रतलाम के बाल चिकित्सालय में महिला और उसके पति के साथ मारपीट का वीडियो वायरल। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, अतिक्रमण को लेकर बढ़ा विवाद।
रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के प्रमुख बाल चिकित्सालय में गुरुवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब इलाज कराने आई एक महिला और उसके पति के साथ अस्पताल परिसर में ही मारपीट कर दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
घटना का वीडियो देखे
मिली जानकारी के अनुसार, 10 माह के बच्चे का इलाज कराने पहुंचे दंपत्ति के साथ कुछ लोगों ने विवाद कर मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल परिसर के अंदर ही खुलेआम झगड़ा और हाथापाई हो रही है, जबकि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले वे लोग हैं, जिन्होंने लंबे समय से बाल चिकित्सालय और एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) के बाहर अतिक्रमण कर रखा है। ये लोग अस्पताल परिसर के आसपास डेरा जमाए हुए हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।
इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संवेदनशील माने जाने वाले इस अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर से अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।