल को आमजन के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य आम नागरिकों को कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधा उपलब्ध कराना है। यहां रक्त और मूत्र से संबंधित सभी प्रमुख जांचें NABL प्रमाणित होंगी, जिससे रिपोर्ट की विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।
खास बात यह है कि यहां की जांच रिपोर्ट देश के बड़े शहरों—बड़ौदा, अहमदाबाद, इंदौर और मुंबई के प्रमुख अस्पतालों में भी मान्य रहेगी। इससे मरीजों को बार-बार बाहर जाकर जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस नई सुविधा के शुरू होने से न केवल गंभीर मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि उनका समय और खर्च भी बचेगा। समिति ने आने वाले समय में और भी स्वास्थ्य सेवाएं जोड़ने की योजना जताई है, जिससे रतलाम में चिकित्सा सुविधाओं का दायरा और बढ़ेगा।