रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कनेरी रोड स्थित एक टेंट हाउस के गोडाउन का है, जहां शुक्रवार तड़के महज 4 मिनट के भीतर तीन चोरों ने चार बाइकों पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
घटना का वीडियो देखे
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 3:48 बजे नकाबपोश तीन चोर गोडाउन परिसर में दाखिल हुए और 3:51 बजे तक (सिर्फ 4 मिनट में) अलग-अलग खड़ी चार बाइकों के लॉक मास्टर चाबी से खोलकर उन्हें स्टार्ट कर ले गए।
चोरी की बाइक से आए, दूसरी लेकर फरार
चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी जिस बाइक से मौके पर पहुंचे थे, उसे वहीं छोड़ गए और तीन अन्य बाइकें लेकर फरार हो गए। चौथी बाइक का पेट्रोल खत्म होने के कारण वे उसे गोडाउन से करीब 300 मीटर दूर छोड़कर भाग निकले।
CCTV फुटेज में कैद पूरी वारदात
गोडाउन में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीनों चोर मास्क पहने हुए हैं और बेहद शातिर तरीके से कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं।
चौकीदार और कर्मचारी सोते रहे
गोडाउन में चौकीदार और कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन वे रात 3 बजे तक काम करने के बाद सो गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
घटना के बाद पीड़ित निखिल पालीवाल जब शिकायत लेकर माणकचौक थाने पहुंचे, तो पुलिस ने इसे डीडी नगर थाना क्षेत्र का मामला बताकर टाल दिया। वहीं डीडी नगर थाने में भी सीमा विवाद को लेकर घंटों असमंजस की स्थिति बनी रही।
काफी देर बाद स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल डीडी नगर थाना क्षेत्र में आता है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।