Ratlam News: नव युवा मंच परिवार का 20वां गरबा महोत्सव : सांस्कृतिक धरोहर संग आरएसएस शताब्दी वर्ष पर विशेष साज-सज्जा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नवरात्रि के पावन अवसर पर डोसीगांव स्थित नव युवा मंच परिवार द्वारा भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन लगातार 20वें वर्ष संपन्न हो रहा है, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। समिति के सदस्य सोहम कटारिया ने बताया कि इस वर्ष गरबा पंडाल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सजाया गया है। पंडाल में भारत माता, आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार, गुरुजी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजगुरु, सुखदेव, भगत सिंह, आदिवासी नायक टांट्या मामा, राणा पूंजा भील तथा चार साहिबजादों के चित्र लगाए गए हैं। ये प्रेरणादायी झांकियां श्रद्धालुओं और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी क्षेत्र की बालिकाओं ने गरबा नृत्य प्रस्तुत कर नवरात्र उत्सव को जीवंत बना दिया। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालु भी इस भव्य आयोजन का आनंद ले रहे हैं। फोटो – गरबा पंडाल में मौजूद आयोजन समिति के सदस्य

Ratlam News: रतलामी सेव की कीमतों पर उठा सवाल: जीएसटी दर घटने के बावजूद दाम क्यों नहीं कम हुए?

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: केंद्र सरकार द्वारा नमकीन पर जीएसटी दर 12 से 18% से घटाकर सिर्फ 5% कर दिए जाने के बावजूद रतलामी सेव और नमकीन के दामों में कोई कमी नहीं होने का मुद्दा अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने उठाया है। मंगलवार को ग्राहक पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने नमकीन निर्माता एवं विक्रेता संघ के प्रतिनिधि और भाजपा नेता मनोहर पोरवाल से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मालवा प्रांत उपाध्यक्ष अनुराग लोखंडे, महेंद्र भंडारी, श्याम ललवानी, सत्येंद्र जोशी, कमलेश मोदी, पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला आदि शामिल थे। लोखंडे ने बताया कि 22 सितंबर से नमकीन निर्माण में उपयोग होने वाली सभी वस्तुओं पर जीएसटी दर सिर्फ 5% रह गई है। इसके बावजूद रतलामी नमकीन के दाम कम नहीं होना ग्राहकों को राहत देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की मंशा के विपरीत है। भाजपा नेता ने दिलाया आश्वासन चर्चा के दौरान भाजपा नेता पोरवाल ने कहा कि रतलाम में नमकीन व्यवसायियों का कोई औपचारिक एसोसिएशन नहीं है, फिर भी वे सभी व्यवसायियों से चर्चा कर दाम कम करने और ग्राहकों को राहत दिलाने की दिशा में प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि रतलामी सेव के नाम पर बाहरी ब्रांड और उत्पादक मुनाफा कमा रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यवसायी नुकसान में हैं। रेलवे स्टेशन पर बाहरी को ठेका, उठी आपत्ति ग्राहक पंचायत ने यह भी मुद्दा उठाया कि रतलाम रेलवे स्टेशन पर रतलामी सेव बेचने का ठेका बाहरी व्यक्ति को दे दिया गया है, जिसके उत्पाद की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। इससे न केवल ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है बल्कि रतलाम का नाम भी खराब हो रहा है।ग्राहक पंचायत जल्द ही डीआरएम से मुलाकात कर मांग करेगी कि स्टेशन पर रतलामी सेव की बिक्री का अधिकार केवल स्थानीय व्यवसायियों को दिया जाए, क्योंकि रतलाम को इस सेव के लिए जीआई टैग भी प्राप्त है। मुनाफे का गणित: 120 से 225 रुपए लागत, लेकिन 300 तक कीमत रतलाम में सेव की कीमतों में भारी अंतर देखने को मिलता है। कहीं 140 रुपए किलो, तो कहीं 280-300 रुपए किलो तक सेव बिक रही है।ग्राहक पंचायत द्वारा की गई विशेषज्ञ चर्चा के अनुसार — ग्राहक पंचायत का कहना है कि गुणवत्ता और कीमतों में यह भारी अंतर रतलामी सेव की साख को नुकसान पहुंचा रहा है।

Ratlam News: जैन पब्लिक स्कूल रावटी के प्राचार्य पर SLC न देने और अभद्र व्यवहार का आरोप, थाना प्रभारी को दी शिकायत

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के रावटी थाना क्षेत्र से बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ जैन पब्लिक स्कूल रावटी के प्राचार्य एवं डायरेक्टर पर छात्र की एस.एल.सी. (School Leaving Certificate) न देने और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रावटी निवासी ईश्वरलाल गुर्जर ने थाना प्रभारी रावटी एवं संकुल प्राचार्य को शिकायती आवेदन दिया है। शिकायत में बताया गया कि वह अपने भतीजे गुरमीत पिता मेहरबान गुर्जर की एस.एल.सी. लेने के लिए दोपहर करीब 12 बजे स्कूल पहुँचे थे। आरोप है कि स्कूल प्राचार्य एवं डायरेक्टर ने एस.एल.सी. देने से साफ इंकार कर दिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए चांटा मारा, जिससे उनका मोबाइल गिर गया। इतना ही नहीं, उन्हें ऑफिस से बाहर निकालते हुए धमकी दी गई कि, “मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे, मेरा पति कमिश्नर है, एक फोन पर यहाँ आ जाएँगे।” पीड़ित ने मामले में स्कूल की मान्यता निरस्त करने और प्राचार्य एवं डायरेक्टर के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

0%