रतलाम- पब्लिक वार्ता,
न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के नामली थाना क्षेत्र के पलदूना गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही नामली थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
WATCH VIDEO
टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान प्रभुलाल भील के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता है। ग्रामीणों के मुताबिक वह पहले भी दो बार मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया था। प्रभुलाल मूल रूप से बजाना क्षेत्र के कागलीखोरा का निवासी है और पिछले करीब 20 वर्षों से पलदूना गांव में रहकर मजदूरी कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रभुलाल नशे की हालत में था और टावर पर चढ़कर कह रहा था कि वह “टावर चेक करके” नीचे आएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश दी, लेकिन वह तुरंत नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास भीड़ को दूर किया और सतर्कता बरती। बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में वह नीचे नहीं उतरा, लेकिन जब पुलिस ने दूरी बनाई तो वह शाम करीब 4 बजे सुरक्षित नीचे आ गया।
नीचे उतरते ही पुलिस उसे थाने ले गई, जहां आवश्यक पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान सावधानी बरती गई, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।