T20 World Cup Final: भारत की जीत पर T20 रंगपंचमी में घुला जश्न, रतलाम में आतिशबाजी

T20 World Cup Final: भारत ने T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया। रंगपंचमी के दिन रतलाम में लोगों ने तिरंगा लहराकर, रंग-गुलाल और आतिशबाजी के साथ मनाया जीत का जश्न। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। T20 World Cup Final: रंगों के पर्व रंगपंचमी के उल्लास के बीच भारत की ऐतिहासिक जीत ने जश्न का माहौल और भी खास बना दिया। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। जैसे ही टीम इंडिया की जीत पक्की हुई, रात करीब 11 बजे शहरभर में उत्सव का माहौल बन गया। वीडियो देखे रविवार को सुबह से ही शहर में रंगपंचमी की गेर और रंग-गुलाल का माहौल था। वहीं शाम होते ही क्रिकेट प्रेमी फाइनल मुकाबला देखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जुटने लगे। शहर के दो बत्ती चौराहा, रेलवे स्टेशन परिसर और अलकापुरी सहित कई जगहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही भारत ने फाइनल मुकाबला जीता, शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। युवक-युवतियां, महिलाएं, पुरुष और बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “इंडिया-इंडिया” के नारे लगाते नजर आए। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोगों ने नाचते-गाते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। रंगीन आतिशबाजी और पटाखों से आसमान जगमगा उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और रंग-गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि रंगपंचमी के दिन मिली यह जीत लंबे समय तक यादगार रहेगी। रंगों के पर्व और क्रिकेट की इस ऐतिहासिक जीत के अनोखे संगम ने पूरे देश के साथ रतलाम शहर में भी रविवार की रात को उत्सव में बदल दिया।

MP News: क्रिकेट मैच की जीत का जश्न बना बवाल, पथराव-आगजनी के बाद इलाके में शांति, 13 आरोपी गिरफ्तार

महू/इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में भारतीय क्रिकेट टीम की चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में जीत का जश्न अचानक हिंसा में बदल गया। जुलूस के दौरान पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने सेना की क्विक रिस्पांस टीम को तैनात किया है। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।   कैसे भड़की हिंसा?   भारतीय टीम की जीत के बाद 100 से ज्यादा लोग 50 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जश्न मनाने निकले थे। जब यह जुलूस जामा मस्जिद के पास पहुंचा, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पथराव शुरू हो गया और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी गई।   मस्जिद के बाहर पटाखों से बिगड़ा माहौल   इंदौर ग्रामीण एसपी हितिका वसल ने बताया कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने मस्जिद के बाहर पटाखे फोड़े, जिससे विवाद की स्थिति बन गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे।   इलाके में भारी पुलिस बल तैनात   हिंसा के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महू के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया। कलेक्टर आशीष सिंह के अनुसार, स्थिति को देखते हुए सेना की 8 टुकड़ियां भी इलाके में तैनात कर दी गई हैं।    15 वाहन क्षतिग्रस्त, 6 से ज्यादा गाड़ियों में आग   मार्केट चौक, जामा मस्जिद, बतख मोहल्ला, धान मंडी और पत्ती बाजार सहित कई इलाकों में हिंसा फैल गई। इस दौरान 15 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिनमें से 6 से ज्यादा गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।   13 लोग हिरासत में, फुटेज के आधार पर और गिरफ्तारियां होंगी   हिंसा के मामले में पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। महू थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है।   फिलहाल शांति, पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी   अधिकारियों का कहना है कि हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।