Ratlam News: रतलाम में देर रात लूट: माही नदी पुल के पास परिवार को चाकू की नोक पर लूटा, आधा दर्जन बदमाश फरार

रतलाम के बाजना क्षेत्र में माही नदी पुल के पास देर रात लूट की वारदात, कुशलगढ़ निवासी परिवार से नकदी और जेवरात छीने, पुलिस जांच में जुटी।

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के बाजना क्षेत्र में देर रात लूटपाट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जावरा से राजस्थान के कुशलगढ़ लौट रहे एक परिवार को बदमाशों ने रास्ते में घेरकर चाकू की नोक पर लूट लिया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

आधा दर्जन बदमाशों ने घेरकर की लूट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशलगढ़ निवासी कादर खान अपनी बेटी और तीन वर्षीय पोते के साथ बाइक से जावरा से घर लौट रहे थे। जब वे रतनपुर के पास माही नदी से करीब 9 किलोमीटर पहले पहुंचे, तभी रात करीब 12 बजे 6 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

बदमाशों ने धारदार हथियार (चाकू) दिखाकर परिवार को डराया-धमकाया। एक बदमाश ने कादर खान की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरा परिवार सहम गया।

नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज लूटे

पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब 5 हजार रुपये नकद, उनकी बेटी से 15 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और कान के टॉप्स लूटकर ले गए। इसके अलावा बाइक की चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और कपड़ों से भरा बैग सहित अन्य जरूरी सामान भी छीन लिया गया।

वाहन की लाइट देखकर भागे बदमाश

इसी दौरान बाजना की ओर से आ रही एक मैजिक पिकअप वाहन की रोशनी देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार रात करीब 1 बजे बाजना थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां रात के समय पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की तलाश

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।