Ratlam News: आदि गुरु शंकराचार्य ने दिया एकात्मता का संदेश – जन अभियान परिषद द्वारा रतलाम में व्याख्यानमाला आयोजित

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड रतलाम जनपद सभा कक्ष में आदि गुरु शंकराचार्य जयंती के अवसर पर एक व्याख्यानमाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकात्मता, समानता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना था। मुख्य वक्ता पंडित संजय दवे ने अपने संबोधन में कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने पूरे भारतवर्ष को एकता का संदेश दिया। उन्होंने चारों दिशाओं में मठों की स्थापना कर वेदों के ज्ञान को देशभर में फैलाया और समूची सृष्टि में समानता का भाव स्थापित करने हेतु कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज के युग में हमें ऐसे पूज्य संतों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा में आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में समाजसेवी अशोक पाटीदार ने पर्यावरण और जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए उपस्थितजनों को समाजहित में कार्य करने हेतु संकल्प दिलवाया। वहीं मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल जायसवाल ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य की योजनाओं हेतु विस्तृत कार्य योजना तैयार करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि राजेश महेश्वरी, जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, तथा विकासखंड समन्वयक शैलेन्द्र सिंह सोलंकी द्वारा समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परामर्शदाता मेघा क्षोत्रिय, राजेश सोलंकी, धनपाल शर्मा, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि नरेंद्र श्रेष्ठ, सतीश टांक, नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन हरीश सिलावट ने किया एवं आभार आशीष यादव द्वारा व्यक्त किया गया।

Ratlam News: निर्मल मेहता बने जैन सोशल ग्रुप रतलाम ज़ोन के ज़ोन कोऑर्डिनेटर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन (JSGIF) की रतलाम ज़ोन इकाई को नया ज़ोन कोऑर्डिनेटर मिल गया है। जैन सोशल ग्रुप मध्यप्रदेश रिजन के अध्यक्ष राहुल चपड़ोद ने वरिष्ठ समाजसेवी एवं JSG रतलाम सेंट्रल के पूर्व अध्यक्ष निर्मल मेहता को रतलाम ज़ोन का ज़ोन कोऑर्डिनेटर मनोनीत किया है। यह मनोनयन JSGIF के पूर्व उपाध्यक्ष दीपेन्द्र कोठारी, रिजन उपाध्यक्ष ललित कांठेड़ और कोषाध्यक्ष अमित कोठारी की अनुशंसा पर किया गया। निर्मल मेहता के इस मनोनयन पर जैन सोशल ग्रुप रतलाम सेंट्रल के वर्तमान अध्यक्ष आशीष लुनिया, पूर्व अध्यक्ष विजेन्द्र गाडिया, मनोज कटारिया, राजेन्द्र गुणावत, प्रफुल्ल लोढ़ा, दीपक दोशी, जयंतीलाल डांगी, अभय सकलेचा, उपाध्यक्ष दिनेश बरमेचा, विरेंद्र सकलेचा, सचिव अभय कोठारी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र दिया, प्रचार सचिव मनोज लोढ़ा सहित सेंट्रल ग्रुप के अनेक वरिष्ठ सदस्यों ने बधाई दी। इस अवसर पर मध्यप्रदेश रिजन के पूर्व अध्यक्ष प्रितेश गाडिया, रतलाम प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित सहसचिव नीरज बरमेचा, उपाध्यक्ष सौरभ कोठारी एवं JSG रतलाम से जुड़े सभी ग्रुप के अध्यक्षों जैसे अजय सिसोदिया, संदीप चोरडिया, राहुल नवलखा, राहुल छाजेड़, अभय मूणत, नीलेश कोठारी, रितेश मांडोत, सचिन छाजेड़, पुनीत चौरडिया तथा JSG संगिनी उमंग की रेनु लुनिया एवं संगिनी ग्रेटर की सारिका मेहता ने निर्मल मेहता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। निर्मल मेहता का सामाजिक क्षेत्र में वर्षों का अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना को देखते हुए यह दायित्व उन्हें सौंपा गया है। उनके नेतृत्व में रतलाम ज़ोन के कार्य और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी होंगे, ऐसी सभी को आशा है।

Ratlam News: वार्ड पार्षद रणजीत टांक का हुआ भव्य सम्मान समारोह, 2 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का दावा

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम नगर के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत बूथ क्रमांक 95 पर आज एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय पार्षद रणजीत टांक का वार्डवासियों द्वारा शॉल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस मौके पर वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पार्षद रणजीत टांक द्वारा अब तक किए गए विकास कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रणजीत टांक न सिर्फ एक ऊर्जावान और कर्तव्यनिष्ठ जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि हर समय वार्डवासियों की सेवा और जरूरतों के लिए तत्पर रहते हैं। अपने संबोधन में पार्षद रणजीत टांक ने कहा, “पिछले ढाई वर्षों में हमने वार्ड में दो करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए हैं। अभी दो वर्ष का कार्यकाल शेष है और मैं निरंतर सेवा व विकास कार्यों के प्रति समर्पित रहूंगा।” इस सम्मान समारोह में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, वार्ड संयोजक आकाश खड़के, बूथ अध्यक्ष विकास राजावत, वरिष्ठ कार्यकर्ता रवि पांडे, ओमप्रकाश देवड़ा, मुसाफिर खान, चांद मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही। यह आयोजन वार्ड स्तर पर भाजपा की मजबूत पकड़ और जनता से जुड़ाव को दर्शाता है, साथ ही जनप्रतिनिधि द्वारा किए गए कार्यों को लेकर जनसमर्थन का प्रमाण भी है।

Ratlam News: रतलाम के आदिनाथ सीमंधर जिनालय मंदिर पर ध्वजा चढ़ाकर हुई पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं में उत्साह

रतलाम- पब्लिक  वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राम मोहल्ला स्थित आदिनाथ सीमंधर जिनालय मंदिर में धूमधाम से ध्वजा चढ़ाने का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मंदिर के शिखर पर प्रथम ध्वजा चढ़ाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। हिम्मतनगर से पधारे पंडित रजनी भाई दोषी एवं उज्जैन से पधारे पंडित अशोक जैन, पंडित जम्बु कुमार पाटोदी तथा पंडित शशांक जैन के नेतृत्व में ध्वजा चढ़ाने की विधि संपन्न हुई। कार्यक्रम में धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ ध्वजा शुद्धिकरण कर पूजन विधान किया गया। प्रथम ध्वजा चढ़ाने का लाभ रतलाम के हीरालाल झमकलाल बड़जात्या परिवार, पारसमल सारसमल झांझरी परिवार, डॉ सुरेंद्र जैन परिवार, माणकलाल पवन गोधा परिवार एवं भीलवाड़ा निवासी विमलनयन मनीष अजमेरा परिवार ने प्राप्त किया। सुबह 7:30 बजे जिनेंद्र भगवान का सामूहिक अभिषेक किया गया। इसके पश्चात मधुर संगीत के साथ पूजन विधान संपन्न हुआ। इस धार्मिक अवसर पर तत्त्व लहर महिला मंडल की अध्यक्षा दीपा जैन, सचिव मेघना बड़जात्या, ललिता पाटोदी, श्वेता पाटनी, आभा अजमेरा सहित संस्था के अध्यक्ष राजकुमार अजमेरा, उपाध्यक्ष कीर्ति बड़जात्या, चंद्र प्रकाश मोठिया, मानमल गर्ग, नरेंद्र पाटनी, संजय गोधा, संदीप बड़जात्या, कमल पाटनी, राजेश विनायका, अनिल गोधा, महेंद्र अजमेरा, शगुन बड़जात्या आदि समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Ratlam News: 228वां निर्वाण दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया, रामद्वारा रतलाम में हुआ आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के ब्रह्मलीन प्रथम आचार्य 1008 रामचरण महाराज का 228वां निर्वाण दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा के भाव के साथ मनाया गया। रतलाम के त्रिपोलिया गेट स्थित रामद्वारा पर विजयवर्गीय वैश्य समाज द्वारा इस अवसर पर विशेष आरती, पूजन, संकीर्तन, राम नाम जाप और जीवदया हेतु पक्षियों के लिए सकोरे वितरित किए गए। गुरुदेव की साधना भूमि पर भावपूर्ण आयोजनमुख्य अतिथि संत रामरतन राम महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि वैशाख कृष्ण पक्ष पंचमी के दिन महाप्रभु रामचरण महाराज ने अपना पावन शरीर त्यागा था। यही स्थान आगे चलकर रामनिवास धाम के रूप में स्थापित हुआ और जहाँ उनकी समाधि ‘स्तंभ जी’ के नाम से जानी जाती है। उन्होंने कहा कि रामचरण महाराज ने जीवनभर निर्गुण राम की उपासना का सरल, सुगम मार्ग बताया और असंख्य लोगों का उद्धार किया। राम नाम जाप में है मुक्ति का मार्गसंत रामरतन राम ने बताया कि राम नाम जाप से आत्मबल बढ़ता है और जीवन की कठिनतम समस्याओं से भी पार पाया जा सकता है। रामस्नेही संप्रदाय की यह शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और जनमानस को मार्गदर्शन देती हैं। समाज का सहयोग रहा सराहनीयइस अवसर पर विजयवर्गीय वैश्य समाज के अध्यक्ष रत्नेश विजयवर्गीय, महिला मंडल अध्यक्ष श्रद्धा विजयवर्गीय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तनुज विजयवर्गीय, रामजस विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष कमल राजौरिया सहित समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Ratlam News: समरसता का भाव लेकर कार्य करें – विजेंद्र सिंह चौहान जन अभियान परिषद ब्लॉक रतलाम द्वारा अंबेडकर जयंती पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क । Ratlam News: जन अभियान परिषद, ब्लॉक रतलाम द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जनपद सभा कक्ष में व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, मुख्यमंत्री और परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में महापुरुषों की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उसी श्रृंखला में रतलाम ब्लॉक में भी अंबेडकर जयंती मनाई गई, ताकि उनके विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें। मुख्य अतिथि बाबूलाल मालवीय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने विचारों और आदर्शों से समाज में समानता और समरसता स्थापित करने का कार्य किया। उन्होंने सभी वर्गों को जोड़ते हुए उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया। मुख्य वक्ता विजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. अंबेडकर जैसे महापुरुष त्याग और संघर्ष के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त की और देश को एक ऐसा संविधान दिया, जो आज भी विश्व में सर्वोत्तम माना जाता है। उनके विचारों में समाज को एक सूत्र में पिरोने की शक्ति है, जिसे हमें आत्मसात करना चाहिए। विशेष अतिथि कन्हैयालाल पाटीदार ने कहा कि परिषद डॉ. अंबेडकर जैसे महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। शबरी मंडल अध्यक्ष संजय पाटीदार ने परिषद की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी, जिसमें जलगंगा संवर्धन अभियान, पक्षियों के लिए सकोर वितरण और नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम प्रमुख रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश सोलंकी ने किया और आभार ओमप्रकाश पाटीदार ने माना। अंत में विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने सभी अतिथियों को महापुरुषों के चित्र भेंट किए। इस अवसर पर नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि नरेंद्र श्रेष्ठ, जितेंद्र राव, परामर्शदाता मेघा श्रोत्रिय, हरीश सिलावट, धनपाल शर्मा सहित नगर और ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी तथा नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ratlam News: हनुमान जन्मोत्सव पर रतलाम में हुआ ऐतिहासिक आयोजन, एक लाख 11 हजार 111 हनुमान चालीसा पाठ के साथ दो वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सेवावीर सामाजिक कल्याण समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित “एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह हनुमान चालीसा पाठ” का आयोजन नगर के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। आयोजन में हजारों धर्मप्रेमी जनों की सहभागिता से यह संकल्प न केवल पूर्ण हुआ, बल्कि लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और वज्र बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहा। कार्यक्रम का आरंभ सुबह 5:30 बजे नगर के विभिन्न मोहल्लों में आतिशबाजी के साथ हुआ। इसी क्षण इंद्रदेव की कृपा स्वरूप तेज आंधी और बारिश ने आयोजन की कठिन परीक्षा ली, जिससे टेंट, फ्लेक्स और साउंड सिस्टम पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गए। परंतु सेवावीरों के आत्मविश्वास और समर्पण ने मुश्किलों को मात दी। महज आधे घंटे में संपूर्ण व्यवस्था पुनः सुसंगठित की गई और वातावरण पुनः भक्ति से ओतप्रोत हो गया। हनुमान चालीसा पाठ में नगर के समस्त सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक एवं गैर-राजनैतिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, व्यायामशालाओं, हेल्थ क्लबों, ग्रामीण जनों, एसोसिएशनों, समाज प्रमुखों तथा मातृशक्ति की विशेष भूमिका रही। बच्चों ने हनुमान जी का रूप धारण कर भक्तों का मन मोह लिया। संतों के सान्निध्य में संपन्न हुए इस आयोजन में श्रद्धालु इतने भावविभोर हुए कि हनुमान चालीसा पाठ के दौरान कई भक्तों की आंखों से अश्रुधारा स्वतः बहने लगी। संतों का स्वागत भव्य पुष्पवर्षा के साथ किया गया और वे मंचासीन होकर आयोजन को दिव्यता प्रदान करते रहे। हनुमान जी महाराज की दिव्य उपस्थिति, भक्तों की अटूट श्रद्धा और सेवावीरों की सेवा भावना ने इस कार्यक्रम को न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक एकजुटता और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सेवावीर परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, संस्थाओं और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए भक्ति, सेवा और संगठन की प्रेरणा बन कर सदैव स्मरणीय रहेगा।

Ratlam News: रत्नपुरी की धरा पर सम्पन्न हुआ महामंगलकारी अनुष्ठान, युवाओं को संस्कारवान बनाने पर दिया गया जोर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जैन दिवाकर स्मारक पर आयोजित महामंगलकारी अनुष्ठान के पावन अवसर पर पूज्या अनुष्ठान आराधिका, ज्योतिष चन्द्रिका डॉ. साध्वी कुमुदलता माताजी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए हमें अपने बच्चों को धर्म से जोड़ते हुए संस्कार शिविरों में भेजना होगा, जिसकी शुरुआत घर और समाज से करनी होगी। उन्होंने कहा कि हम रोज प्रवचन और उपदेश सुनते हैं, लेकिन उन्हें आत्मसात नहीं करते। यदि हम सप्ताह में एक बार अनुष्ठान करें, तो अपने जीवन को कल्याणकारी दिशा दे सकते हैं। पूज्या महासती महाप्रज्ञा, साध्वी पद्मकीर्ति और साध्वी राजकीर्ति ने भी अपने सुमधुर भजनों व वाणी से सभा को भावविभोर किया और गुरु के प्रति श्रद्धावान बनने का संदेश दिया। जैन दर्शन को बताया विश्व का महान दर्शन इस अवसर पर मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के केबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने जैन दर्शन को विश्व के महान दर्शनों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत आज न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में मार्गदर्शक बन चुके हैं। हमें इनके आदर्शों पर चलकर न केवल अपने जीवन का बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि का कल्याण करना चाहिए। समाज की एकजुटता से सफल हुआ आयोजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज रत्न महेन्द्र बोथरा ने कहा कि रतलाम का सौभाग्य है कि पूज्या महासतियों के सान्निध्य में ऐसा अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि समाज, महिला मंडल, बहु मंडल और नवयुवक मंडल ने जिस समर्पण से कार्यक्रम को सफल बनाया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर आशीर्वाद देने हेतु केबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप का विशेष आभार जताया। सम्मान और सहभागिता से भरा रहा कार्यक्रम कार्यक्रम के दौरान श्री वर्धमान जैन श्रावक संघ, नीमचौक द्वारा केबिनेट मंत्री कश्यप का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह में इंदरमल जैन, महेन्द्र बोथरा, ललित पटवा, अमृत कटारिया, विनोद कटारिया, आशीष डागी, सौरभ बोथरा, वीरेंद्र कटारिया सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जावरा से अभय सुराणा, निम्बाहेड़ा से कमलेश ढेलावत और नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया ने भी संबोधन दिया। अक्षय तृतीया पारणा का लाभ निम्बाहेड़ा श्री संघ को इस अवसर पर पूज्या महासतियों ने अक्षय तृतीया के पारणा का लाभ निम्बाहेड़ा श्री संघ को प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पूज्या महासतियों के दर्शन हेतु एक दिन पूर्व रतलाम पधारे थे। अनुष्ठान के प्रमुख लाभार्थी शांताकुमारी इंदरमल जैन परिवार, कमलादेवी बसंतीलाल पटवा परिवार, सिरेकुवार बापूलाल बोथरा परिवार और मगनबाई मोतीलाल डागी परिवार रहे। कार्यक्रम का संचालन गुणवंत मालवी ने किया और आभार संघ रत्न इंदरमल जैन (वकील साहब) ने प्रकट किया। इस आयोजन की जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी नीलेश बाफना द्वारा दी गई।

Ratlam News: कल हनुमान जन्मोत्सव पर 1 लाख 11 हजार 111 हनुमान चालीसा पाठ का सामूहिक आयोजन, तैयारियां पूरी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क । Ratlam News: शहर में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। सेवावीर सामाजिक कल्याण समिति द्वारा चलाए जा रहे हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ अभियान ने 185 मंगलवार पूरे कर एक नया अध्याय रच दिया है। इस बार समिति ने हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 1,11,111 हनुमान चालीसा पाठ का ऐतिहासिक संकल्प लिया है, जो न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम भी बन रहा है। पिछले वर्ष 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड, इस बार लक्ष्य तीन गुना बड़ा पिछले वर्ष सेवावीर परिवार ने 51,000 पाठों का लक्ष्य लेकर यह अभियान शुरू किया था, जिसके साथ रतलाम ने दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए। इस वर्ष संख्या लगभग तीन गुनी कर दी गई है, जो इस बात का संकेत है कि अभियान ने जन-जन में उत्साह और श्रद्धा की नई लहर पैदा की है। व्यापक प्रचार-प्रसार से जागरूकता बढ़ाने का प्रयास अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सेवावीर समिति ने विभिन्न प्रचार माध्यमों का सहारा लिया है। शहर भर में ऑटो, बस, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस पवित्र मुहिम को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। समाज के प्रबुद्धजनों से मिल रहा समर्थन समिति ने समाज के प्रमुख व्यक्तियों, संत-महात्माओं और बुद्धिजीवियों से भी आग्रह किया है कि वे वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ें। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन कर सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों का सहयोग भी लिया जा रहा है। ऐतिहासिक आयोजन में समाज की भागीदारी शहर का हर वर्ग इस ऐतिहासिक संकल्प को सफल बनाने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभा रहा है। युवाओं से लेकर वरिष्ठजनों तक में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सेवावीर समिति का मानना है कि सामूहिक प्रयास से यह धार्मिक संकल्प एक प्रेरणास्पद इतिहास रचेगा। सेवावीर परिवार का भावनात्मक आव्हान समिति ने समस्त समाजजनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का अनुरोध करते हुए कहा है कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का अवसर है। आइए, हम सभी मिलकर 1,11,111 हनुमान चालीसा पाठों के इस महान संकल्प को पूर्ण करें और रतलाम को अध्यात्म व एकता की नई पहचान दिलाएं।

Ratlam News: श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में विदुषी अंजली जोशी ने बताया भगवान नाम स्मरण का महत्व

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम स्थित कालिका माता मंदिर परिसर के सत्संग हॉल में गोयल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के तीसरे दिन विदुषी अंजली जोशी (बेटमा) ने श्रद्धालुओं को भगवान नाम स्मरण की महिमा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रतलाम की पवित्र सरस्वती नदी के तट पर वेदव्यास जी ने नारद जी की प्रेरणा से भगवान के नाम की महिमा को जानकर भगवान श्रीगणेश की सहायता से 18 हजार श्लोकों की श्रीमद्भागवत महापुराण की रचना की थी। विदुषी जोशी ने श्रद्धालुओं से कहा कि सच्चे मन से भगवान का नाम लेने मात्र से ही जीव का कल्याण हो जाता है। जब भक्त भावपूर्वक भगवान को अपने जीवन में स्थान देता है और उनसे मन की बात करता है, तब भगवान भी अपने भाव प्रकट करने लगते हैं। उन्होंने श्रीनाथ जी के अष्टसखाओं में से एक भक्त कुम्भनदास जी की कथा सुनाई, जिसमें बताया कि कैसे ठाकुरजी स्वयं उनसे बात करते थे और उनकी इच्छाएं पूरी करते थे। एक प्रसंग में श्रीनाथजी ने लीला करते हुए कुम्भनदास जी के कंधे पर चढ़कर एक गोपी के घर से माखन चुराया था। कथा में उन्होंने महाभारत के प्रसंगों का वर्णन करते हुए परीक्षित महाराज के जन्म, कलियुग के आगमन और शुकदेव मुनि द्वारा भागवत कथा श्रवण की कथा भी विस्तार से समझाई। वामन अवतार का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि यह भगवान विष्णु का पांचवां अवतार था, जो त्रेता युग में हुआ था। जब असुर राजा बलि ने देवताओं को पराजित कर स्वर्ग लोक पर अधिकार कर लिया, तब भगवान विष्णु ने देवमाता अदिति के गर्भ से वामन रूप में अवतार लिया। वामन द्वादशी के अवसर पर भगवान वामन का प्राकट्य उत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि समय को कोई रोक नहीं सकता, समय के साथ चलना ही सफलता की कुंजी है। यदि कोई व्यक्ति स्वर्ण या धातु का आभूषण खरीदता है, तो उसे पहले भगवान को अर्पण करना चाहिए ताकि उसमें जो भी दोष हों, वे समाप्त हो जाएं। इंद्रियों व सांसों पर नियंत्रण रखने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफल होता है। कथा का शुभारंभ प्रदीप गोयल, दिलीप गोयल, सत्यनारायण तथा कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट द्वारा पोथी पूजन से हुआ। अंत में आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। आज विशेष प्रवचनट्रस्ट उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट ने बताया कि 10 अप्रैल, गुरुवार की शाम महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानंद सरस्वती जी का रतलाम आगमन होगा। सायं 6 से 7 बजे तक कालिका माता सत्संग हॉल में स्वामी जी के विशेष प्रवचन होंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।