Ratlam News: रतलाम डबल मर्डर: शादी के विवाद में चाकूबाजी, बीच-बचाव करने आए दो युवकों की मौत

रतलाम में डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया। शादी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो युवकों की मौत और एक गंभीर घायल। जानिए पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम में रविवार रात एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ विवाद देर रात चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला? यह घटना रतलाम के जीआरपी थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड रेलवे क्वार्टर के पास की है। मृतकों की पहचान आनंद (पिता गोविंद रावत) और शाहबाज उर्फ आशु (पिता आफताब खान) के रूप में हुई है। वहीं, 22 वर्षीय पीयूष गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि एक शादी के जुलूस में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात फिर से विवाद भड़क गया। बीच-बचाव करना पड़ा भारी घायल पीयूष के अनुसार, वह अपने चचेरे भाई आनंद और शाहबाज के साथ शंकर मंदिर के पास मौजूद था। तभी रोजर बिन्नी नामक युवक ने आकर बताया कि उसका मुन्ना और रोहित खंडकर से विवाद हो गया है। कुछ ही देर में मुन्ना, रोहित और उनके साथी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीयूष और उसके साथियों ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। सीने, पेट और पीठ पर किए ताबड़तोड़ वार पीयूष ने बताया कि मुन्ना ने उसके सिर पर ईंट से हमला किया। इसके बाद रोहित ने आनंद के सीने और पेट पर चाकू से वार किए। शाहबाज जब बचाने दौड़ा तो आरोपियों ने उसकी पीठ पर भी चाकू घोंप दिया। हमलावर यहीं नहीं रुके—उन्होंने पीयूष के गले पर भी वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत घटना के बाद रोजर बिन्नी ने बीच-बचाव कर घायलों को आरोपियों से छुड़ाया। तीनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया। घायल पीयूष को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस जांच और कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र थाने ने इस मामले में जीरो पर केस दर्ज कर जांच जीआरपी को सौंप दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।