Ratlam News: रतलाम में तलवार लहराकर हंगामा, फोटो खींचने पर युवक से मारपीट; वीडियो वायरल

रतलाम- पब्लिक वार्ता,

न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: औद्योगिक थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में हंगामा कर रहे युवकों की फोटो खींचना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और तलवार लेकर जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक तलवार और बेल्ट लेकर क्षेत्र में उत्पात मचाते नजर आ रहे हैं।

घटना का वीडियो देखे

पुलिस ने मामले में विनय पिता उदयसिंह राठौर (25), मोहित पिता सत्यानारायण डोडियार (20), रितेश पिता प्रताप विश्वकर्मा (18), रोहित उर्फ यश पिता स्व. वीरेंद्रसिंह राठौर (19), करण पिता अम्बाराम भाभर (19) और हिमांशु पिता पुष्पेन्द्रसिंह चौहान (19) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। प्रकरण में योगिता सिंह चौहान का नाम भी सामने आया है।

फरियादी तुषार पिता कृष्णमोहन शर्मा के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले हिमांशु व उसके साथी अक्सर हल्ला-गुल करते थे। बुधवार रात करीब 10 बजे युवकों की फोटो खींचने पर विवाद हुआ और आरोपितों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि हिमांशु घर से तलवार लाकर हमला करने दौड़ा, जिससे तुषार के हाथ व पैरों में चोट आई।

वहीं दूसरे पक्ष की योगिता सिंह ने भी तुषार पर मारपीट और विवाद करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।