जन आक्रोश यात्रा : कांग्रेस के जीतू पटवारी और नेता मयंक जाट का भाजपा पर हल्ला बोल!, यात्रा का हुआ भव्य स्वागत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,
जयदीप गुर्जर। आलोट से जिले में प्रवेश करने के बाद शुक्रवार शाम कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा शहर में पहुंची। इसके पहले जावरा और सैलाना होते हुए यात्रा शिवगढ़ पहुंची। बाजना बस स्टैंड से नगर में प्रवेश करने के बाद यात्रा चांदनी चौक, चौमुखी पुल, डालूमोदी बाजार आबकारी चौराहा होते हुए रानीजी के मंदिर पहुंचकर आमसभा में तब्दील हो गई। यात्रा का जगह जगह कांग्रेस नेताओं ने मंच लगाकर स्वागत किया।
यहां क्षेत्रीय यात्रा प्रभारी जीतू पटवारी, यात्रा संयोजक व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया व अन्य नेताओं ने कुशासन को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से गुटबाजी छोड़कर मेहनत व लगन के साथ विधानसभा चुनाव में जुट जाने की नसीहत दी। साथ ही जनता से आगामी चुनाव में कांग्रेस को जिताने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रेमलता दवे, यास्मीन शेरानी आदि कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे।

धानमंडी में आयोजित सभा में कांग्रेस नेता जीतू पटवारी और यात्रा संयोजक मयंक जाट ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। राउ विधायक जीतू पटवारी ने लाडली बहना योजना के कार्यक्रमों के नाम पर भाजपा द्वारा फिजूल खर्ची किए जाने का आरोप लगाया है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में शराब की बिक्री हर घर तक दोगुना हो गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि बड़े-बड़े पांडाल लगाकर फैशन शो की तरह लंबे-लंबे रैंप बनाए जाते हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हाथ में माइक लेकर रैम्प पर चलकर भाषण देते हैं। कांग्रेस नेता पटवारी ने कहा कि विधानसभा में मेरे प्रश्न के जवाब में लाडली बहन के 13 कार्यक्रमों में 40 करोड रुपए खर्च करने की जानकारी दी गई।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मयंक जाट ने कहा की 10 साल पहले शहर विधायक ने माही का पानी रतलाम में लाने की बात कही थी। 10 साल बाद माही का पानी तो नहीं आया मगर मुख्यमंत्री द्वारा नर्मदा का पानी लाने की नई घोषणा कर दी गई। जाट ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी रतलाम नगर निगम परिषद बैठक में भाजपा बाजार बैठक वसूली का प्रस्ताव लेकर आई। कांग्रेस पार्षदों ने जब इसका विरोध किया तो प्रस्ताव को स्थगित किया गया। भाजपा सरकार में गरीब, आमजन, व्यापारी सभी परेशान है।

MP ELECTION 2023 : आज कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा का शहर में डेरा, क्या बीजेपी का गढ़ भेद पाएगी यह एंट्री?

शहर विधायक के सामने टिकट नहीं बल्कि इस बात की चिंता!, दोनों दलो के बीच चुनावी शंखनाद शुरू

पब्लिक वार्ता – रतलाम,
जयदीप गुर्जर। प्रदेश में इस वक्त विधानसभा चुनाव 2023 (MP ELECTION 2023) की तैयारियां जोर शोर से जारी है। चुनावी साल में जहां एक तरफ बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है तो वहीं दूसरी और इसी के मुकाबले कांग्रेस ने जन आक्रोश यात्रा शुरू की है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा ने गुरुवार को आलोट से जिले में प्रवेश किया। आज यात्रा शहर में अपना डेरा डालेगी। कांग्रेस का दावा है कि यह यात्रा बीजेपी के कुशासन के खिलाफ है। यात्रा की कमान बेबाक छवि रखने वाले कांग्रेस के पूर्व मंत्री और कद्दावर नेता जीतू पटवारी संभाले हुए है। यात्रा में AICC प्रभारी कुलदीप इंदौरा, MPCC जिला प्रभारी अमिताभ मंडलोई, विधायक कुणाल चौधरी व सैलाना विधायक हर्ष विजय गहलोत शामिल होंगे। बड़ा सवाल यही है की क्या आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस रतलाम में अपना परचम लहरा पाएगी? बीजेपी के लिए रतलाम शहर विधानसभा सेफ व सेक्योर सीट मानी जाती है। कहा जाता है कि यहां आंख बंद करके वोट बीजेपी में ही गिरते है। चाहे बीजेपी का उम्मीदवार कोई भी हो, इससे फर्क नहीं पड़ता। खेर कांग्रेस में फिलहाल ऐसी कोई चर्चा नहीं है जिसमें रतलाम शहर के लिए उम्मीदवार तय माना जा सके!

सवाल इसलिए भी वाजिब है क्योंकि निकाय चुनाव में सामने आए परिणाम ने सभी को चोंका दिया था। कांग्रेस के प्रत्याशी मयंक जाट ने बीजेपी के चेहरे पर चुनाव के दौरान शिकन ला दी थी। वहीं बीजेपी का वोट परसेंट भी बहुत अधिक गिर गया। जहां किसी समय 24 हजार का मार्जिन से जितने वाली बीजेपी को केवल 8 हजार पर ही संतुष्ट होना पड़ा। इसके बाद से सतर्क हो चुकी बीजेपी की हाइकमान ने रतलाम शहर को लेकर जमकर जोड़ घटाव किए है। बीजेपी विधानसभा चुनाव 2023 में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। वहीं शहर विधायक चेतन्य कश्यप भी अपने टिकट को लेकर तो आश्वस्त है मगर उन्हें चिंता अपने वोट मार्जिन की है। 2018 में इन्होंने 43 हजार से अधिक वोटों से कांग्रेस को शिकस्त दी थी। लेकिन निकाय चुनाव के बाद से यह मार्जिन बना लेना मुश्किल दिखाई पड़ता है। बहरहाल इसके बाद से राजनीति में शाम-दाम-दंड-भेद का खेल भी बीजेपी का शुरू हो चुका है। बीजेपी सीट बचाने के अलावा अपना मार्जिन बढाने या बनाने में जमकर कोशिश करेगी। वहीं कांग्रेस रतलाम शहर में कमीशनखोरी, भ्र्ष्टाचार, सड़क, सीवरेज व पानी जैसी मूलभूत समस्याओं पर बीजेपी को निशाना बनाएगी। फिलहाल देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा की तरह कांग्रेस की यह जन आक्रोश यात्रा भी फेल रहेगी या जनता इससे सच में जुड़ेगी। बकौल जनता 14 दिन पहले निकली बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा केवल कार्यकर्ता और स्वागत यात्रा बनकर ही रह गई थी। वैसे ही कहीं कांग्रेस की इस यात्रा के हाल ना हो!

MP में जनआक्रोश यात्रा : आज रतलाम में प्रेमचंद गुड्डू के नेतृत्व में कांग्रेस भरेगी हुंकार, जीतू पटवारी और कुलदीप इंदौरा भी होंगे शामिल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,
जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने ‘जन आक्रोश रैली’ की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस का दावा है कि शिवराज सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश और असंतोष को आवाज देने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। प्रदेश में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा 21सितंबर गुरुवार को शाम को रतलाम जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा का नेतृत्व पूर्व मंत्री जीतू पटवारी व प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा करेंगे। गुरुवार को शाम 5 बजे जन आक्रोश यात्रा मंदसौर से रतलाम जिले के आलोट विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। आलोट के बरखेड़ा में प्रवेश के दौरान यात्रा का स्वागत पूर्व सांसद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेमचंद गुड्डू करेंगे। प्रेमचंद गुड्डू के नेतृत्व में आलोट क्षेत्र के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित रहेंगे।

जानकारी के अनुसार बरखेड़ा में प्रवेश करने के दौरान शाम को जन आक्रोश यात्रा के पहले रथ सभा होगी। सभा को पूर्व मंत्री व राऊ विधायक जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा व पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू संबोधित करेंगे। बरखेड़ा से जनाक्रोश यात्रा कराड़िया होते हुए ताल पहुंचेगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा जगह – जगह आक्रोश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। जन आक्रोश यात्रा के ताल पहुंचने पर भी सभा का आयोजन होगा। यात्रा का रात्रि विश्राम ताल के पास अष्ट पद जैन तीर्थ पर रहेगा। यात्रा के रतलाम जिले में प्रवेश के दौरान स्वागत के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश पटेल सहित कांग्रेस नेता अजीत बोरासी, रमेश पाठक  आदि उपस्थित रहेंगे।